July 22, 2026

Ayushman Vaya Vandana Card: जानें क्या है यह फ्री हेल्थ योजना, कैसे 70 साल का हर बुजुर्ग इसका ले सकता फायदा - Haribhoomi

Ayushman Vaya Vandana Card: 70 साल या उससे अधिक उम्र के सभी भारतीय नागरिक आयुष्मान वाया वंदना कार्ड के लिए पात्र हैं। इसमें आर्थिक स्थिति की कोई शर्त नहीं है। कार्ड के तहत पात्र बुजुर्गों को लिस्टेड अस्पतालों में योजना के तहत शामिल इलाज के लिए सालाना 5 लाख रुपये तक का कवर मिलता।

Ayushman Vaya Vandana Card

आयुष्मान वाया वंदना कार्ड के जरिए लिस्टेड अस्पतालों में कैशलेस इलाज की सुविधा मिल सकती।

  • Published: 22 Jul 2026, 06:55 PM IST
  • Last Updated: 22 Jul 2026, 06:55 PM IST

Ayushman Vaya Vandana Card: बढ़ती उम्र के साथ इलाज और अस्पताल का खर्च भी तेजी से बढ़ता है। खासकर रिटायरमेंट के बाद गंभीर बीमारी या बार-बार अस्पताल में भर्ती होने की सूरत में परिवार की जमा पूंजी पर बड़ा असर पड़ सकता। बुजुर्गों की इसी चिंता को कम करने के लिए केंद्र सरकार ने 70 साल और उससे अधिक उम्र के सभी नागरिकों को आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) के दायरे में शामिल किया है। 

इसके तहत पात्र बुजुर्गों को आयुष्मान वाया वंदना कार्ड दिया जाता है, जिसके जरिए लिस्टेड अस्पतालों में कैशलेस इलाज की सुविधा मिल सकती।

आर्थिक स्थिति की शर्त नहीं
इस योजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि 70 साल या उससे अधिक उम्र का कोई भी भारतीय नागरिक इसका लाभ ले सकता। इसके लिए आर्थिक स्थिति या आय से जुड़ी पुरानी पात्रता शर्त लागू नहीं होती। यानी परिवार आर्थिक रूप से मजबूत हो या कमजोर, 70 साल की उम्र पूरी कर चुके वरिष्ठ नागरिक इस योजना के तहत कार्ड बनवा सकते।

सालाना 5 लाख रुपये तक का कवर
आयुष्मान वाया वंदना कार्ड (Ayushman Vaya Vandana Card) के तहत अस्पताल में भर्ती होने और योजना में शामिल इलाज के लिए हर साल 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य कवर उपलब्ध है। इलाज देशभर के आयुष्मान भारत योजना से जुड़े सरकारी और निजी अस्पतालों में कराया जा सकता। इसमें योजना के तहत शामिल कई तरह की सर्जरी, मेडिकल प्रोसेस और अस्पताल से जुड़ी सर्विसेस शामिल हैं।

इस योजना में कैशलेस सुविधा मिलती
कैशलेस सुविधा का फायदा यह है कि पात्र लाभार्थी को कवर किए गए इलाज के लिए अस्पताल में बड़ी रकम पहले से जुटाने की जरूरत नहीं पड़ती। हालांकि, इलाज कराने से पहले यह जरूर जांच लेना चाहिए कि संबंधित अस्पताल आयुष्मान योजना के पैनल में शामिल है या नहीं और जिस इलाज की जरूरत है, वह योजना के दायरे में आता है या नहीं।

पहले से किसी योजना का लाभ लेने वालों को भी फायदा
जो वरिष्ठ नागरिक पहले से आयुष्मान भारत योजना के तहत कवर हैं, उनके मौजूदा लाभ खत्म नहीं होते। उन्हें विस्तारित योजना के तहत आयुष्मान वाया वंदना कार्ड मिल सकता। इसके अलावा निजी स्वास्थ्य बीमा या सीजीएसएस, ECHS जैसी सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ लेने वाले वरिष्ठ नागरिक भी इस कार्ड के लिए आवेदन कर सकते। हालांकि, एक से ज्यादा स्वास्थ्य कवर होने पर इलाज के दौरान लाभ कैसे लागू होंगे, इसके लिए संबंधित नियम और शर्तों को जरूर देखना चाहिए।

कार्ड के लिए कैसे करें आवेदन?
पात्र बुजुर्ग आयुष्मान भारत मोबाइल ऐप के जरिए रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। इसके अलावा नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) या अधिकृत नामांकन केंद्र पर जाकर भी आवेदन किया जा सकता है। आवेदन के दौरान आधार वेरिफिकेशन, उम्र का सबूत और अन्य जरूरी जानकारी देनी होती है। सत्यापन पूरा होने के बाद कार्ड जारी किया जाता।

परिवार में अगर कोई सदस्य 70 साल या उससे अधिक उम्र का है, तो उसका कार्ड जरूर बनवाएं। इलाज की जरूरत पड़ने पर अस्पताल जाने से पहले पैनल में शामिल अस्पताल और कवर होने वाली सेवाओं की जानकारी जांचना भी जरूरी है।

(प्रियंका कुमारी)