July 21, 2026

चलो संसद: प्रदर्शनकारियों के समर्थन में आई कांग्रेस, गिरफ्तार युवाओं को मुफ्त कानूनी सहायता देने का एलान; AICC ने जारी किए वकीलों के संपर्क

देश

  • Edited by: शिव शुक्ला
  • Updated Jul 21, 2026, 03:52 PM IST

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने घोषणा की है कि चलो संसद विरोध प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार, हिरासत में लिए गए या कथित तौर पर हमले का शिकार हुए युवाओं को कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए पार्टी ने अपने वकीलों की टीम के संपर्क विवरण साझा किए हैं।

Image

प्रदर्शनकारियों के समर्थन में आई कांग्रेस।

नीट परीक्षा में अनियमितता और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग के साथ ही केंद्रीय शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर राजधानी दिल्ली में बीते दिन हुए चलो संसद मार्च के दौरान गिरफ्तार, हिरासत में लिए गए या कथित तौर पर पुलिस की बर्बरता का सामना करने वाले युवाओं के समर्थन में कांग्रेस सामने आई है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने घोषणा की है कि ऐसे सभी युवाओं को पार्टी की कानूनी टीम की ओर से हरसंभव कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

कांग्रेस ने कहा कि उसकी लीगल टीम प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार, हिरासत में लिए गए और कथित रूप से हमले का शिकार हुए युवाओं की मदद के लिए उपलब्ध रहेगी। पार्टी ने प्रभावित लोगों और उनके परिजनों से संपर्क करने के लिए वकीलों के नाम और ईमेल जारी किए हैं।

AICC ने जारी किए वकीलों के संपर्क

इस एलान के साथ ही कांग्रेस महासचिव और संचार प्रभारी जयराम रमेश ने एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। साथ ही उन्होंने जिन अधिवक्ताओं के संपर्क साझा किए गए हैं, उनमें शामिल हैं-

इसके अलावा कांग्रेस ने आंदोलन के पीड़ितों के लिए एक गूगल फॉर्म का लिंक शेयर कर उसे भरने की अपील भी की है, ताकि पार्टी की टीम उनसे सीधे संपर्क कर आवश्यक कानूनी सहायता उपलब्ध करा सके।

कांग्रेस का दावा- हरसंभव मदद मिलेगी

AICC की ओर से जारी संदेश में कहा गया है कि पार्टी की कानूनी टीम को निर्देश दिया गया है कि विरोध प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार, हिरासत में लिए गए या कथित रूप से हमले का सामना करने वाले युवाओं को हरसंभव कानूनी सहायता दी जाए। कांग्रेस ने कहा कि जरूरत पड़ने पर वकीलों की टीम प्रभावित परिवारों से सीधे संपर्क करेगी।

राहुल प्रियंका ने आरएमएल पहुंचकर घायल छात्रों से मुलाकात की

वहीं, इससे पहले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) पहुंचकर पुलिस के लाठीचार्ज में घायल हुए छात्रों से मुलाकात की। सूत्रों का कहना है कि राहुल गांधी, प्रियंका और कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल में उस घायल छात्रा की मां से भी मिले जिसे सोमवार को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया था।

'देश में छात्रों का भविष्य रौंदा जा रहा है'

कांग्रेस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर एक वीडियो जारी कर पोस्ट किया कि कांग्रेस के तीनों प्रमुख नेताओं ने सोमवार को युवाओं के प्रदर्शन के दौरान पुलिस की बर्बरता और लाठीचार्ज में घायल हुए छात्रों’’ से मुलाकात की। पार्टी ने आरोप लगाया कि देश में छात्रों का भविष्य रौंदा जा रहा है’ और आवाज उठाने पर उन पर लाठियां बरसाई जा रही हैं।

राहुल बोले- पीएम माफी मांगे और शाह दें इस्तीफा

इससे पहले, राहुल गांधी ने कहा कि पुलिस कार्रवाई को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को माफी मांगनी चाहिए और पद से इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने संसद परिसर में संवाददाताओं से यह भी कहा छात्रों की पिटाई के लिए गृह मंत्री अमित शाह को भी त्यागपत्र देना चाहिए। वहीं, प्रियंका गांधी ने कहा कि हम सदन में चर्चा करना चाहते हैं, लेकिन विपक्ष को बात करने नहीं दिया जाता। ये सदन उन्हीं युवाओं का है जिन पर सरकार लाठी चला रही है, आंसू गैस के गोले छोड़ रही है। बच्चों की बात सुनी जाए और शिक्षा मंत्री का इस्तीफा लिया जाए।

Shiv Shukla

शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें

  • Hindi News
  • India

End of Article