October 17, 2026

Bangladesh Fire Breaks Out: कॉक्स बाजार के बीच रिसॉर्ट में भीषण आग, बच्चों समेत 10 लोगों की दर्दनाक मौत

Bangladesh Fire Breaks Out: बांग्लादेश के कॉक्स बाजार में मरीन ड्राइव स्थित एक बीच रिसॉर्ट में शनिवार सुबह अचानक भयंकर आग लग गई. इस दर्दनाक हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई और 9 अन्य लोग घायल हो गए.

Google Search

Bangladesh Fire Breaks Out: बांग्लादेश के कॉक्स बाजार में मरीन ड्राइव स्थित एक बीच रिसॉर्ट में शनिवार सुबह अचानक भयंकर आग लग गई. इस दर्दनाक हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई और 9 अन्य लोग घायल हो गए.

author-image

New Update

Bangladesh Fire Breaks out

Bangladesh Fire Breaks out

Bangladesh Fire Breaks Out: बांग्लादेश के मशहूर पर्यटन स्थल कॉक्स बाजार में शनिवार की सुबह एक भयानक त्रासदी लेकर आई. यहां समुद्र किनारे छुट्टियां मना रहे लोगों की सुबह चीख-पुकार और धुएं के गुबार के बीच खुली. जिले के इनानी इलाके में मरीन ड्राइव के पास स्थित एक लोकप्रिय सीसाइड रिसॉर्ट में अचानक भीषण आग लग गई. आग की लपटें इतनी तेजी से फैलीं कि अंदर सो रहे लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला. इस दिल दहला देने वाले हादसे में कम से कम 10 लोगों की मौके पर ही झुलसकर मौत हो गई, जबकि 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. अचानक हुए इस अग्निकांड से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए बदहवास होकर इधर-उधर भागने लगे.

सुबह 6:30 बजे भड़की आग की लपटें

यह दिल दहला देने वाला वाकया कॉक्स बाजार के पटुआर्टेक बीच के पास स्थित टुपटुप रेस्टो एंड रिसॉर्ट में पेश आया. उखिया पुलिस स्टेशन के प्रमुख मोहम्मद अतीकुर रहमान मजूमदार ने इस घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार की सुबह करीब 6:30 बजे रिसॉर्ट की इमारत से अचानक आग की ऊंची लपटें उठने लगीं. उस वक्त रिसॉर्ट के ज्यादातर कमरों में ठहरे मेहमान गहरी नींद में सो रहे थे. आग की ऊंची लपटें देखकर आसपास के स्थानीय निवासी और पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. इसके साथ ही दमकल विभाग को हादसे की सूचना दी गई. दमकल की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव का बड़ा काम शुरू किया. कई घंटों की भारी मशक्कत के बाद दोपहर करीब 1:30 बजे फायर सर्विस के प्रवक्ता तलहा बिन जासिम ने 10 लोगों की मौत और 9 लोगों के घायल होने की आधिकारिक पुष्टि की.

— lamiah (@lamiah02022002) October 17, 2026

सदर अस्पताल में घायलों का इलाज जारी

हादसे में झुलसे और चोटिल हुए 9 लोगों को आनन-फानन में कॉक्स बाजार सदर अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल के रेजिडेंट मेडिकल ऑफिसर सबुकतागिन महमूद सोहेल ने घायलों की स्थिति के बारे में बताया कि अस्पताल लाए गए मरीजों में से 5 लोग आग की लपटों से सीधे तौर पर झुलसे हैं. डॉक्टरों की जांच के मुताबिक इन 5 लोगों के शरीर का करीब 5 प्रतिशत हिस्सा जल चुका है और उन्हें विशेष वार्ड में भर्ती करके लगातार दवाएं दी जा रही हैं. वहीं 1 दूसरा व्यक्ति जान बचाने की हड़बड़ाहट में ऊपर से नीचे गिरने की वजह से घायल हो गया था. उस घायल व्यक्ति को जरूरी प्राथमिक उपचार देने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है. अस्पताल के डॉक्टरों की एक टीम आग से झुलसे बाकी 5 मरीजों की सेहत पर लगातार नजर रख रही है.

बांस और लकड़ी के ढांचे ने बढ़ाई आग

हादसे का शिकार बना यह 3 मंजिला रिसॉर्ट कोलाटोली से करीब 29 किलोमीटर की दूरी पर बनाया गया था. इस पूरे रिसॉर्ट को सैलानियों के आकर्षण के लिए मुख्य रूप से बांस और सूखी लकड़ी का इस्तेमाल करके तैयार किया गया था. यही बांस और लकड़ी इस भयानक आग के लिए सबसे बड़ा ईंधन साबित हुए. आग लगते ही सूखी लकड़ियों ने लपटों को तुरंत पकड़ लिया और चंद ही मिनटों में पूरी इमारत आग का एक बड़ा गोला बन गई. स्थानीय रिपोर्टों से मिली जानकारी के अनुसार घटना के वक्त रिसॉर्ट की इमारत के भीतर लगभग 30 लोग मौजूद थे. आग भड़कते ही 4 से 5 लोग किसी तरह अपनी जान हथेली पर रखकर बाहर सुरक्षित निकलने में कामयाब रहे, लेकिन बाकी लोग इमारत के भीतर ही धुएं और आग के बीच घिर गए.

पूरी इमारत जलकर हुई खाक

कॉक्स बाजार फायर सर्विस के डिप्टी असिस्टेंट डायरेक्टर सैयद मुहम्मद मोर्शेद हुसैन ने बताया कि आग की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि दमकल कर्मियों के पहुंचने तक पूरी इमारत जलकर खाक हो चुकी थी. बांस और लकड़ी का बना ढांचा पूरी तरह गिरकर मलबे का ढेर बन गया. दमकल कर्मियों को मलबे से शवों को निकालने में काफी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. कई शव इतनी बुरी तरह झुलस चुके हैं कि उनकी सामान्य तरीके से पहचान कर पाना लगभग नामुमकिन हो गया है. प्रशासन का कहना है कि इमारत में आग से बचाव के सुरक्षा इंतजाम थे या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जाएगी.

DNA जांच और हादसे के कारणों की पड़ताल

घटनास्थल का दौरा करने के बाद कॉक्स बाजार के डिप्टी कमिश्नर ए. मन्नान ने कहा कि प्रशासन पीड़ितों के परिवारों की हरसंभव मदद कर रहा है. उन्होंने बताया कि मृतकों के शवों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए परिवारों को सौंपने से पहले सभी शवों के डीएनए सैंपल लिए जाएंगे. हादसे के असली कारणों को लेकर अभी स्थिति साफ नहीं हो पाई है. हालांकि कुछ स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों का अनुमान है कि आग शायद रिसॉर्ट की रसोई से शुरू हुई होगी, जो धीरे-धीरे पूरे परिसर में फैल गई. डिप्टी कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि फायर सर्विस की तकनीकी टीम मामले की गहराई से जांच कर रही है और पूरी जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही आग लगने की सही वजह का पता चल सकेगा.

यह भी पढ़ें: राजस्थान के कोटा में दर्दनाक हादसा, एक्सप्रेसवे के नाले में गिरी टेंपो ट्रैवलर, 8 लोगों की मौत