July 11, 2026

इंदौर में BCA छात्रा ने की आत्महत्या: कॉल नहीं उठाया तो कमरे में पहुंचे दोस्त, दीवार पर लिखा आखिरी संदेश - Haribhoomi

इंदौर के एमआईजी थाना क्षेत्र में BCA की 20 वर्षीय छात्रा ने किराए के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। कमरे की दीवार पर अंग्रेजी में लिखा सुसाइड नोट मिला है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Indore BCA Student Suicide

BCA छात्रा ने किराए के कमरे में की आत्महत्या

  • Published: 11 Jul 2026, 04:18 PM IST
  • Last Updated: 11 Jul 2026, 04:18 PM IST

इंदौर के एमआईजी थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। बीसीए की पढ़ाई कर रही 20 वर्षीय छात्रा अपने किराए के कमरे में फंदे से लटकी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को कमरे की दीवार पर हाथ से लिखा एक संदेश भी मिला है। फिलहाल पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है और सुसाइड के कारणों की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, छात्रा राजगढ़ की रहने वाली थी। इंदौर में रहकर बीसीए की पढ़ाई कर रही थी। उसने एक प्रोफेशनल कोर्स में भी एडमिशन ले रखा था। पुलिस ने छात्रा के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

युवती VFX क्लास भी अटेंड करती थी
पुलिस के अनुसार, नेहरू नगर में युवती किराए के मकान में रहती थी। उसकी पहचान वैष्णवी बनावड़े के रूप में हुई है। छप्पन दुकान के पास युवती VFX क्लास भी अटेंड करती थी। एक साल पहले वह एक युवक के संपर्क में आई थी। युवक और युवती के बीच प्रेम संबंध थे।

अंग्रेजी में लिखा हैंडरिटन सुसाइड नोट मिला
पुलिस को कमरे की दीवार पर अंग्रेजी में लिखा एक हैंडरिटन सुसाइड नोट मिला है। नोट में युवती ने लिखा कि वह अपनी मर्जी से यह कदम उठा रही है और इसके लिए किसी अन्य व्यक्ति को जिम्मेदार नहीं ठहराती। उसने लिखा कि वह खुद को ही इसका जिम्मेदार मानती है। साथ ही अपने बॉयफ्रेंड, मां और भाई के प्रति प्रेम का जिक्र करते हुए पिता और दादी को लेकर भी कुछ बातें लिखी हैं। पुलिस ने सुसाइड नोट को जब्त कर जांच में शामिल कर लिया है।

बताया जा रहा है कि, युवती के एक परिचित युवक ने कई बार उसे कॉल किया। जब कॉल का जवाब नहीं दिया गया तब युवक घर पहुंचा। काफी देर तक दरवाजा खटखटाए जाने के बावजूद जब गेट नहीं खुला तब मकान मालिक को जानकारी दी गई। दोनों ने किसी तरह कमरे का दरवाजा खोला तो उन्हें युवती कमरे के अंदर फांसी के फंदे से लटकी मिली। 

युवक और मकान मालिक ने मामले की सूचना पुलिस को दी। जांच के दौरान पुलिस को कमरे की दीवार पर चॉक से अंग्रेजी में लिखा एक हस्तलिखित संदेश मिला। प्रारंभिक जांच में युवती ने अपने इस कदम की जिम्मेदारी स्वयं पर ली है। पुलिस ने संदेश को जब्त कर जांच में शामिल कर लिया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस परिजनों, युवक और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर आत्महत्या के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।