August 21, 2026

BCI के चैयरमैन के खिलाफ SC में याचिका दायर, मनन कुमार मिश्रा के कार्यकाल को चुनौती

BCI के चैयरमैन के खिलाफ SC में याचिका दायर, मनन कुमार मिश्रा के कार्यकाल को चुनौती

BCI के चैयरमैन के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिकाImage Credit source: PTI (फाइल फोटो)

NALSAR विवाद के बाद बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) के चेयरमैन मनन कुमार मिश्रा के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की गई है. याचिका में BCI चेयरमैन के तौर पर मनन कुमार मिश्रा के कार्यकाल को चुनौती दी गई है. याचिका में BCI के फाइनेंस और लॉ कॉलेज के ऑडिट की भी मांग की गई है. वकील योगमाया एमजी ने सुप्रीम कोर्ट में यह याचिका दायर की है. याचिका में बताया गया है कि मनन कुमार मिश्रा पहली बार 2012 में BCI चेयरमैन बने थे.

फिर साल 2014 में कुछ समय के लिए पद छोड़ने के बाद वो नवंबर 2014 में फिर से इस पद पर लौटे और तब से चेयरमैन बने हुए हैं, मार्च 2025 में उन्हें फिर से निर्विरोध चुना गया. याचिकाकर्ता का कहना है कि यह उनका लगातार सातवां कार्यकाल है. याचिका में मुख्य चुनौती BCI द्वारा अप्रैल 2025 में बताए गए पांच साल के कार्यकाल को लेकर है. गैजेट नोटिफिकेशन में मनन मिश्रा का कार्यकाल 17 अप्रैल 2025 से 16 अप्रैल 2030 तक बताया गया है.

2 साल का होता है चेयरमैन और वाइस-चेयरमैन का कार्यकाल

याचिकाकर्ता का तर्क है कि BCI नियमों के नियम 12(2) के तहत चेयरमैन और वाइस-चेयरमैन का कार्यकाल दो साल का होता है या सदस्यता खत्म होने तक, इनमें से जो भी पहले हो. याचिका में कहा गया है कि कोई प्रशासनिक नोटिफिकेशन नियमों में तय सीमा से ज्यादा कार्यकाल नहीं बढ़ा सकता.

याचिकाकर्ता ने क्या दिया है तर्क?

याचिकाकर्ता इस तर्क को भी चुनौती देता है कि उत्तराधिकारियों के निर्वाचित होने तक बीसीआई सदस्यों का पद पर बने रहना अध्यक्ष को अनिश्चित काल तक पद पर बने रहने की अनुमति देता है. याचिकाकर्ता का तर्क है कि अधिवक्ता अधिनियम की धारा 4(3) का नियम केवल एक संक्रमणकालीन प्रावधान है. यह अध्यक्ष के अलग कार्यकाल को नहीं बढ़ाता है. याचिका में यह आदेश देने की भी मांग की गई है कि मनन मिश्रा और उपाध्यक्ष पद छोड़ दें और स्वतंत्र पर्यवेक्षण के तहत एक निश्चित समय सीमा के भीतर नए चुनाव कराए जाएं.

ये भी पढ़ें: 2005 के सोहराबुद्दीन फर्जी एनकाउंटर केस में नया मोड़, हाईकोर्ट के फैसले को SC में चुनौती

पीयूष पांडे

पीयूष पांडे

प्रमुखत: सुप्रीम कोर्ट, वित्त मंत्रालय और भारतीय निर्वाचन आयोग की खबरों की जिम्मेदारी. पत्रकारिता में 22 वर्षों से ज्यादा का अनुभव. हिंदुस्तान, अमर उजाला, दैनिक भास्कर और आज में सेवाएं दीं. खबरिया चैनल और अखबार के अलावा दैनिक भास्कर के डिजिटल प्लेटफॉर्म में जिम्मेदारी निभाई, जबकि ऑल इंडिया रेडियो के आमंत्रण पर कई विशिष्ट जनों के साक्षात्कार किए.

Read More

google button