
दिव्यांशी चौधरी ने वीडियो में कई आरोप लगाए हैंImage Credit source: Instagram
भारतीय खेलों का लंबा इतिहास विवादों से भरा हुआ है. एशियन गेम्स हों या ओलंपिक या कॉमनवेल्थ गेम्स, जब भी कभी ऐसे गेम्स आते हैं, तो उससे ठीक कुछ दिन पहले भारतीय खिलाड़ियों से जुड़े बवाल सामने आते हैं. अक्सर ये विवाद खिलाड़ियों के डोपिंग में फंसने या सेलेक्शन को लेकर होते हैं. मगर ताजा विवाद से सनसनी फैल गई है. एशियन गेम्स के लिए चुनी गईं वुशु (WUSHU) खिलाड़ी दिव्यांशी चौधरी को अचानक ही टीम से बाहर कर दिया गया, जिसके बाद इस खिलाड़ी ने एक वीडियो जारी कर जान देने की बात कही है.
पहले सेलेक्शन, फिर अचानक हटाया
19 सितंबर से जापान के ऐसी-नागोया में एशियन गेम्स 2026 की शुरुआत हो रही है. इसके लिए वुशु की भी एक टीम चुनी गई, जिसमें खिलाड़ियों को सेलेक्शन ट्रायल्स के बाद हुआ. इन्हीं ट्रायल्स में महिलाओं के 60 किलोग्राम वर्ग में दिव्यांशी चौधरी का सेलेक्शन हुआ था. मगर जब दिव्यांशी जापान जाने के लिए तैयारी कर रही थीं, तभी अचानक शुक्रवार 11 सितंबर को उन्हें बताया गया कि वो गेम्स का हिस्सा नहीं होंगी और उन्हें ड्रॉप कर दिया गया है.
जानकारी के मुताबिक, दिव्यांशी की जगह रोशीबिना देवी नाओरेम को भारतीय वुशु टीम में चुन लिया गया, जिन्हें खुद दिव्यांशी ने ट्रायल्स में हराया था. ये खबर मिलने के बाद दिव्यांशी टूट गईं और उन्होंने एक वीडियो रिलीज कर अपना दर्द बयान करते हुए नाइंसाफी का आरोप लगाया और साथ ही ये तक कह दिया कि उनके लिए जीने का कोई मतलब नहीं है. पटियाला में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्ट्स (NIS) में तैयारी कर रही दिव्यांशी ने इंस्टीट्यूट की ही छत पर खड़े होकर ये वीडियो बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल है और जिससे बवाल मच गया है.
दिव्यांशी ने वीडियो में क्या आरोप लगाए?
अपने 9 मिनट लंबे वीडियो में दिव्यांशी ने कहा है, “मैं इसके लिए मजबूर हूं, मैं बहुत तंग आ गई हूं और मुझे नहीं लगता आगे जीने का कोई मतलब है. मुझे मानिसक तौर पर प्रताड़ित किया जा रहा है. जून, जुलाई से अब सितंबर तक मेरे पीछे पड़ी हैं क्योंकि वो (रोशीबिना देवी) जाना चाहती हैं एशियन गेम्स में. सचिन तेंदुलकर का भी वक्त आया था, उनकी जगह कोई नया खिलाड़ी आया था.. अब जब मैंने उन्हें हरा दिया, मेरा हक है वहां जाने का, उनका हक नहीं है, मुझे जाने दिया जाए.”
भारतीय खिलाड़ी दिव्यांशी चौधरी ने आत्महत्या करने की बात कही है।
वुशु खिलाड़ी दिव्यांशी चौधरी का नाम जापान एशियन गेम्स 2026 से आखिरी वक्त में काट दिया गया। जून में टीम में जगह और जर्सी मिलने के बाद 11 सितंबर के अपडेट में जगह नाओरेम रोशिबीना देवी को दे दी गई। टीम से गलत तरीके से pic.twitter.com/kXXGhv3qzH
— Madan Mohan Soni (@madanmohansoni) September 11, 2026
दिव्यांशी ने आरोप लगाया कि सीनियर वुशु खिलाड़ी रोशीबीना ने अपनी पहुंच का गलत इस्तेमाल किया और खेल मंत्रालय से अपनी सिफारिश की. लगातार रोते-बिलखते हुए दिव्यांशी ने आरोप लगाया कि रोशीबिना ने जानबूझकर उन्हें चोटिल करने की कोशिश भी की. दिव्यांशी ने आगे कहा कि उन्हें एक चोट लगी, जिसके बारे में डॉक्टर ने कहा कि वो जल्द ही टेपिंग से ठीक हो जाएगा लेकिन उनकी रिपोर्ट रोशीबिना के साथ शेयर की गई. यहां तक दावा किया कि नाम काटने के बारे में उन्हें तक नहीं बताया गया.
मां-पिता से माफी मांगते हुए कही जान देने की बात
वीडियो के अंत में दिव्यांशी ने NIS पटियाला की छत पर अपना किट बैग दिखाया और आत्महत्या की बात की. उन्होंने अपनी मां-पिता से माफी मांगते हुए कहा कि उनके पास कोई और विकल्प नहीं बचा है. दिव्यांशी ने कहा कि वो ये नहीं करना चाहती थीं लेकिन अब इसके लिए मजबूर हो गई हैं. दिव्यांशी राजस्थान के कोटा की रहने वाली हैं. 18 साल की ये खिलाड़ी राजस्थान की ही महाबली स्पोर्ट्स एकेडमी में ट्रेनिंग लेती हैं. वो पहले भी कई टूर्नामेंट में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं और एशियन गेम्स के ट्रायल्स में उन्होंने सेमीफाइनल में रोशीबिना को हराया था.
नाम काटने पर क्या बोली वुशु एसोसिएशन?
स्पोर्टस्टार की रिपोर्ट में भारतीय वुशु एसोसिएशन के अध्यक्ष के हवाले से बताया गया है कि दिव्यांशी का नाम उन्होंने नहीं काटा बल्कि ये कदम स्पोर्ट्स एथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) ने उठाया है. इसकी वजह बताते हुए उन्होंने कहा कि दिव्यांशी के घुटने में चोट लगी थी, जिसे उन्होंने छुपाया था. कोचिंग स्टाफ ने बताया कि वो इसके चलते ट्रेनिंग में भी हिस्सा नहीं ले रही थी. उन्होंने बताया कि SAI ने ही दिव्यांशी का मेडिकल टेस्ट कराया, जिसमें चोट की पुष्टि हुई. उन्होंने साथ ही ये भी बताया कि रोशीबिना को इसलिए भेजा गया क्योंकि फाइनल में दिव्यांशी ने जिस खिलाड़ी को हराया था, वो भी चोटिल है. ऐसे में सेमीफाइनल में हारने वाली रोशीबिना को चुना गया.

सुमित सुन्द्रियाल
इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.
Read More