July 16, 2026

इलाहाबाद यूनिवर्सिटी ने BA कोर्सों में एडमिशन देने का बदला नियम, GAT स्कोर के बिना भी बन सकेगी मेरिट

Allahabad University New Admission Rule: इलाहाबाद यूनिवर्सिटी ने अंडर ग्रेजुएट (UG) एडमिशन से जुड़े एक महत्वपूर्ण नियम में बदलाव किया है. इस बदलाव के तहत अब इलाहाबाद यूनिवर्सिटी की तरफ से संचालित बीए कोर्सों में बिना जनरल एप्टीट्यूट टेस्ट (GAT) स्कोर के भी एडमिशन लिया जा सकता है. इस बदलाव का सीधा फायदा उन कैंडिडेट्स को हाेगा, जिन्होंने काॅमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET) UG 2026 में GAT नहीं दिया था. ऐसे कैंडिंडेट्स भी अब इलाहाबाद यूनिवर्सिटी में बीए कोर्सों में एडमिशन ले सकेंगे. एडमिशन के लिए उनकी मेरिट बिना GAT स्कोर के बनेगी.

आइए, पूरा मामला विस्तार से समझते हैं. जानते हैं कि इलाहाबाद यूनिवर्सिटी ने बीए कोर्सों में एडमिशन के लिए बदले नियम के मायने क्या है. मसलन, जिन्होंने CUET में GAT दिया है, मेरिट बनाते समय उनके स्कोर का क्या किया जाएगा. जानते हैं कि पहले का नियम क्या था. विस्तार से पूरा मामला समझते हैं.

पहले एडमिशन के लिए ऐसे तैयारी होती थी मेरिट

इलाहाबाद यूनिवर्सिटी में पहले बीए कोर्सों में एडमिशन के लिए सीयूईटी यूजी के तीनों सेक्शन के नंबरों काे जोड़ा जाता था. मसलन, सीयूईटी यूजी के कोर सब्जेक्ट के साथ ही लैंग्वेज और GAT स्कोर को जोड़कर एडमिशन के लिए फाइनल मेरिट तैयार की जाती थी, जिसके आधार पर एडमिशन दिया जाता था.

नया नियम क्या है? जानें GAT स्कोर का क्या होगा

इलाहाबाद यूनिवर्सिटी ने बीए कोर्सों में एडमिशन देने के लिए मेरिट तैयार करने का नया नियम तैयार किया है, जिसके तहत अब CUET UG में GAT ना देने वाले कैंडिडेट्स को भी यूनिवर्सिटी में एडमिशन का मौका मिलेगा. मेरिट तैयार करते समय ऐसे कैंडिडेट्स को GAT में जीरो स्कोर दिया जाएगा, इसके आधार पर ही मेरिट बनेगी.वहीं जिन्होंने CUET UG में GAT दिया है, मेरिट बनाते समय डोमेन सब्जेक्ट्स व साथ लैंग्वेज और GAT स्कोर को जोड़ा जाएगा और इसके आधार पर एडमिशन के लिए फाइनल मेरिट बनाई जाएगी.

डोमेन सब्जेक्ट्स की संख्या भी 18 से बढ़कर 23 की गई

इलाहाबाद यूनिवर्सिटी ने एडमिशन के लिए कई अन्य नियमों में भी बदलाव किया है, जिसके तहत बीए कोर्सों में एडमिशन के लिए CUET UG डोमेन सब्जेक्ट की संख्या में बढ़ोतरी की गई है. अब 18 की जगह 23 डाेमेन सब्जेक्ट्स के स्कोर के आधार पर एडमिशन के लिए मेरिट बनाई जा सकेगी. मसलन, कैंडिडेट्स ने इन 23 विषयों में से किसी में भी CUET UG दिया होना चाहिए. सबसे अधिक स्कोर वाले डोमेन सब्जेक्ट से मेरिट बनेगी.

जिस लैंग्वेज में अधिक नंबर, उससे बनेगी मेरिट

इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के नए मेरिट नियम के अनुसार CUET UG में अधिक नंबर वाले लैंग्वेज विषय के स्कोर के आधार पर मेरिट बनेगी. मसलन, कई कैंडिडेट्स हिंदी और इंग्लिश लैंग्वेज में CUET UG देते हैं. यूनिवर्सिटी के नए नियम के अनुसार मेरिट बनाने के लिए एक लैंग्वेज सब्जेक्ट् के स्कोर को लिया जाएगा, जिसका भी स्कोर अधिक होगा, उसके आधार पर एडमिशन के लिए फाइनल मेरिट बनेगी.

मनोज भट्ट

मनोज भट्ट

पत्रकारिता में एक दशक से अध‍िक समय से सक्रिय. नवोदय टाइम्स, दैनिक जागरण, हिंदुस्तान में लंबे समय तक फील्ड रिपोर्टिंग. कई मुद्दों व खबरों को लीड किया, जो चर्चा में रही. अभी तक पंचायत, कृषि, प्राथमिक से लेकर उच्च शिक्षा, राजनीति, पर्यावरण, स्वास्थ्य, चुनाव, बिजनेस से जुड़े विषयों पर काम किया है और इनमें लेखन की दिलचस्पी है.

Read More

google button