Published: Friday, October 16, 2026, 13:53 [IST]
Ankur Patel Wife Murder Case: अमेरिका के शिकागो में 31 साल के भारतीय मूल के अंकुर पटेल पर अपनी अलग रह रही पत्नी की हत्या करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, पत्नी ने उसके साथ दोबारा रहने से इनकार कर दिया था। वह अपने पूर्व सहकर्मी के साथ रिश्ते में थी और उसी के साथ जिंदगी बिताना चाहती थी।
आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर अंकुर ने पत्नी की गर्दन पर चाकू से वार कर दिया। हत्या के बाद उसने भारत भागने की कोशिश की, लेकिन फ्लाइट में सवार होने से पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में उस पर फर्स्ट-डिग्री मर्डर का आरोप लगाया गया है। आइए विस्तार से जानते हैं कि कैसे पत्नी की साजिश रची?
Who Is Ankur Patel: कौन है अंकुर पटेल?
अंकुर पटेल अमेरिका के शिकागो में रहने वाला 31 वर्षीय भारतीय मूल का व्यक्ति है। उसकी 32 साल की पत्नी से एक बेटी है। दोनों के रिश्तों में तनाव के बाद पत्नी मई में विस्कॉन्सिन स्थित घर छोड़कर चली गई थी। घटना अगस्त की बताई गई है। उस समय तक दोनों को अलग हुए करीब तीन महीने हो चुके थे।
मामले से जुड़ी मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, परिवार के दबाव में महिला कुछ समय के लिए अंकुर के पास वापस आई थी, लेकिन जल्द ही फिर अलग हो गई। इसके बाद वह अपने पूर्व सहकर्मी के साथ रिश्ते में आ गई और लुइसियाना चली गई। उसने अपनी बेटी को अंकुर के साथ रहने की अनुमति दी थी। हालांकि, यहां से दोनों के बीच विवाद और गहरा गया। आरोप है कि अंकुर ने पत्नी और उसके नए साथी को जान से मारने की धमकी दी। वह पत्नी को बेटी से बात करने से भी रोकता था, जिससे दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे।
बेटी को भारत भेजा, पत्नी को शिकागो बुलाया
हत्या की घटना से करीब दो सप्ताह पहले अंकुर शिकागो में अपने रिश्तेदारों के साथ रहने चला गया था। आरोप है कि उसने अपनी बेटी को पत्नी की जानकारी के बिना भारत में अपने माता-पिता के पास भेज दिया। इसके बाद उसने पत्नी को शिकागो आने के लिए कहा। कथित तौर पर उसने वजह बेटी से मिलने की इच्छा जताई थी। महिला को पता नहीं था कि बच्ची भारत भेजी जा चुकी है। वह अपने नए साथी के साथ शिकागो पहुंची। दोनों के लिए यह मुलाकात रिश्ते को लेकर एक निर्णायक मोड़ साबित हुई। महिला बेटी से मिलने की उम्मीद में अंकुर के अपार्टमेंट पहुंची, जबकि उसका नया साथी बाहर इंतजार कर रहा था।
सुलह से इनकार किया तो चाकू से गोद डाला
अपार्टमेंट में पहुंचने के बाद महिला को पता चला कि बेटी वहां नहीं है। अंकुर ने कथित तौर पर उसके सामने फिर से साथ रहने की इच्छा जताई। लेकिन महिला ने साफ कर दिया कि वह उसके साथ सुलह नहीं करना चाहती और अपने नए साथी के साथ रहना चाहती है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इसी बात पर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि गुस्से में अंकुर ने पत्नी की गर्दन पर चाकू से वार कर दिया। उधर, काफी देर तक महिला के बाहर नहीं आने पर उसका साथी उसे मैसेज करता रहा। जब कोई जवाब नहीं मिला, तो उसने पुलिस को फोन किया। पुलिसकर्मी इमारत में पहुंचे, लेकिन महिला का साथी उस अपार्टमेंट की सही पहचान नहीं कर सका, जहां वह गई थी। इसके बाद पुलिसकर्मी वहां से लौट गए।
वॉशिंग मशीन के पास मिला महिला का शव
महिला की हत्या का पता तब चला, जब उसी रात अंकुर से मिलने आने वाले उसके दोस्त अपार्टमेंट पहुंचे। वहां उन्हें महिला का शव वॉशिंग मशीन के पास मिला। उस समय अंकुर अपार्टमेंट में मौजूद नहीं था। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, पोस्टमार्टम में महिला के शरीर पर कई चोटें मिलीं, जिनमें बचाव के दौरान लगी चोटें भी शामिल थीं। ये चोटें इस आशंका की ओर इशारा करती हैं कि हमले के दौरान महिला ने खुद को बचाने की कोशिश की होगी। हालांकि, घटना के पूरे क्रम की पुष्टि जांच और अदालत में पेश किए जाने वाले साक्ष्यों से होनी है।
हत्या के बाद भारत भागने की कोशिश
हत्या के बाद अंकुर के कथित कदमों ने मामले को और गंभीर बना दिया। रिपोर्टों के मुताबिक, वह भारत जाने के लिए शिकागो के ओ'हारे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचा। वहां काउंटर बंद होने के कारण वह टिकट नहीं खरीद सका। इसके बाद वह पास के एक होटल में ठहरा। आरोप है कि उसने हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू ठिकाने लगा दिया। फिर वह एक स्टोर गया और नए कपड़े खरीदे। अगले दिन उसने भारत जाने के लिए हवाई टिकट खरीदा। लेकिन विमान में सवार होने से पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इस तरह कथित तौर पर देश छोड़कर भागने की उसकी कोशिश नाकाम हो गई।
पूछताछ में क्या बोला अंकुर पटेल?
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पूछताछ के दौरान अंकुर ने कथित तौर पर कहा कि उसका पत्नी को मारने का इरादा नहीं था। हालांकि, जब पत्नी ने उसे बताया कि वह अपने नए साथी के साथ रहना चाहती है, तो उसने उसे 'खत्म कर दिया'। अंकुर पर, फर्स्ट-डिग्री मर्डर यानी प्रथम श्रेणी की हत्या का आरोप लगाया गया है। यह एक गंभीर आपराधिक आरोप है।