Asian Games 2026: पुरुष क्रिकेट में भारत और पाकिस्तान अलग-अलग क्वार्टर फाइनल ब्रैकेट में हैं। ऐसे में दोनों टीमों की भिड़ंत फाइनल या ब्रॉन्ज मेडल मैच में ही संभव है। जानें भारत-पाकिस्तान मैच का पूरा समीकरण।
India vs Pakistan Asian Games 2026: जापान के आइची-नागोया में 20वें एशियन गेम्स का आयोजन किया जा रहा है। क्रिकेट प्रतियोगिता में पुरुषों के मुकाबले 24 सितंबर से शुरू हो चुके हैं। भारतीय पुरुष टीम 28 सितंबर को अपने अभियान की शुरुआत करेगी। वहीं, भारतीय महिला टीम श्रीलंका को हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम कर चुकी है। एशियन गेम्स के इतिहास में क्रिकेट को चौथी बार शामिल किया गया है। पुरुष क्रिकेट में कुल 10 टीमें मेडल के लिए मैदान पर उतर रही हैं। ऐसे में क्रिकेट फैंस के मन में सबसे बड़ा सवाल है कि क्या इस टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला देखने को मिल सकता है? आइए जानते हैं पूरा समीकरण।
एशियन गेम्स में कौन-कौन सी टीमें ले रही हैं हिस्सा?
पुरुष क्रिकेट में इस बार कुल 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं। रैंकिंग के आधार पर भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश को सीधे क्वार्टर फाइनल में जगह मिली है। वहीं, अफगानिस्तान, जापान और नेपाल को ग्रुप A में रखा गया है, जबकि हांगकांग चीन, मलेशिया और ओमान ग्रुप B में हैं। इन दोनों ग्रुप की टॉप दो-दो टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंचेंगी।
कैसा है एशियन गेम्स क्रिकेट का फॉर्मेट?
पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट को दो चरणों में बांटा गया है। पहले चरण में छह टीमों के बीच ग्रुप स्टेज के मुकाबले होंगे। ग्रुप A में अफगानिस्तान, जापान और नेपाल हैं, जबकि ग्रुप B में हांगकांग चीन, मलेशिया और ओमान शामिल हैं। हर टीम अपने ग्रुप की बाकी दोनों टीमों के खिलाफ एक-एक मुकाबला खेलेगी। इसके बाद दोनों ग्रुप की टॉप दो टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंचेंगी। क्वार्टर फाइनल में इन चार टीमों का सामना पहले से सीधे प्रवेश पाने वाली भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश की टीमों से होगा। इसके बाद विजेता टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। सेमीफाइनल के विजेताओं के बीच गोल्ड मेडल के लिए फाइनल और हारने वाली टीमों के बीच ब्रॉन्ज मेडल मैच खेला जाएगा।
और पढ़ें- Asian Games 2026: मीराबाई चानू ने रचा इतिहास, एशियन गेम्स में जीता पहला मेडल
क्या हो सकता है भारत-पाकिस्तान मुकाबला?
भारत और पाकिस्तान को अलग-अलग क्वार्टर फाइनल ब्रैकेट में रखा गया है। 28 सितंबर को पाकिस्तान का सामना ग्रुप B की दूसरे नंबर वाली टीम से होगा, जबकि भारत ग्रुप A की दूसरे नंबर वाली टीम के खिलाफ खेलेगा। इसलिए दोनों टीमों की भिड़ंत क्वार्टर फाइनल में नहीं हो सकती। इसके बाद भी फैंस को भारत-पाकिस्तान मुकाबले की उम्मीद बनी हुई है। अगर दोनों टीमें अपने-अपने क्वार्टर फाइनल और फिर सेमीफाइनल मुकाबले जीतती हैं, तो 3 अक्टूबर को गोल्ड मेडल के लिए भारत और पाकिस्तान आमने-सामने हो सकते हैं। वहीं, अगर दोनों टीमें सेमीफाइनल में हार जाती हैं, तो उसी दिन ब्रॉन्ज मेडल मैच में भी भारत-पाकिस्तान की भिड़ंत संभव है। यानी मौजूदा ड्रॉ के अनुसार दोनों टीमों की टक्कर केवल गोल्ड मेडल या ब्रॉन्ज मेडल मैच में हो सकती है। इसके लिए दोनों टीमों को पहले नॉकआउट मुकाबले जीतने होंगे।
एशियन गेम्स 2026 को लेकर सर्च किए जाने वाले सवाल
1. क्या एशियन गेम्स 2026 में भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच हो सकता है?
हां। दोनों टीमें अलग-अलग ब्रैकेट में हैं, इसलिए उनकी भिड़ंत गोल्ड मेडल या ब्रॉन्ज मेडल मैच में संभव है।
2. भारत और पाकिस्तान क्वार्टर फाइनल में क्यों नहीं भिड़ेंगे?
भारत और पाकिस्तान को अलग-अलग क्वार्टर फाइनल ब्रैकेट में रखा गया है।
3. भारत-पाकिस्तान का मुकाबला कब हो सकता है?
दोनों टीमें अपने-अपने सेमीफाइनल तक पहुंचती हैं तो 3 अक्टूबर को फाइनल में भिड़ सकती हैं। दोनों के सेमीफाइनल हारने पर उसी दिन ब्रॉन्ज मेडल मैच में मुकाबला संभव है।