October 3, 2026

Asian Games 2026: भारतीय हॉकी टीम ने जीता गोल्ड, लगातार दूसरी बार बने चैंपियन, ओलंपिक में जगह पक्की

Asian Games 2026: भारतीय हॉकी टीम ने जीता गोल्ड, लगातार दूसरी बार बने चैंपियन, ओलंपिक में जगह पक्की

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने जीता गोल्ड मेडल. (फोटो- PTI)

Asian Games 2026, India vs Malaysia Hockey: एशियन गेम्स 2026 के महामुकाबले में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने अपने बेजोड़ खेल के दम पर इतिहास रच दिया है. खिताबी भिड़ंत में भारत ने मलेशिया को 5-1 के बड़े अंतर से करारी शिकस्त देकर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया. पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहने वाली भारतीय टीम ने इसके साथ ही एशियन गेम्स के इतिहास में पहली बार अपना गोल्ड मेडल डिफेंड किया है. इस जीत के साथ ही कप्तान हरमनप्रीत सिंह लगातार दो एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाले पहले भारतीय कप्तान बन गए हैं. इसी के साथ भारत ने ओलंपिक 2028 के लिए भी क्वालिफाई कर लिया है.

पहले हाफ में कड़ी टक्कर

मैच का आगाज दोनों टीमों के बीच जबरदस्त जंग के साथ हुआ. भारत ने शुरुआती मिनटों में सतर्कता दिखाई, लेकिन जल्द ही आक्रामक रुख अपनाया. 11वें मिनट में मिले पेनाल्टी कॉर्नर को कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने बुलेट ड्रैग-फ्लिक से गोल में बदलकर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई. हालांकि, तीन मिनट बाद ही मलेशिया के शेलो सिलवेरियस ने शानदार मैदानी गोल दागकर स्कोर 1-1 कर दिया.

फिर दूसरे क्वार्टर में मलेशिया ने दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन 23वें मिनट में भारत को मिले पेनाल्टी कॉर्नर पर जुगराज सिंह ने बिना कोई गलती किए गेंद को नेट में उलझा दिया और भारत को 2-1 से आगे कर दिया, जो हाफ टाइम तक बरकरार रही.

दूसरे हाफ में मलेशियाई डिफेंस हुआ चकनाचूर

हाफ टाइम के बाद भारतीय फॉरवर्ड लाइन ने कमाल का खेल दिखाया. तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में अंपायर ने भारत को एक और पेनल्टी स्ट्रोक दिया. जिस पर उपकप्तान हार्दिक सिंह ने गोलकीपर को चकमा देते हुए गेंद को गोल के बीचों-बीच दाग दिया. इसके बाद 54वें मिनट में अभिषेक ने बेसलाइन के साथ जबर्दस्त रन बनाया और फार पोस्ट पर खड़े शिलानंद लाकड़ा को सटीक पास दिया, जिन्होंने इसे गोल में तब्दील कर स्कोर 4-1 कर दिया.

वहीं, 57वें मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला. इस बार एक ही बैटरी के सेटअप के साथ गेंद कप्तान हरमनप्रीत के पास पहुंची और उनकी रॉकेट ड्रैग-फ्लिक टॉप लेफ्ट कॉर्नर में समा गई. इसके साथ ही भारत ने 5-1 की अजेय जीत दर्ज की.

मोहिद खान

मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More

google button