July 13, 2026

Bhopal Crime: ऑटो में बैठे बदमाशों ने चंद मिनटों में बुजुर्ग के बैग से उड़ाए आठ लाख के जेवर, चालक पर भी शक

राजधानी के बागसेवनिया इलाके में सफर के दौरान एक बुजुर्ग के साथ सनसनीखेज वारदात सामने आई है। ऑटो में सवारी बनकर बैठे तीन शातिर बदमाशों ने चंद मिनटों में एक बुजुर्ग को अपना शिकार बना लिया और उनके बैग से करीब आठ लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरातों से भरा डिब्बा पार कर रफूचक्कर हो गए। चोरी का अहसास होने पर 71 वर्षीय बुजुर्ग ने हौसला दिखाते हुए एक लोडिंग ऑटो से बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन आरोपी एक अपार्टमेंट की गलियों का फायदा उठाकर भागने में कामयाब रहे।



पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पेबल वे कॉलोनी निवासी मोतीलाल पटेल (71 वर्ष) सिंचाई विभाग से सेवानिवृत्त हैं। वह रेवांचल एक्सप्रेस से सफर कर रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। स्टेशन से उन्होंने अपने घर (पेबल वे कॉलोनी) जाने के लिए एक ऑटो किराए पर लिया। हैरानी की बात यह है कि वारदात बागसेवनिया थाने के बिल्कुल नजदीक हुई। थाने के पास ही ऑटो चालक ने तीन अन्य युवकों को सवारी के रूप में ऑटो में बैठा लिया। बैठते ही बदमाशों ने योजना के तहत बुजुर्ग मोतीलाल का बैग पीछे की तरफ खिसका दिया। बुजुर्ग जब तक कुछ समझ पाते, तब तक बदमाशों ने कटर या हाथ की सफाई से बैग में रखा जेवर का डिब्बा निकाल लिया। कुछ दूर आगे जाने पर जब मोतीलाल ने अपना बैग संभाला, तो उनके होश उड़ गए गहनों का डिब्बा गायब था।

विज्ञापन



ये भी पढ़ें- Datia By Election: दतिया की सियासत में 'रावण' वाली टिप्पणी से भूचाल, दिग्विजय के बयान पर सीएम मोहन का पलटवार

विज्ञापन



बुजुर्ग ने दिखाया साहस


गहने गायब देख मोतीलाल को तुरंत साथ बैठे तीनों युवकों पर शक हुआ, जो उसी वक्त ऑटो रुकवाकर उतरने लगे थे। बुजुर्ग ने तुरंत हिम्मत दिखाई और एक पास से गुजर रहे लोडिंग ऑटो वाले से मदद मांगकर बदमाशों का पीछा शुरू किया। उन्होंने यूनियन बैंक के पास तीनों संदिग्धों को देखा भी, लेकिन इससे पहले कि उन्हें पकड़ा जाता, तीनों बदमाश एक रिहायशी अपार्टमेंट के संकरे रास्तों से होकर गायब हो गए। पीड़ित मोतीलाल पटेल के मुताबिक, चोरी गए जेवर उनकी बहू के थे। वारदात में पुलिस ऑटो चालक की भूमिका को भी संदिग्ध मान रही है, क्योंकि उसने बिना सवारी की सहमति के संदिग्ध युवकों को गाड़ी में बैठाया था। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर इलाके के सभी सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू कर दिए हैं और दावा किया है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।