September 19, 2026

Anant Singh, : ‘मोकामा की धरती पर पैदा हुआ हूं’... अनंत सिंह को नीरज की खुली चुनौती, बोले- ब्रह्माणी मंदिर चलो, कसम खाकर बताओ मर्डर किसने किया

Anant Singh : बाहुबली नेता और मोकामा के विधायक अनंत सिंह ने आज बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि नीरज कुमार को पहली बार नेता उन्होंने नहीं बनाया था। अनंत सिंह का दावा है कि उन्होंने ही ललन सिंह के पास नीरज कुमार की पैरवी की थी, जिसके बाद उन्हें टिकट मिला था।

अब अनंत सिंह के इस दावे पर जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। नीरज कुमार ने सवाल उठाते हुए कहा, "कौन मुझे नेता बनाया है? कब जन्म हुआ है समता पार्टी में अनंत सिंह का? नीतीश कुमार जी के खिलाफ आपत्तिजनक बात बोलने वाला व्यक्ति।"

नीरज कुमार ने कहा कि उन्होंने और पार्टी ने अनंत सिंह पर दया करते हुए उन्हें उम्मीदवार बनाया था। उन्होंने आरोप लगाया कि अनंत सिंह कभी नीतीश कुमार के खिलाफ आपत्तिजनक बातें करते थे। नीरज कुमार ने कहा, "हमने तो दया किया, पार्टी ने दया किया कि उनको उम्मीदवार बना दिया। नीतीश कुमार जी के खिलाफ वह बोलता था और किस-किसको बोलता था, हम सब वीडियो में देखे हैं कि कौन-कौन गुंडा और फरार उसमें खड़ा है।"

उन्होंने आगे कहा, "खबरदार! कानून का राज है। गाड़ी में भी गुंडा, घर में भी गुंडा लेकर, पड़ोसी बनाकर गलबहियां करके रखते हैं। कितना किस पर मुकदमा है, एक-एक का विजुअल हमने काटकर रखा है।" नीरज कुमार ने अनंत सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि राजनीति में उन्हें नीतीश कुमार ने जन्म दिया और अब उन्हीं का नमक खाकर उनके खिलाफ बोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी मंशा निशांत कुमार का विरोध करने की है। नीरज कुमार ने कहा कि जब निशांत कुमार पार्टी के नेता हो गए हैं तो "सम्राट-निशांत की जोड़ी को हिला" देने की कोशिश की जा रही है।

'मंदिर में चलकर बताओ किसने किया था कत्ल'

अनंत सिंह के आरोपों और मंदिर में चलकर जवाब देने की चुनौती पर नीरज कुमार ने कहा कि उन्होंने पहले भी कोर्ट में सबूत देने की बात कही थी। उन्होंने कहा, "हम तो कहे थे कोर्ट में सबूत दो। यदि हमने कोई अपराध किया है तो कोर्ट में आवेदन दो।"

मां ब्रह्माणी मंदिर का जिक्र करते हुए नीरज कुमार ने कहा कि जहां अनंत सिंह का घर है, वहीं मंदिर में चलकर जवाब दिया जाए। उन्होंने कहा, "मां ब्रह्माणी के मंदिर में, जहां उनका घर है, चलो। मां ब्रह्माणी के मंदिर में भगवती के सामने हाथ-पैर रखवाओ। वहां नरमुंड सम्मेलन करवाया था, वहां चलो। और वहां पर जो नाम मैंने लिखवाया था, उसके बारे में बताओ कि इन लोगों का कत्ल किसने किया था।"

नीरज कुमार ने दावा किया कि 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने मां ब्रह्माणी के दरबार में इस मुद्दे को उठाया था। उन्होंने कहा, "2019 के लोकसभा चुनाव में हमने लिस्ट जारी की थी। मां ब्रह्माणी के दरबार में कहो कि इन लोगों के कत्ल का गुनहगार कौन है। उस समय तो चुप्पी लग गई थी। पानी भरवा दिया था मैदान में ताकि सभा न हो सके। लेकिन नीरज कुमार ने तय कर लिया कि सभा करेंगे, तो तुम्हारे गांव में बैठकर सभा किया। गांव में बैठकर सभा किए थे तो बोली नहीं निकली थी।" उन्होंने कहा, "इसलिए यह जो बेउर जेल का संत है, इन लोगों से न तो हम सर झुकाकर बात किए हैं और न सर झुकने दिए हैं।"

'कभी आरपी सिंह, कभी ललन सिंह को बताते हैं जिम्मेदार'

नीरज कुमार ने अनंत सिंह के पुराने मामलों और जेल जाने को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने कहा, "2019 में खुद के दम पर चुनाव जीत लिए थे। अयोध्या जा रहे हैं, कह रहे थे, तो मिल गए अभी बेउर जेल में। कभी वह बोलते हैं कि उनको आरपी सिंह ने फंसा दिया, कभी बोलते हैं कि ललन सिंह ने फंसा दिया, कभी कहते हैं कि लिपि सिंह ने फंसा दिया, कभी बिहार सरकार फंसा दी। लगता है वह मेंटली डिस्टर्ब हो चुका है।"

डिबेट की चुनौती पर नीरज कुमार ने कहा कि पहले यह बताया जाए कि डिबेट में क्या कहा जाएगा। उन्होंने कहा, "वह डिबेट की बात कर रहा है तो बता दे, आपकी वह डिबेट लिखी है क्या? वह डिबेट लिख भी देगा क्या। हम तो कहे हैं कि कोर्ट में आवेदन दो।" नीरज कुमार ने आरोप लगाया कि अनंत सिंह ने पुलिस की जांच और पूरी न्यायिक प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि यदि आरोप सही हैं तो कोर्ट में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग करनी चाहिए।

'मोकामा की धरती पर पैदा हुआ हूं'

नीरज कुमार ने कहा कि उनका मोकामा से पुराना संबंध है। उन्होंने कहा, "मेरा मोकामा घर है। मोकामा की धरती पर मैं पैदा लिया हूं। अपना आग-पानी से जलते हैं। ऐसे लोग जो राजनीति में ईर्ष्या करने वाले हैं, ऐसे लोग भस्म हो जाते हैं।"वहीं, समझौते के सवाल पर नीरज कुमार ने कहा कि अनंत सिंह को पहले "कंप्रोमाइज" लिखना सीखना चाहिए। उन्होंने कहा, "कंप्रोमाइज लिखना भी आता है क्या उसको? और यही सब करने के बाद हमसे कंप्रोमाइज करने लग गए। हम कभी उससे कोई सहयोग मांगने गए हैं क्या? कोई मदद मांगने गए हैं क्या?" नीरज कुमार ने आगे कहा, "अरे जो व्यक्ति मां-बाप का नहीं हुआ। बाहुबली है तो लिखो ना नाम में बाहुबली। इसमें डर लगता है क्या?"