
पहली बार एशियन गेम्स में उतरेंगी शूटर सोनम उत्तम मस्कर. (फोटो- INSTAGRAM)
Sonam Uttam Maskar, Asian Games 2026: कहते हैं कि अगर हौसले बुलंद हों और परिवार का साथ मिले, तो कोई भी मंजिल पाना असंभव नहीं होता. महाराष्ट्र के कोल्हापुर की 23 साल की राइफल शूटर सोनम उत्तम मस्कर की कहानी भी कुछ ऐसी ही है. कभी सिर्फ एक शौक के रूप में शूटिंग शुरू करने वाली सोनम अब जापान के आइची-नागोया में आयोजित होने वाले 20वें एशियन गेम्स में भारतीय शूटिंग टीम का हिस्सा हैं और मेडल जीतने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.
कौन हैं सोनम उत्तम मस्कर?
सोनम मस्कर इस समय महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल कैटेगरी में दुनिया की 13वें नंबर की शूटर हैं. इतनी कम उम्र में ही उन्होंने अपनी सटीक निशानेबाजी के दम पर इंटरनेशनल लेवल पर अपनी छाप छोड़ी है. उनके नाम ISSF वर्ल्ड कप फाइनल का सिल्वर मेडल, दो ISSF वर्ल्ड कप सिल्वर मेडल और एक ब्रॉन्ज मेडल दर्ज है.
मुंबई के कॉलेज से एशियन गेम्स तक का सफर
सोनम का शूटिंग से पहला परिचय साल 2018 में मुंबई के तोलानी कॉलेज ऑफ कॉमर्स में पढ़ाई के दौरान हुआ था. उस समय एक प्रोफेशनल शूटर बनना उनकी योजनाओं में शामिल नहीं था. हालांकि, कोविड-19 महामारी के कारण उनकी शुरुआती प्रैक्टिस में थोड़ी रुकावट आई. इसके बाद, साल 2021 में सोनम ने कोल्हापुर रेंज में 10 मीटर एयर राइफल की ट्रेनिंग पर पूरा ध्यान दिया और प्रोफेशनल शूटिंग में कदम रखा.
पिता के त्याग ने दी पंखों को उड़ान
सोनम की इस शानदार सफलता के पीछे उनके पिता उत्तम मस्कर के त्याग की एक दिल छू लेने वाली कहानी है. साल 2021 में जब सोनम को ट्रेनिंग के लिए प्रोफेशनल शूटिंग इक्विपमेंट की जरूरत थी, तब परिवार के पास इतने पैसे नहीं थे. कोविड महामारी के आर्थिक संकट के बावजूद, पिता ने बेटी का सपना टूटने नहीं दिया और लगभग 6 लाख रुपए के शूटिंग इक्विपमेंट खरीदने के लिए अपनी एक प्रॉपर्टी बेच दी थी. उनके पिता के इसी बड़े त्याग ने उन्हें नई उड़ान दी और आज वह जिस मुकाम पर हैं, उसमें उनके पिता का सबसे बड़ा योगदान है.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More