August 25, 2026

अब अंडमान-निकोबार में भी गूंजेगा क्रिकेट का शोर! BCCI AGM में लिया जाएगा बड़ा फैसला

अब अंडमान-निकोबार में भी गूंजेगा क्रिकेट का शोर! BCCI AGM में लिया जाएगा बड़ा फैसला

अंडमान-निकोबार में भी गूंजेगा क्रिकेट का शोर. (फोटो- GETTY)

BCCI Annual General Meeting: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की 95वीं एनुअल जनरल मीटिंग(AGM) का आयोजन 18 सितंबर 2026 को मुंबई स्थित बोर्ड ऑफिस में किया जाएगा. इस दौरान भारतीय क्रिकेट के नक्शे पर एक नया और ऐतिहासिक अध्याय जोड़ने की तैयारी कर रहा है. केंद्र शासित प्रदेश अंडमान-निकोबार द्वीप समूह को बीसीसीआई की एसोसिएट सदस्यता देने का प्रस्ताव इस मीटिंग के अहम एजेंडा में शामिल किया गया है. इस मीटिंग के लिए बीसीसीआई ने सभी सदस्य संघों को नोटिस भेजकर उनकी राय मांगी है.

अंडमान-निकोबार में भी गूंजेगा क्रिकेट का शोर

देश के आठ केंद्र शासित प्रदेशों में से दिल्ली, जम्मू-कश्मीर और चंडीगढ़ जैसे क्षेत्रों की टीमें लगातार बीसीसीआई के घरेलू टूर्नामेंट्स में खेलती हैं. लेकिन 800 से ज्यादा द्वीपों वाले अंडमान-निकोबार के पास अब तक बीसीसीआई से मान्यता प्राप्त कोई आधिकारिक टीम नहीं है. स्थानीय अंडमान-निकोबार क्रिकेट एसोसिएशन सिर्फ रीजनल प्रतियोगिताओं की देखरेख करती रही है. यह पहला मौका होगा जब देश की सबसे बड़ी क्रिकेट संस्था इस द्वीप समूह के क्रिकेट ढांचे को औपचारिक रूप से अपने कंट्रोल में लेने पर विचार कर रही है.

बड़े टूर्नामेंट में खेलने का खुलेगा रास्ता

अगर एजीएम में इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल जाती है, तो इसके कई बड़े फायदे होंगे. अंडमान-निकोबार की अपनी आधिकारिक टीम बनेगी, जिसे रणजी ट्रॉफी, विजय हजारे ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जैसे नेशनल टूर्नामेंट में खेलने का मौका मिलेगा. वहीं, बीसीसीआई यहां क्रिकेट एकेडमी, कोचिंग सुविधाओं और स्टेडियमों का विकास करेगा, जिससे लोकल खिलाड़ियों को निखारा जा सकेगा. वर्तमान में बीसीसीआई के घरेलू टूर्नामेंट्स में 38 टीमें हिस्सा लेती हैं, जो इस फैसले के बाद बढ़ सकती हैं.

इन बड़े मुद्दों पर भी लिया जाएगा फैसला

इस मीटिंग के दौरान इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले अधिकारी के नामांकन पर आखिरी फैसला लिया जाएगा. इसके अलावा, जनरल बॉडी की ओर से आईपीएल गवर्निंग काउंसिल के लिए दो प्रतिनिधियों का चुनाव होगा. वहीं, इंडियन क्रिकेटर्स एसोसिएशन (ICA) के एक प्रतिनिधि को भी औपचारिक रूप से आईपीएल गवर्निंग काउंसिल में शामिल किया जाएगा.

मोहिद खान

मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More

google button