July 30, 2026

अजिंक्य रहाणे के रिटायरमेंट पर सचिन-पुजारा समेत किसने क्या कहा? BCCI ने भी किया रिएक्ट

Jul 30, 2026 05:09 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

Follow us on Google News

share

Ajinkya Rahane Retirement:  अजिंक्य रहाणे 2011 से 2013 तक इंटरनेशनल क्रिकेट में एक्टिव रहे। अनुभवी बल्लेबाज रहाणे ने अपने करियर में कुल 195 इंटरनेशनल मुकाबले खेले।

Ajinkya Rahane Retirement

अजिंक्य रहाणे (फाइल फोटो)

38 वर्षीय बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने गुरुवार को इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया। उन्होंने 85 टेस्ट, 90 वनडे और 20 टी20 इंटरनेसनल मैच खेले। वह लंबे समय से भारतीय टीम से बाहर चल रहे थे। रहाणे ने आखिरी इंटरनेशनल मैच 2023 में खेला था। रहाणे ने टेस्ट में 38.46 की औसत से 5077 रन बनाए, जिसमें 12 शतक और 26 अर्धशतक हैं। उन्होंने 90 वनडे में 35.26 की औसत से 2962 रन बटोरे। रहाणे के इंटरनेशनल रिटायरमेंट पर पूर्व क्रिकेटर्स के जमकर रिएक्शन आ रहे हैं। सचिन तेंदुलकर से लेकर चेतेश्वर पुराजा ने संन्यास पर प्रतिक्रिया दी है।

'कभी खास पलों के पीछे नहीं भागे'

महान बल्लेबाज सचिन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, ''जब हमने पहली बार मुंबई के लिए साथ में बैटिंग की, तो मैंने देखा कि आप कभी भी खास पलों के पीछे नहीं भागते थे। वे पल खुद आपके पास आते थे क्योंकि आप टीम के लिए कड़ी मेहनत करने को तैयार रहते। ऑस्ट्रेलिया में आपकी सबसे शानदार पारी में भी यही खूबी दिखी। आपने दिखाया कि संयम और आक्रामकता एक-दूसरे के उलट नहीं हैं। अक्सर यही खूबी टीम को निडर होने का भरोसा देती है। शानदार करियर के लिए बधाई! आपको और आपके परिवार को बहुत-बहुत शुभकामनाएं।'' भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) भी रहाणे के रिटायरमेंट पर रिएक्ट किया। बीसीसीआई ने पोस्ट में कहा, ''एक शानदार करियर का अंत हो गया। भारतीय क्रिकेट में आपके अमूल्य योगदान और कई अमिट यादों के लिए आपका आभार। आपको नई पारीके लिए शुभकामनाएं।''

BCCI अध्यक्ष मन्हास क्या बोले?

वहीं, बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने एक बयान में कहा, 'अजिंक्य रहाणे का करियर इस बात का बेहतरीन उदाहरण है कि टीम को सबसे ऊपर रखने का क्या मतलब होता है। उन्होंने वर्ल्ड क्रिकेट में सबसे मुश्किल हालात में शानदार प्रदर्शन करके अपनी पहचान बनाई और विदेशों में भारत के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में से एक बन गए। 2020-21 बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान उनकी कप्तानी हमेशा भारतीय क्रिकेट के यादगार अध्यायों में से एक रहेगी। उन्होंने पहले टेस्ट के बाद कप्तानी संभालते हुए मुश्किल हालात में युवा टीम को शानदार सीरीज जीत दिलाई, जिसका समापन 'द गाबा' में ऐतिहासिक जीत के साथ हुआ। बीसीसीआई की ओर से मैं अजिंक्य को उनके शानदार इंटरनेशनल करियर के लिए बधाई देता हूं और आने वाले समय में उनकी सफलता की कामना करता हूं।''

‘बाहर से हमेशा शांत लेकिन…’

भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने एक खिलाड़ी और एक कप्तान के रूप में रहाणे के संयम की सराहना की। धवन ने इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘‘अजिंक्य कितने दौरे, कितने ड्रेसिंग रूम और कितनी यादें। कप्तान के रूप में भी तुझे उतना ही शांत देखा और टीम के साथी के रूप में भी उतना ही भरोसेमंद। बाहर से हमेशा शांत लेकिन अंदर से भारत के लिए लड़ने वाला इंसान। अब अगला अध्याय भी उतना ही खूबसूरत हो।'' पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने ऑस्ट्रेलिया में रहाणे के योगदान की सराहना करते हुए लिखा, ‘‘आपको अपने शानदार करियर के लिए बधाई अजिंक्य। क्रिकेट के मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के कुछ यादगार पलों के लिए धन्यवाद। भविष्य के लिए शुभकामनाएं दोस्त।’’

'भारत के सबसे कम आंके…'

भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने मैदान पर रहाणे के जुझारूपन की सराहना की। सहवाग ने 2020-2021 में ऑस्ट्रेलिया में भारत की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी जीत का जिक्र करते हुए लिखा, ‘‘भारत के सबसे कम आंके जाने वाले क्रिकेटरों में से एक और वह व्यक्ति जिसने भारत को विदेशों में टेस्ट सीरीज में अब तक की सबसे बड़ी जीत दिलाई। अंजिक्य रहाणे। शांत, मजबूत। कभी शोर नहीं किया और अपना सर्वश्रेष्ठ देता रहा।’’ रहाणे ने नियमित कप्तान विराट कोहली की अनुपस्थिति में ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज में 2-1 से ऐतिहासिक जीत दिलाई थी।

'करियर पर गर्व कर सकते हो'

भारत के पूर्व बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने रहाणे के संन्यास पर प्रतिक्रिया करते हुए कहा कि यह सीनियर बल्लेबाज अपने करियर पर बहुत गर्व कर सकता है। पुजारा ने पिछले साल संन्यास की घोषणा की थी। 'एक्स' पर लिखा, ''अजिंक्य आपको ऐसे करियर के लिए बधाई जिस पर आप बेहद गर्व कर सकते हैं। आपके साथ ड्रेसिंग रूम साझा करना मेरे लिए सम्मान की बात रही है। आपको और आपके परिवार को नई पारी के लिए हार्दिक शुभकामनाएं।''

लेखक के बारे में

Md.Akram

मोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार

परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।

अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।

शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।

विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय

और पढ़ें