Bank Strike Cancelled: देशभर के बैंक ग्राहकों के लिए अच्छी खबर है. जो आज यानी सोमवार से प्रस्तावित तीन दिन की बैंक हड़ताल की आशंका चलते परेशान थे. दरअसल, यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने आज से शुरू होने वाली इस हड़ताल को टालने का फैसला किया है. इसका मतलब है कि 28-30 सितंबर के दौरान घोषित हड़ताल की अवधि में भी देश भर के सभी बैंक सामान्य रूप से काम करते रहेंगे. यह इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि यह समय छमाही क्लोजिंग का है.
बैंक यूनियनों ने क्यों टाली हड़ताल?
बता दें कि बैंक यूनियनों ने रविवार को अपनी प्रस्तावित तीन दिन की देशव्यापी हड़ताल वापस ले ली. यह फैसला इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) से उनकी मुख्य मांगों पर आश्वासन मिलने के बाद लिया गया, जिसमें हफ्ते में पांच दिन काम करने की लंबे समय से लंबित मांग भी शामिल थी. सोमवार से शुरू होने वाली इस हड़ताल की घोषणा 'यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस' (UFBU) ने की थी.
यह प्रस्तावित हड़ताल बैंकों के छमाही क्लोजिंग पीरियड के समय ही होने वाली थी. इन मांगों और हड़ताल से जुड़े मुद्दों पर मिले आश्वासनों के बाद, UFBU ने अपने बयान में कहा कि वे अपने प्रस्तावित आंदोलन और हड़ताल को टालने के लिए सहमत हो गए हैं. बैंक यूनियनों की हड़ताल टलने के चलते आज यानी सोमवार को बैंकों की सभी शाखाएं खुली रहेंगी.
क्यों हड़ताल करने वाले थीं बैंक यूनियन क्या मिला आश्वासन
दरअसल, बैंक यूनियनों सप्ताह में पांच दिनों काम करने की मांग कर रहे थे. इसी को लेकर यूनियन आज से तीन दिनों की हड़ताल करने वाली थी, लेकिन यूनियनों और IBA के बीच बनी सहमति के तहत, शनिवार को छुट्टी घोषित करने की मांग की जांच के लिए तुरंत दोनों पक्षों के प्रतिनिधियों वाली एक उच्च-स्तरीय समिति बनाई जाएगी.
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने कहा कि तीन दिन की प्रस्तावित हड़ताल, जो छमाही क्लोजिंग के समय हो रही थी, उसे टाल दिया गया है. यह फैसला इस भरोसे के बाद लिया गया कि एक हाई-लेवल कमेटी बाकी शनिवारों को भी छुट्टी घोषित करने के मुद्दे पर विचार करेगी.
— State Bank of India (@TheOfficialSBI) September 27, 2026
UFBU ने एक बयान में कहा, "बाकी शनिवारों को छुट्टी घोषित करने के मुद्दे पर विचार करने के लिए IBA और UFBU की एक हाई-लेवल कमेटी तुरंत बनाई जाएगी. यह कमेटी सभी संभावित विकल्पों पर गौर करेगी, सभी स्टेकहोल्डर्स (हितधारकों) से बातचीत करेगी और ऐसा समाधान निकालेगी जो सभी स्टेकहोल्डर्स, और सबसे ज़रूरी, ग्राहकों को मंजूर हो."
सरकार ने किया था बैंक कर्मचारियों से आग्रह
बता दें कि इससे पहले, सरकार ने बैंक कर्मचारियों से प्रस्तावित हड़ताल वापस लेने का आग्रह किया था और कहा था कि बातचीत और कल्याणकारी उपायों के जरिए ज्यादातर चिंताओं का समाधान पहले ही किया जा चुका है. केंद्र सरकार ने यह भी चेतावनी दी थी कि 28-30 सितंबर की हड़ताल से बैंकिंग कामकाज पर असर पड़ सकता है, क्योंकि यह समय खातों की छमाही क्लोजिंग का होता है.
ये भी पढ़ें: पीएफ से जुड़ा अटका काम चुटकियों में निपटाएं, EPFO कैंप में मिलेगा हर समाधान
SBI ने ग्राहकों के लिए जारी की एडवाइजरी
इस बीच, देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक, स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया ने ग्राहकों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है. इसमें कहा गया है कि UFBU की प्रस्तावित 3 दिन की हड़ताल टलने के बाद सभी ब्रांच और बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से काम करती रहेंगी.
ये भी पढ़ें: सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़ी खबर, कल खाते में आ सकती है सैलरी और पेंशन; जानें वजह