August 31, 2026

AI VIDEO WAR: यूपी चुनाव से पहले अखिलेश यादव vs योगी आदित्यनाथ, सोशल मीडिया पर छिड़ी नई जंग

AI VIDEO WAR: यूपी चुनाव से पहले अखिलेश यादव vs योगी आदित्यनाथ, सोशल मीडिया पर छिड़ी नई जंग

अखिलेश यादव और सीएम योगी. (फाइल फोटो)

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासत अब सोशल मीडिया के मैदान में भी तेज हो गई है. AI यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से बनाए जा रहे वीडियो को लेकर बीजेपी और समाजवादी पार्टी आमने-सामने हैं. पहले अखिलेश यादव को लेकर एक AI वीडियो सामने आया, जिसमें उन्हें विलेन के तौर पर दिखाया गया और मशहूर फिल्मी गाने की धुन पर उनके कार्यकाल पर निशाना साधा गया.

अब अखिलेश यादव ने उसी अंदाज में पलटवार किया है. प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का AI वीडियो चलाया और बीजेपी को चेतावनी दे दी. अखिलेश ने कहा कि बच्चों का खेल खेलोगे तो हम भी खेलेंगे. यानी चुनाव से पहले यूपी में अब AI वीडियो वार शुरू हो चुकी है. जाहिर है कि यूपी में विधानसभा चुनाव भले ही अभी दूर हों, लेकिन सियासी जंग अभी से हाईटेक हो गई है. AI से बनाए गए वीडियो के जरिए एक-दूसरे पर हमला बोला जा रहा है.

पहले एक AI वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसमें सपा मुखिया अखिलेश यादव को विलेन के किरदार में दिखाया गया. वीडियो में फिल्मी गाने की धुन का इस्तेमाल करते हुए अखिलेश सरकार के कार्यकाल पर निशाना साधा गया. वीडियो वायरल हुआ तो अब अखिलेश यादव ने भी इसका जवाब उसी अंदाज में दिया.

अखिलेश ने पीसी में चलवाया CM योगी का AI वीडियो

लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का AI वीडियो मीडिया के सामने चलवाया और बीजेपी पर फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए उनकी और उनकी पत्नी डिंपल यादव की छवि खराब करने का आरोप लगाया. अखिलेश ने कहा कि आजकल AI से लगातार वीडियो बनाए जा रहे हैं. उनके और डिंपल यादव को लेकर भी इस तरह के वीडियो बनाए जा रहे हैं.

अखिलेश यादव ने सरकार से कहा कि बच्चों का खेल न खेले. अपना पैसा बर्बाद न करे. अखिलेश यादव ने कहा, ‘क्योंकि बच्चों की तरह खेलोगे तो हम भी खेलेंगे तुम्हारे साथ…’ अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा, ‘ये हैंडल कौन चला रहा है?… ये बच्चों का खेल न खेलें… हमने तो बच्चों को बहुत पहले लैपटॉप दे दिया था… हम इनसे बहुत आगे हैं.’

समाजवादी पार्टी ने भी वीडियो बनाकर दिया जवाब

अखिलेश ने यहां तक कहा कि उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं से ऐसा वीडियो नहीं बनाने के लिए कहा था, लेकिन जब दूसरी तरफ से लगातार AI वीडियो बनाए जाते रहे तो समाजवादी पार्टी ने भी जवाब देने का फैसला किया. अखिलेश ने दावा किया कि बीजेपी को AI वीडियो बनाने के लिए पैसा खर्च करना पड़ रहा है, जबकि समाजवादी पार्टी के पास इस तरह के वीडियो बनाने की क्षमता पहले से मौजूद है.

AI वीडियो के बहाने बीजेपी पर हमला बोला

अखिलेश यादव ने AI वीडियो के बहाने बीजेपी सरकार पर भ्रष्टाचार का भी हमला बोला. उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश के इतिहास में इतनी भ्रष्ट सरकार कभी नहीं आई. यानी AI वीडियो के बहाने शुरू हुई लड़ाई अब सीधे 2027 के चुनावी नैरेटिव तक पहुंच गई है, लेकिन बीजेपी ने भी अखिलेश के आरोपों पर पलटवार किया.

बीजेपी का पलटवार

बीजेपी प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा, ‘समाजवादी पार्टी कोशिश कर रही है कि कैसे बीजेपी की छवि समाप्त करने के लिए रोज नया नैरेटिव गढ़ा जाए, झूठ फैलाया जाए. लगातार ऐसी चीजें करने की कोशिश कर रही है, लेकिन झूठ के पांव नहीं होते.’ बीजेपी प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने समाजवादी पार्टी के AI वीडियो वाले हमले को 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले आरक्षण को लेकर बनाए गए नैरेटिव से जोड़ दिया.

झूठ फैलाने की कोशिश सफल नहीं होगी

राकेश त्रिपाठी कहा कि बार-बार झूठ फैलाने की कोशिश सफल नहीं होगी. बीजेपी का दावा है कि 2024 में भी आरक्षण खत्म होने का नैरेटिव बनाया गया था. लेकिन जनता ने उसे स्वीकार नहीं किया. उन्होंने कहा, ’24 के चुनाव के पहले आरक्षण खत्म हो जाएगा का झूठ बोला गया था. काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती. सपा AI से वीडियो बनाकर छवि खराब करने की कोशिश करे, लेकिन छवि खराब होने वाली नहीं है. क्योंकि छवि जनता के मन और दिल में है.’

सोशल मीडिया पर बीजेपी और सपा में जंग

दरअसल, 2027 के चुनाव से पहले बीजेपी और समाजवादी पार्टी दोनों ही सोशल मीडिया को बड़ा हथियार मान रही हैं. ग्राउंड पर रैलियों और जनसभाओं के साथ अब डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी नैरेटिव की लड़ाई लड़ी जा रही है. AI ने इस लड़ाई को और दिलचस्प बना दिया है, क्योंकि AI वीडियो में किसी नेता को कुछ ऐसा कहते या करते हुए दिखाया जा सकता है, जो असल में हुआ ही नहीं. यही वजह है कि अखिलेश ने तो साफ कह दिया है, ‘बच्चों की तरह खेलोगे तो हम भी खेलेंगे तुम्हारे साथ.’

पंकज चतुर्वेदी

पंकज चतुर्वेदी

पंकज चतुर्वेदी को पत्रकारतिा के क्षेत्र में एक दशक से ज्यादा का अनुभव है. देश और उत्तरप्रदेश की राजनीति को कवर करते आ रहे हैं. दिल्ली में अमर उजाला और पंजाब केसरी से पत्रकारिता की यात्रा की शुरुआत हुई.  दिल्ली में 2 साल की पत्रकारिता के बाद मिट्टी की खुशबू यूपी खींच लाई और तब से राजधानी लखनऊ में ही पत्रकारिता हो रही है. 2017 में यात्रा को विस्तार देते हुए इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े. राजनीतिक खबरों में गहरी रुचि और अंदर की खबर को बाहर लाने का हुनर, साथ ही यूपी की ब्यूरोकेसी में खास पकड़.  पत्रकारिता का फलसफा खबरों को खबर के रूप में ही जनता तक पहुंचाना.

Read More

google button