
सनी देओल और इमरान हाशमी की फिल्म में दिखीं ये एक्ट्रेस
Batwara 1947 And Awarapan 2: 14 अगस्त को थिएटर में जब दो बड़ी फिल्मों ‘बंटवारा 1947’ और ‘आवारापन 2’ का महा-मुकाबला शुरू हुआ, तब से हर किसी की नजर टिकट खिड़की के आंकड़ों पर टिकी हैं. एक तरफ राजकुमार संतोषी और सनी देओल का ऐतिहासिक ड्रामा था, तो दूसरी तरफ इमरान हाशमी के ‘शिवम पंडित’ के कल्ट किरदार की 19 साल बाद वापसी. इस क्लैश में शबाना आजमी की दोनों फिल्मों में मौजूदगी की चर्चा तो पहले से थी, लेकिन रिलीज के बाद एक ऐसा खूबसूरत और दिलचस्प फिल्मी संयोग सामने आया है, जिसने हर सिनेमा लवर को चौंका दिया है. जी हां, शबाना आजमी के बाद बॉलीवुड की एक और खूबसूरत एक्ट्रेस ने इन दोनों ही फिल्मों में बैक-टू-बैक अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है और वो हैं रुखसार रहमान.
सिनेमा के इतिहास में ऐसा बहुत कम देखने को मिलता है कि एक ही दिन रिलीज होने वाली दो बिल्कुल अलग मिजाज की बड़ी फिल्मों में कोई कलाकार एक साथ पर्दे पर नजर आए. रुखसार रहमान ने दोनों फिल्मों में अपनी एक्टिंग से दर्शकों का दिल जीत लिया है. हालांकि दोनों ही फिल्मों में उनका स्क्रीन टाइम बहुत लंबा नहीं है, लेकिन जिस तरह से उन्होंने अपने किरदारों को निभाया है, वो कहानी के इमोशनल ग्राफ को एक नई ऊंचाई देता है.
‘आवारापन 2’ में दिशा पाटनी की मां का रोल
इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ में रुखसार रहमान अभिनेत्री दिशा पाटनी की मां की भूमिका में नजर आई हैं. फिल्म में उनका किरदार कहानी के उस नाजुक और भावुक मोड़ को सपोर्ट करता है, जहां से मुख्य किरदारों के जज्बात और पर्सनालिटी तय होती हैं. अपने सादगी भरे अंदाज और आंखों के भावों से रुखसार ने इस छोटे से रोल में भी अपनी एक अलग छाप छोड़ी है.

रुखसार रहमान
‘बंटवारा 1947’ में शबाना आजमी की बहू बनकर बयां किया दर्द
वहीं दूसरी तरफ, ‘बंटवारा 1947’ के ऐतिहासिक कैनवास पर रुखसार एक अहम किरदार में नजर आई हैं. फिल्म में वह शबाना आजमी (दुर्गावती) के किरदार की बहू बनी हैं. विभाजन के उस खौफनाक दौर, अपनों को खोने की टीस और परिवार के बिखरने के दर्द को उन्होंने पर्दे पर बड़ी शिद्दत से उतारा है. हालांकि, शबाना आजमी के साथ इस फिल्म में उनके ज्यादा सीन्स नहीं है.
छोटा किरदार, मगर गहरा असर
‘सरकार’, ‘पीके’, ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ और ‘द नाइट मैनेजर’ जैसी फिल्मों और वेब सीरीज में अपने एक्टिंग का लोहा मनवा चुकीं रुखसार रहमान ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि रोल कितना लंबा है, इससे ज्यादा ये मायने रखता है कि उसका असर कितना गहरा है. 14 अगस्त के इस महा-क्लैश में दोनों ही फिल्मों में उनका ये ‘डबल धमाका’ उनके फैंस के लिए किसी शानदार सरप्राइज से कम नहीं रहा.

सोनाली नाईक
सोनाली करीब 15 सालों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रहार न्यूज पेपर से उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी. इस न्यूज पेपर में बतौर रिपोर्टर काम करते हुए सोनाली ने एंटरटेनमेंट बीट के साथ-साथ सीसीडी (कॉलेज कैंपस और ड्रीम्स) जैसे नए पेज पर काम किया. उन्होंने वहां 'फैशनेरिया' नाम का कॉलम भी लिखा. इस दौरान एलएलबी की पढ़ाई भी पूरी की, लेकिन पत्रकारिता के जुनून की वजह से इसी क्षेत्र में आगे बढ़ने के इरादे से 2017 में टीवी9 से सीनियर कोरेस्पोंडेंट के तौर पर अपनी नई पारी शुरू की. टीवी9 गुजराती चैनल में 3 साल तक एंटरटेनमेंट शो की जिम्मेदारी संभालने के बाद सोनाली 2020 में टीवी9 हिंदी डिजिटल की एंटरटेनमेंट टीम में शामिल हुईं. सोनाली ने टीवी9 के इस सफर में कई ब्रेकिंग, एक्सक्लूसिव न्यूज और ऑन ग्राउंड कवरेज पर काम किया है. हिंदी के साथ-साथ गुजराती, मराठी, इंग्लिश भाषा की जानकारी होने के कारण डिजिटल के साथ-साथ तीनों चैनल के लिए भी उनका योगदान रहा है. रियलिटी शोज और ग्लोबल कंटेंट देखना सोनाली को पसंद है. नई भाषाएं सीखना पसंद है. संस्कृत भाषा के प्रति खास प्यार है. नुक्कड़ नाटक के लिए स्क्रिप्ट लिखना पसंद है. सोनाली के लिखे हुए स्ट्रीट प्लेज 'पानी', 'मेड इन चाइना' की रीडिंग 'आल इंडिया रेडियो' पर सोशल अवेयरनेस के तौर पर की जा चुकी है.
Read More