September 10, 2026

BBL इतिहास की सबसे बड़ी डील! इस खिलाड़ी पर मेलबर्न स्टार्स ने खर्च किए करोड़ों, पर्थ स्कॉर्चर्स को झटका

BBL इतिहास की सबसे बड़ी डील! इस खिलाड़ी पर मेलबर्न स्टार्स ने खर्च किए करोड़ों, पर्थ स्कॉर्चर्स को झटका

फिन एलेन पर पैसों की बारिश. (फोटो- PTI)

Finn Allen In Melbourne Stars: ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग में इतिहास का सबसे महंगा और चौंकाने वाला करार सामने आया है. न्यूजीलैंड के विस्फोटक ओपनर फिन एलेन को मेलबर्न स्टार्स ने अपनी टीम में शामिल कर लिया है. पिछले सीजन पर्थ स्कॉर्चर्स को चैंपियन बनाने वाले नायक एलेन को स्टार्स ने रिकॉर्डतोड़ डील के साथ अपनी टीम का हिस्सा बनाया है, ये रिकॉर्ड कॉन्ट्रैक्ट 3 साल का है. वहीं, पर्थ स्कॉर्चर्स को बड़ा झटका लगा है, उनका चैंपियन खिलाड़ी आने वाले सीजन में उनके खिलाफ खेलने उतरेगा.

BBL इतिहास का सबसे महंगा खिलाड़ी!

मेलबर्न स्टार्स ने फिन एलेन को अपनी टीम में शामिल करने के लिए करोड़ों रुपए खर्च किए हैं. उन्हें पहले साल के लिए लगभग 6 लाख ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (4 करोड़ रुपए से ज्यादा) मिलेंगे. यह बिग बैश लीग के इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी रकम मानी जा रही है. बता दें, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की ओर से विदेशी खिलाड़ियों के ड्राफ्ट सिस्टम को खत्म किए जाने के बाद टीमों के पास सैलरी कैप में खुली छूट मिल गई थी. ऐसे में पर्थ स्कॉर्चर्स के पास रिटेंशन का पुराना अधिकार नहीं रहा, जिसके चलते कई फ्रेंचाइजियों के बीच एलेन को लेकर बिडिंग वॉर छिड़ गई.

मेलबर्न स्टार्स ने भारी अंतर से पर्थ स्कॉर्चर्स को पछाड़ते हुए यह बाजी मार ली. वहीं, एलेन का मेलबर्न स्टार्स के नए हेड कोच कैमरन व्हाइट के साथ पुराना नाता रहा है. वो मेजर लीग क्रिकेट (MLC) में सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स के लिए दो सीजन खेल चुके हैं. इस ऐतिहासिक करार पर खुशी जताते हुए फिन एलेन ने कहा, ‘मेलबर्न स्टार्स इस टूर्नामेंट की बहुत बड़ी टीम है और इनके लिए खेलना काफी मजेदार होगा. उनका फैनबेस काफी बड़ा है और लगातार बढ़ रहा है.’

T20 के सबसे विस्फोटक बल्लेबाजों में शुमार

एलेन इस समय दुनिया के सबसे खतरनाक टी20 बल्लेबाजों में शुमार हैं. पिछले सीजन पर्थ को खिताब दिलाने के बाद उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में सिर्फ 33 गेंदों में नाबाद शतक ठोककर तहलका मचाया था. इसके बाद उन्होंने आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए अपना पहला शतक भी जड़ा था. लेकिन फिन एलेन के इस मेगा-कॉन्ट्रैक्ट ने ऑस्ट्रेलियाई घरेलू और इंटरनेशनल खिलाड़ियों के बीच नाराजगी को बढ़ा दिया है.

मेलबर्न स्टार्स के कप्तान मार्कस स्टोइनिस और ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल जैसे स्टार ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी लंबे समय से लीग से बंधे हैं, लेकिन उनकी फीस इन विदेशी खिलाड़ियों से काफी कम है. इससे पहले एडिलेड स्ट्राइकर्स ने इंग्लैंड के बेन स्टोक्स को 5 लाख ऑस्ट्रेलियाई डॉलर में साइन किया था. जिसके चलते विदेशी खिलाड़ियों की सैलरी पर कैप लगाने की मांग की जा रही है, क्योंकि टूर्नामेंट के अहम ऑस्ट्रेलियाई चेहरे विदेशी खिलाड़ियों की तुलना में कम पैसे पा रहे हैं.

मोहिद खान

मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More

google button