September 30, 2026

जयपुर में 'Fake Apple' का खेल बेनकाब, USA के लोगों को लाखों का चूना लगाने वाले 14 गिरफ्तार

जयपुर में साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क का पुलिस ने खुलासा किया है. आरोपी एप्पल कस्टमर सपोर्ट (Apple Customer Support) के नाम पर फर्जी कॉल सेंटर चला रहे थे और USA के नागरिकों को निशाना बनाकर ठगी करते थे. साइबर क्राइम यूनिट, जयपुर पश्चिम पुलिस और डीएसटी की संयुक्त कार्रवाई में 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.

पुलिस के मुताबिक, यह अवैध कॉल सेंटर जयपुर के विद्याधर नगर थाना क्षेत्र स्थित एक फ्लैट में संचालित हो रहा था. यहां मौजूद आरोपी खुद को Apple Customer Support और Technical Support का कर्मचारी बताते थे. इसके बाद अमेरिकी नागरिकों को Apple Products और Services से जुड़े फर्जी SMS और मैसेज भेजे जाते थे.

यह भी पढ़ें: जयपुर की गलियों में छिपा है भूलभुलैया सीढ़ियों वाला रहस्यमयी कुंड! महलों से अलग है इसकी कहानी

सम्बंधित ख़बरें

इन संदेशों में 399, 499 और 699 US Dollar के पहले से मंज़ूर शुल्क बताए जाते थे. आरोपी इन कथित चार्ज के नाम पर लोगों को झांसे में लेते और साइबर ठगी को अंजाम देते थे. पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े दूसरे पहलुओं की भी जांच कर रही है.

फर्जी Apple Support के नाम पर विदेशी नागरिकों को निशाना

डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण और पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने Apple Customer Support की पहचान का इस्तेमाल कर लोगों का भरोसा जीतने की कोशिश की. फर्जी संदेशों के जरिए Apple Products और Services पर शुल्क लगाए जाने की जानकारी देकर अमेरिकी नागरिकों को ठगी के जाल में फंसाया जाता था.

साइबर क्राइम यूनिट के उप पुलिस अधीक्षक आदित्य पुनिया के मुताबिक, साइबर ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान इस फर्जी कॉल सेंटर के बारे में जानकारी जुटाई गई. इसके बाद जयपुर पश्चिम पुलिस और डीएसटी के साथ मिलकर फ्लैट पर दबिश दी गई.

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 24 मोबाइल फोन, 13 लैपटॉप, राउटर, सिम कार्ड, चार्जर और एक्सटेंशन बोर्ड समेत अन्य सामान बरामद किया. पुलिस ने कॉल सेंटर में मौजूद 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

कितने लोगों से हुई ठगी, नेटवर्क की जांच जारी

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी कॉल सेंटर के जरिए कितने विदेशी नागरिकों को निशाना बनाया गया. साथ ही ठगी से जुड़ी रकम का नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है, इसकी भी जांच की जा रही है.

संयुक्त कार्रवाई के बाद बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य सामान को जांच का हिस्सा बनाया गया है. पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े लोगों और साइबर ठगी के पूरे तरीके के बारे में जानकारी जुटा रही है. जांच के दौरान यह भी सामने आने की उम्मीद है कि आरोपी कितने समय से इस गतिविधि को चला रहे थे.

जयपुर पुलिस की इस कार्रवाई ने विदेशों में बैठे लोगों को निशाना बनाकर चलाए जा रहे फर्जी कस्टमर सपोर्ट नेटवर्क पर फोकस बढ़ाया है. फिलहाल 14 आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.

---- समाप्त ----