पंजाब में आतंकवाद, गैंगस्टरों और संगठित अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत अमृतसर देहाती पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने सीमा पार से हथियारों की तस्करी के एक मामले का पर्दाफाश किया है. इस दौरान हथियारों का एक जखीरा बरामद किया गया है, साथ ही एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है.
बॉर्डर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IGP) गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने रविवार (4 अक्टूबर) को अमृतसर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इस दौरान उन्होंने बताया कि एसएसपी स. कंवलप्रीत सिंह चहल और उनकी विशेष टीम ने सीमा पार से संचालित हो रहे एक बड़े आतंकी मॉड्यूल को ध्वस्त किया है.
हथियार के साथ एक आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान एक खतरनाक एके-47 राइफल, मैगजीन, नौ जिंदा कारतूस, दो हैंड ग्रेनेड, एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है. इस मामले में नवजोत सिंह चीमा उर्फ नवजोत (28 वर्ष), निवासी सराय अमानत खां को गिरफ्तार किया गया है.
ड्रोन के जरिए भारतीय सीमा में गिराए गए थे
आईजी गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि बरामद किए गए सभी हथियार और गोला-बारूद पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई समर्थित हैंडलर्स और तस्करों द्वारा ड्रोन के जरिए भारतीय सीमा में गिराए गए थे. प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि इस पूरे नेटवर्क के तार सिर्फ पाकिस्तान ही नहीं, बल्कि मिडिल ईस्ट (खाड़ी देशों) में बैठे हैंडलरों से भी जुड़े हुए हैं. सीमा पार बैठे ये राष्ट्र विरोधी तत्व पंजाब के नौजवानों को पैसों का लालच देकर और उन्हें गुमराह करके अपने देशविरोधी मंसूबों के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं.
#WATCH | Amritsar, Punjab: On a cross-border weapon smuggling operation busted by the Punjab Police, Border Range IG Gurpreet Singh Bhullar says, “…One accused has been arrested, and a consignment of hardware, pushed across the international border into Indian territory, has been recovered. This consignment included an AK-47 rifle, magazines, live cartridges, and two hand grenades. The arrested individual, Navjot, is a resident of Sarai Amanat Khan in the Tarn Taran district… Preliminary investigations have revealed the involvement of a Middle East-based handler, a Pakistan-based smuggler, and an ISI agent; we are currently working on these leads. Essentially, Navjot had been instructed to initially hold onto this lethal hardware. He was subsequently directed to transport it to a specific location in an adjoining district… As for Navjot’s background, he has a history of involvement in the drug trade, specifically small-scale heroin smuggling…”
— ANI (@ANI) October 4, 2026
पेशे से ट्रक ड्राइवर है आरोपी नवजोत
पकड़ा गया आरोपी नवजोत पेशे से ट्रक ड्राइवर है और खुद नशे का आदी रहा है. वह पहले भी सीमा पार से होने वाली हेरोइन और ड्रग्स की तस्करी में लिप्त था. विदेशी हैंडलरों ने उसे इस बार नशीले पदार्थों की जगह इन घातक हथियारों की खेप उठाने और उसे आगे पहुंचाने का काम सौंपा था. इसके एवज में उसे 50,000 रुपये देने का वादा किया गया था, हालांकि उसे अभी तक कोई पैसा नहीं मिला था.
हैंडलरों का निर्देश था कि वह इन हथियारों को पास के किसी पड़ोसी जिले में ले जाकर बताए गए ठिकाने पर एक अज्ञात ‘कट-आउट’ (सहयोगी) के हवाले करे. हैंडलर अपनी पहचान छिपाने के लिए वर्चुअल नंबरों और कट-आउट सिस्टम का इस्तेमाल करते हैं ताकि किसी को दूसरे की पहचान पता न चल सके. हालांकि समय रहते पुलिस द्वारा की गई इस गिरफ्तारी से एक बड़ी घटना टल गई.
आईजी भुल्लर ने की टीम की सराहना
आईजी भुल्लर ने कहा कि अमृतसर देहाती पुलिस की यह तीसरी एके-47 राइफल की बरामदगी है. हैंड ग्रेनेड का मिलना विशेष रूप से चिंताजनक है क्योंकि यह बड़े पैमाने पर जान-माल का नुकसान करने की क्षमता रखता है. इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चहल, एसपी (डी) रमनविंदर सिंह, डीएसपी यादविंदर सिंह (अटारी) और सीआईए इंस्पेक्टर मनमीत सिंह शामिल थे. आईजी ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस टीम को डीजीपी पंजाब और मुख्यमंत्री भगवंत मान के समक्ष उपयुक्त पुरस्कार और सम्मान के लिए सिफारिश की जाएगी.
इस संबंध में थाना घरिंडा में सीआईए विंग की शिकायत पर मामला दर्ज कर गहन जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संपर्कों, हथियारों के संभावित निशानों और तकनीकी पहलुओं की गहराई से पड़ताल कर रही है. आईजी ने दोहराया कि बीएसएफ के साथ मिलकर द्वितीय रक्षा पंक्ति, एंटी-ड्रोन टीमों और लगातार चलाए जा रहे कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन (CASO) के जरिए सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई है. उन्होंने साफ कहा कि कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा.
रिपोर्ट/ ललित