
BEML में 1,346 अप्रेंटिस पदों पर भर्ती.
भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड (BEML) ने ITI, डिप्लोमा और ग्रेजुएट युवाओं के लिए अप्रेंटिसशिप का शानदार मौका दिया है. कंपनी ने बैंगलोर, मैसूर, केजीएफ और पालक्काड स्थित अपने मैन्युफैक्चरिंग कॉम्प्लेक्स में कुल 1,346 अप्रेंटिस पदों पर भर्ती निकाली है. यह ट्रेनिंग एक साल की होगी और चयनित उम्मीदवारों को हर महीने स्टाइपेंड भी दिया जाएगा. खास बात यह है कि भर्ती में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों को किसी लिखित परीक्षा या इंटरव्यू से नहीं गुजरना होगा. आवेदन प्रक्रिया 18 अगस्त 2026 से शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार 8 सितंबर 2026 रात 11 बजे तक आवेदन कर सकते हैं.
चार कॉम्प्लेक्स में 1,346 पद
BEML की इस अप्रेंटिस भर्ती में सबसे ज्यादा 608 पद केजीएफ कॉम्प्लेक्स के लिए रखे गए हैं. इसके अलावा बैंगलोर में 400, मैसूर में 227 और पालक्काड में 111 पदों पर उम्मीदवारों को प्रशिक्षण दिया जाएगा. भर्ती में ITI, डिप्लोमा और ग्रेजुएट अप्रेंटिस के पद शामिल हैं.
ITI अप्रेंटिस के लिए फिटर, टर्नर, मशीनिस्ट, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन और डीजल मैकेनिक जैसे ट्रेड में 1 या 2 साल का फुल-टाइम ITI प्रमाणपत्र जरूरी है. डिप्लोमा अप्रेंटिस के लिए मैकेनिकल, सिविल, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, कंप्यूटर साइंस आदि विषयों में 3 साल का फुल-टाइम डिप्लोमा होना चाहिए. वहीं ग्रेजुएट अप्रेंटिस के लिए संबंधित इंजीनियरिंग ब्रांच में B.E./B.Tech या B.Sc, B.Com, BCA और BBA जैसी डिग्री मांगी गई है.
एज लिमिट क्या है?
आवेदन के लिए उम्मीदवार की उम्र 8 सितंबर 2026 को कम से कम 17 साल होनी चाहिए. SC, ST, OBC और PwD वर्ग के अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी.
सेलेक्शन प्रोसेस क्या है?
इस भर्ती में कोई लिखित परीक्षा और इंटरव्यू नहीं होगा. उम्मीदवारों का चयन शैक्षणिक योग्यता और दस्तावेजों के सत्यापन के आधार पर किया जाएगा. आवेदन के लिए कोई शुल्क भी नहीं लिया जाएगा.
स्टाइपेंड कितना मिलेगा?
चयनित ग्रेजुएट अप्रेंटिस को ₹12,300, डिप्लोमा अप्रेंटिस को ₹10,900 और ITI अप्रेंटिस को ट्रेड के अनुसार ₹9,600 से ₹10,560 तक मासिक स्टाइपेंड मिलेगा.
ऐसे करें आवेदन
ITI उम्मीदवारों को पहले NAPS पोर्टल पर, जबकि डिप्लोमा और डिग्री उम्मीदवारों को NATS पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करना होगा. इसके बाद BEML की वेबसाइट के करियर सेक्शन में जाकर Apprentice Recruitment 2026 लिंक से आवेदन करें. फॉर्म में जरूरी जानकारी भरकर दस्तावेज अपलोड करें, पसंदीदा कॉम्प्लेक्स चुनें और 8 सितंबर 2026 रात 11 बजे से पहले आवेदन जमा कर दें. भविष्य के लिए आवेदन का प्रिंटआउट सुरक्षित रखना भी जरूरी है.

सपना यादव
दिल्ली में जन्मीं सपना यादव TV9 भारतवर्ष डिजिटल में बतौर असिस्टेंट प्रड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं. पत्रकारिता जगत में 4 वर्षों से ज्यादा के अनुभव के साथ काम जारी है. ह्यूमन इंटरेस्ट, राजनीति, वर्ल्ड, एजुकेशन, नॉलेज, करंट अफेयर्स से जुड़ी खबरों में खास दिलचस्पी रखती हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी से BA Hons. हिस्ट्री की पढ़ाई करने के बाद उन्होंने पत्रकारिता को लक्ष्य बनाया, फिर जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा इन टीवी जर्नलिज्म किया, जामिया से ही हिस्ट्री में मास्टर्स भी किया और फिर इसके बाद गुरु जम्बेश्वर साइंस एंड टेक्नोलॉजी यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में मास्टर्स किया. मास कम्यूनिकेशन में पत्रकारिता की डिग्री लेने के बाद जमीनी स्तर पर खबरों के महत्व को समझा. इसके बाद उन्होंने बतौर ट्रेनी TV9 भारतवर्ष डिजिटल में एक साल तक काम किया. ट्रेनी के दौरान अलग-अलग तरह की खबरों का अनुभव लेने के बाद TV9 भारतवर्ष डिजिटल में असिस्टेंट प्रड्यूसर के पद पर काम शुरू किया. यहां पर एंकरिंग, वॉइस ओवर, वीडियो प्रोडक्शन, न्यूज राइटिंग जैसे काम किए. इस समय वह एजुकेशन डेस्क पर कार्यरत हैं और स्टूडेंट्स के लिए करियर से जुड़े विकल्पों, बोर्ड परीक्षाओं, नौकरियों और प्रतियोगी परीक्षाओं और यूनिवर्सिटीज की महत्वपूर्ण जानकारियों को कवर कर रही हैं. सपना यादव को ट्रेवल करना, लिखना- पढ़ना पसंद है और वो प्रकृति को करीब से महसूस करना ज्यादा पसंद करती हैं. पत्रकारिता में सफर अभी जारी है.
Read More