October 13, 2026

Asian Para Games 2026: मोदी सरकार ने पैरा शूटिंग कोच को हटाया, ये है वजह

Asian Para Games 2026: मोदी सरकार ने पैरा शूटिंग कोच को हटाया, ये है वजह

एशियन पैरा गेम्स की टीम का ऐलान (फोटो-पीटीआई)

खेल मंत्रालय ने विवादों से घिरे पैरा शूटिंग कोच जय प्रकाश नौटियाल को एशियाई खेलों के दल से हटा दिया है. कुल 166 एथलीटों को पैरा एशियन गेम्स के लिए मंजूरी दी गई है. जापान के आइची-नागोया में 18 अक्टूबर से एशियन पैरा गेम्स शुरू होंगे. नेशनल टीम के कोच रहे जीवन एल राय ने दल में प्रकाश नौटियाल की जगह ली है.

प्रकाश नौटियाल को क्यों हराया गया?

प्रकाश नौटियाल पर नियमों का पालन न करने और टीम में चयन के बदले रिश्वत मांगने के आरोप लगे थे. कई निशानेबाजों ने SAI के हेड ऑफिस के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और उन्हें हटाने और उनके खिलाफ लगे आरोपों की जांच की मांग की. इसके बाद खेल मंत्रालय ने उन्हें हटा दिया.

पैरा-एथलेटिक्स का सबसे बड़ा दल

पैरा एशियन गेम्स में जाने वाले दल में पैरा-एथलेटिक्स का हिस्सा सबसे बड़ा है, जिसमें 62 एथलीट शामिल हैं. पैरा एथलेटिक्स में 46 पुरुष खिलाड़ी हैं, और 36 लोगों का एक सहायक स्टाफ है.

बता दें वर्ल्ड चैंपियनशिप में पदक जीतने वाली दृष्टिबाधित धाविका सिमरन भी आइची-नागोया में उतरेंगीं. वो खेलों में अपने नए मार्गदर्शक शिवम के साथ दौड़ेंगी. साइकलिंग में पैरालिंपियन अरशद शेख को ही मंजूरी मिली है. भारतीय साइकिलिंग महासंघ और भारतीय पैरालंपिक समिति की ओर से 6 दूसरे साइकिलिस्ट का भी सेलेक्शन किया गया था, लेकिन नियमों को पूरा न करने के कारण उन्हें बाहर कर दिया गया.

इन शटलर्स को मिला मौका

टेबल टेनिस के दल में पैरालंपिक रजत पदक विजेता टेबल टेनिस खिलाड़ी भाविना पटेल भी शामिल हैं. पूर्व विश्व नंबर एक और टोक्यो पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता प्रमोद भगत और पूर्व पैरालंपिक रजत पदक विजेता सुहास यतिराज 28 सदस्यीय बैडमिंटन टीम में शामिल हैं. इन शटलरों को 11 सदस्यों का सहायक स्टाफ भी दिया गया है.

शीतल देवी पर दारोमदार

पिछले पैरा एशियाई खेलों में दो स्वर्ण पदक जीतने वाली आर्मलेस कंपाउंड तीरंदाज शीतल देवी एक बार फिर शीर्ष दावेदार होंगी. 19 साल की वर्ल्ड चैंपियन के साथ 18 साल की पायल नाग भी शामिल होंगी, जो एक और प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं. पायल ने इस साल की शुरुआत में बैंकॉक में वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज में शीतल को हराकर काफी सुर्खियां बटोरी थीं. विवादों से घिरी 13 सदस्यीय शूटिंग टीम में पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता अवनी लेखारा और मोना अग्रवाल समेत कई अन्य खिलाड़ी शामिल हैं. अग्रवाल ने हाल ही में कोरिया में आयोजित वर्ल्ड चैंपियनशिप में रजत पदक जीतकर 2028 लॉस एंजेलिस ओलंपिक में भारत के लिए कोटा हासिल किया.

अनूप देव सिंह

अनूप देव सिंह

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले का रहने वाला हूं. बचपन से ही खेलों से बेहद प्यार है. खासतौर पर क्रिकेट से जो इस देश का धर्म भी कहा जाता है. स्कूली पढ़ाई केंद्रीय विद्यालय से हुई. साल  2006 में दिल्ली यूनिवर्सिटी से हिंदी जर्नलिज्म की डिग्री हासिल की और उसके बाद मीडिया के मैदान में उतर गए और खेल की खबरों को ही अपना कर्म भी बना लिया. करियर की पहली नौकरी नेटवर्क 18 ग्रुप में मिली. शुरुआत IBN7 न्यूज चैनल से हुई जहां मैंने पांच सालों की लंबी पारी खेली. इसके बाद इंडिया टीवी, न्यूज नेशन जैसे बड़े नेशनल चैनल्स के साथ काम किया. 2016 में डिजिटल मीडिया में कदम रखा और ये मौका जी नेटवर्क ने दिया. एक साल तक क्रिकेट कंट्री के साथ काम किया और फिर हुई नेटवर्क 18 में वापसी. न्यूज 18 हिंदी की वेबसाइट में 4 सालों तक स्पोर्ट्स की हर खबर पाठकों तक पहुंचाई. अब टीवी9 के साथ हूं. क्रिकेट ही नहीं खेल की हर खबर आपतक एक नए अंदाज और नए कलेवर में पहुंचाता हूं.

Read More

google button