October 2, 2026

Amitshah Bhopal Visit: अमित शाह का भोपाल दौरा 2 अक्टूबर से, गोपालक सम्मेलन में होंगे शामिल; उज्जैन डेयरी प्लांट का करेंगे भूमिपूजन

Amit Shah Bhopal Visit:  केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह 2 अक्टूबर को रात नौ बजे भोपाल (Amit Shah Bhopal Visit) आ रहे हैं। शाह भोपाल के दशहरा मैदान में 3 अक्टूबर को होने वाले राज्यस्तरीय गोपालक सम्मेलन (Gopalak Sammelan)  में हिस्सा लेंगे।

 यहीं से शाह उज्जैन में 255 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित आधुनिक डेयरी प्लांट (Ujjain Dairy Plant) का डिजिटल भूमिपूजन (Digital Bhoomi Pujan) करेंगे। इसके अलावा शाह प्रदेश के गृह विभाग के अफसरों से महत्वपूर्ण चर्चा भी करेंगे। तीन अक्टूबर की रात 8 बजे शाह दिल्ली लौटेंगे।

रात्रि विश्राम भोपाल में करेंगे

राज्यस्तरीय गोपालक सम्मेलन में शामिल होने केन्द्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह 2 अक्टूबर की रात 9 बजे भोपाल पहुंचेंगे। वे भोपाल के होटल ताज में रुकेंगे। 3 अक्टूबर को वे मध्य प्रदेश में गृह विभाग के अधिकारियों से चर्चा करेंगे। इसके अलावा भेल दशहरा मैदान में होने जा रहे गोपालक सम्मेलन में शामिल होंगे। केन्द्रीय गृह मंत्री 3 अक्टूबर रात 8 बजे भोपाल से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

255 करोड़ के डेयरी प्लांट का करेंगे भूमिपूजन

उज्जैन एवं आसपास के क्षेत्रों में दुग्ध प्रसंस्करण क्षमता के विस्तार और डेयरी क्षेत्र को सुदृढ़ करने की दिशा में मध्यप्रदेश राज्य सहकारी दुग्ध महासंघ द्वारा 255 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक डेयरी प्लांट स्थापित किया जा रहा है। अमित शाह 3 अक्टूबर को भोपाल से इस प्लांट का डिजिटल भूमि-पूजन करेंगे।

दो साल में पूरा होगा प्रोजेक्ट

उज्जैन में स्थापित होने वाला यह अत्याधुनिक डेयरी प्लांट क्षेत्र में दुग्ध प्रसंस्करण, मूल्यवर्धन और विभिन्न डेयरी उत्पादों के उत्पादन को नई गति देगा। परियोजना की कुल लागत में से 170 करोड़ रुपये राज्य शासन द्वारा अनुदान के रूप में प्रदान किए जाएंगे, जबकि शेष 85 करोड़ रुपये दुग्ध संघ द्वारा ऋण के माध्यम से जुटाए जाएंगे। परियोजना को अगले दो वर्ष में पूर्ण करने का लक्ष्य है।

3 लाख लीटर प्रतिदिन दूध से शुरुआत

प्रस्तावित प्लांट की शुरुआत 3 लाख लीटर प्रतिदिन दूध प्रसंस्करण क्षमता के साथ होगी। भविष्य में इसकी क्षमता को बढ़ाकर 5 लाख लीटर प्रतिदिन तक किया जा सकेगा। इससे उज्जैन और आसपास के क्षेत्रों में बढ़ती दुग्ध उपलब्धता के साथ प्रसंस्करण क्षमता का विस्तार भी संभव होगा।

ये खबर भी पढ़ें: MP Teachers Arrear: मध्यप्रदेश जनजातीय कार्य विभाग के 388 टीचर्स को जॉइनिंग की तारीख से मिलेगा रेगुलर पे-स्केल और एरियर्स का फायदा, आदेश जारी

पैक्ड मिल्क से लेकर घी तक का होगा उत्पादन

प्लांट में आधुनिक प्रसंस्करण सुविधाओं के साथ विभिन्न प्रकार के डेयरी उत्पादों का उत्पादन किया जाएगा। इसमें 1.50 लाख लीटर प्रतिदिन पैक्ड मिल्क, 25 हजार लीटर प्रतिदिन दही तथा 10 हजार लीटर प्रतिदिन लस्सी/छाछ के उत्पादन की क्षमता होगी। इसके अलावा 10 मीट्रिक टन प्रतिदिन क्षमता का घी प्लांट भी स्थापित किया जाएगा।

ये खबर भी पढ़ें: Anuppur EVM Chori: अनूपपुर में वेयरहाउस से 24 EVM मशीनें गायब, 8 बैलेट यूनिट और 16 कंट्रोल यूनिट चोरी

डेयरी क्षेत्र के विस्तार में महत्वपूर्ण कदम

मध्यप्रदेश राज्य सहकारी दुग्ध महासंघ के प्रबंध संचालक जयदेव बिस्वास ने कहा, “उज्जैन में आधुनिक डेयरी प्लांट की स्थापना मध्यप्रदेश के डेयरी क्षेत्र के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस परियोजना से दुग्ध उत्पादकों से प्राप्त दूध का बेहतर प्रसंस्करण और मूल्यवर्धन सुनिश्चित होगा तथा उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण डेयरी उत्पाद उपलब्ध कराने की क्षमता बढ़ेगी।” उन्होंने कहा, “प्लांट को भविष्य में 5 लाख लीटर प्रतिदिन तक विस्तारित करने का प्रबंध किया गया है। इससे उज्जैन एवं आसपास के क्षेत्रों में दुग्ध उत्पादन, संग्रहण, प्रसंस्करण और विपणन की पूरी श्रृंखला को मजबूती मिलेगी तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी।”

यह परियोजना आधुनिक प्रसंस्करण सुविधाओं के माध्यम से दुग्ध उत्पादकों से प्राप्त दूध के बेहतर उपयोग और मूल्यवर्धन को बढ़ावा देगी। साथ ही क्षेत्र में डेयरी गतिविधियों के विस्तार से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने तथा उपभोक्ताओं तक उच्च गुणवत्ता वाले डेयरी उत्पाद पहुंचाने की दिशा में भी यह महत्वपूर्ण पहल साबित होगी।

ये खबर भी पढ़ें:  Captain Smit Machhar: फ्लाईदुबई फ्लाइट हादसा टालने वाले कैप्टन स्मित मछार को मिलेगा गुजरात गरिमा पुरस्कार, बहादुरी की दुनियाभर में तारीफ