August 10, 2026

Amitabh Bachchan: 83 की उम्र में अमिताभ बच्चन की 24 घंटे की शिफ्ट, खाना और नींद भी कुर्बान

Amitabh Bachchan: 83 की उम्र में अमिताभ बच्चन की 24 घंटे की शिफ्ट, खाना और नींद भी कुर्बान

83 में भी बिग बी की 24 घंटे की शिफ्ट

बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन 83 साल की उम्र में भी काम को लेकर उतने ही एक्टिव नजर आ रहे हैं, जितने अपने करियर के शुरुआती दौर में थे. इन दिनों वह लगातार काम में व्यस्त हैं और उन्होंने खुद बताया है कि काम के लंबे घंटों का असर उनकी नींद और खाने तक पर पड़ रहा है. अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग पर फैंस से माफी मांगते हुए बताया कि पिछले कुछ दिनों से उनकी शिफ्ट सुबह 7 बजे शुरू होकर अगले दिन सुबह 7 बजे तक चल रही थी. यानी कई बार उन्हें लगातार करीब 24 घंटे काम करना पड़ा. इस व्यस्त शेड्यूल की वजह से वह अपने फैंस से नियमित तौर पर जुड़ नहीं पा रहे थे. उन्होंने कहा कि काम की जिम्मेदारियां उनके लिए बाकी चीजों से पहले आती हैं.

अमिताभ बच्चन का यह पोस्ट ऐसे समय आया है जब वह टीवी के लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के 18वें सीजन की मेजबानी के लिए लौट चुके हैं. शो का नया सीजन 10 अगस्त से शुरू हुआ है और इसका थीम ‘सोचना पड़ेगा’ रखा गया है. अमिताभ ने बताया कि अब जब KBC की शुरुआत हो गई है, तो वह अपने सिस्टम और दिनचर्या को दोबारा व्यवस्थित करने की कोशिश करेंगे और फैंस के साथ पहले की तरह नियमित संपर्क बनाए रखेंगे.

काम किए बिना हो जाते हैं परेशान

लंबे समय से फिल्म इंडस्ट्री में काम कर रहे अमिताभ के लिए काम सिर्फ पेशा नहीं बल्कि उनकी रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा है. एक्टर ने लिखा, ‘इस अजीब नंबरिंग और छूटे हुए ब्लॉग्स के लिए माफी चाहता हूं, काम के घंटों और काम की व्यस्तता ने मुझे जुड़ने का समय ही नहीं दिया, इसलिए मुझे बहुत खेद है. काम के घंटे सुबह 7 बजे से लेकर अगले दिन लगभग 7 बजे तक चलते थे. चौबीसों घंटे काम, कमिटमेंट्स तो कमिटमेंट्स होती हैं और उन्हें किसी भी अन्य चीज से ज्यादा प्राथमिकता देनी पड़ती है समय, नींद, भोजन आदि.’

ये भी पढ़ें- शहनाज गिल ने गलती से निगल ली नोज रिंग, फैंस हुए परेशान, बोले- ध्यान रखो पहले

केबीसी का 18वां सीजन शुरू हो रहा है

उन्होंने आगे कहा, ‘लेकिन आज थोड़ा ब्रेक है क्योंकि सोनी के साथ केबीसी का 18वां सीजन शुरू हो रहा है और हम सिर्फ प्रार्थना ही कर सकते हैं और प्रार्थना ही कर सकते हैं. मैं पहले की तरह नियमित रूप से आपके साथ जुड़ा रहूंगा, लेकिन मुझे अपनी व्यवस्था को व्यवस्थित करने दीजिए या यूं कहें कि मुझे अपनी प्रणाली को फिर से व्यवस्थित करने दीजिए और हम सही तरीके से जुड़ जाएंगे, मेरा प्यार और मेरी प्रशंसा.’

अमिताभ बच्चन का इंस्टाग्राम पोस्ट

KBC के साथ फिर टीवी पर बिग बी

अमिताभ बच्चन एक बार फिर कौन बनेगा करोड़पति के होस्ट के तौर पर दर्शकों के सामने हैं. शो का 18वां सीजन सोमवार से शुक्रवार रात 9 बजे प्रसारित होगा. वहीं फिल्मों की बात करें तो अमिताभ पिछली बार नाग अश्विन की फिल्म कल्कि 2898 एडी में नजर आए थे, जिसमें उन्होंने अश्वत्थामा का किरदार निभाया था. अब वह फिल्म के सीक्वल की शूटिंग भी कर रहे हैं.

अंकिता

अंकिता

शिव की नगरी काशी से अपने करियर की शुरुआत करने वाली अंकिता पाण्डेय ने महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से पत्रकारिता में अपनी मास्टर्स की डिग्री पूरी की है.  पत्रकारिता में आने के लिए उन्होंने बनारस के लोकल न्यूज पेपर "काशीवार्ता" से अपनी शुरुआत की, बाद में दिल्ली जैसे महानगरी का रुख करते हुए उन्होंने TV9 भारतवर्ष में अक्टूबर साल 2023 से जुड़ी. आज वह इस ऑर्गनाइजेशन में बतौर सब-एडिटर काम कर रही हैं. क्राइम, एंटरटेनमेंट और अन्य सभी को न्यूज के साथ विजुअल तरीके से पेश करने में रुचि है. पत्रकारिता के अलावा कविताएं लिखना, फोटोग्राफी करना और म्यूजिक का भी शौक रखती हैं.

Read More

google button