स्वर्गीय निलेश पवार की स्मृति में BCCL-2026 Season-12 रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन होगा। 14 सितंबर से पंजीयन, विजेता को ₹1,00,012 पुरस्कार।
BCCL-2026 Season-12
- Published: 08 Sep 2026, 08:42 PM IST
- Last Updated: 08 Sep 2026, 08:42 PM IST
सुमित बड़ाई- बांदे। क्षेत्र के क्रिकेट प्रेमियों और युवा खिलाड़ियों के लिए एक बार फिर रात्रिकालीन क्रिकेट का रोमांच देखने को मिलेगा। स्वर्गीय निलेश पवार जी की स्मृति में BCCL-2026 Season-12 टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता के मुकाबले इंदिरा स्टेडियम बांदे में दूधिया रोशनी के बीच खेले जाएंगे। इसके लिए टीमों और खिलाड़ियों का पंजीयन 14 सितंबर 2026 से शुरू होगा।
BCCL का यह आयोजन अपने 12वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। इस बार प्रतियोगिता को आईपीएल की तर्ज पर आयोजित करने की तैयारी है। आयोजन को लेकर क्षेत्र के खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह है।
आईपीएल की तर्ज पर होगा टूर्नामेंट
प्रतियोगिता में टीमों के लिए सीमित स्लॉट रखे गए हैं। खास बात यह है कि कोयलीबेड़ा और दुर्गूकोंदल ब्लॉक के स्थानीय खिलाड़ियों को इसमें खेलने का अवसर मिलेगा। वहीं प्रत्येक टीम मालिक अपनी पसंद का एक आइकॉन खिलाड़ी किसी भी क्षेत्र से टीम में शामिल कर सकेगा। इस व्यवस्था से स्थानीय युवा खिलाड़ियों को अनुभवी खिलाड़ियों के साथ खेलने का मौका मिलेगा और मुकाबलों का रोमांच भी बढ़ेगा।
विजेता को 1 लाख रुपये से ज्यादा की पुरस्कार राशि
BCCL-2026 Season-12 में विजेता टीम को ₹1,00,012 और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को ₹50,012 और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। इसके अलावा प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी उनके प्रदर्शन के आधार पर सम्मानित किया जाएगा।
टीम और खिलाड़ियों के लिए शुल्क निर्धारित
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए टीम ओनरशिप फीस ₹7,999, सामान्य खिलाड़ी फीस ₹300 और आइकॉन खिलाड़ी के लिए ₹599 शुल्क निर्धारित किया गया है। सभी प्रतिभागियों के लिए आयोजन समिति द्वारा निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करना अनिवार्य होगा।
BCCL SPORTS YouTube चैनल पर होगा लाइव प्रसारण
रात्रिकालीन मुकाबलों का सीधा प्रसारण BCCL SPORTS YouTube चैनल के माध्यम से किया जाएगा। इससे मैदान पर मौजूद दर्शकों के साथ-साथ क्षेत्र से बाहर रहने वाले क्रिकेट प्रेमी भी मैचों का लाइव आनंद ले सकेंगे। आयोजन समिति के मुताबिक लाइव प्रसारण के माध्यम से स्थानीय खिलाड़ियों को व्यापक मंच और पहचान दिलाने का भी प्रयास किया जाएगा।
निलेश पवार की स्मृति को समर्पित है आयोजन
BCCL-2026 Season-12 को स्वर्गीय निलेश पवार जी की स्मृति को समर्पित किया गया है। आयोजन समिति का कहना है कि प्रतियोगिता के जरिए उनकी स्मृतियों को सम्मान देने के साथ ही क्षेत्र के युवाओं को खेल से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। समिति ने कोयलीबेड़ा और दुर्गूकोंदल ब्लॉक के खिलाड़ियों, टीम मालिकों, युवाओं और क्रिकेट प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिता से जुड़ने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)