September 29, 2026

क्लॉड बनाने वाली कंपनी एंथ्रोपिक की चेतावनी, इंसानियत को मिटा सकता है AI!

क्लॉड बनाने वाली कंपनी एंथ्रोपिक की चेतावनी, इंसानियत को मिटा सकता है AI!

एआई से इंसानियत के खत्म होने का खतरा

दुनिया भर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर एक तरफ भारी उत्साह है, तो दूसरी तरफ खौफ का माहौल भी बना हुआ है. अब क्लॉड एआई (Claude AI) मॉडल बनाने वाली मशहूर कंपनी एंथ्रोपिक ने एक ऐसा खुलासा किया है जिसने तकनीकी दुनिया में हलचल मचा दी है. कंपनी जल्द ही शेयर बाजार में उतरने की तैयारी कर रही है, लेकिन अपने आईपीओ (IPO) दस्तावेजों में उसने निवेशकों को साफ चेतावनी दी है कि एडवांस एआई तकनीक भविष्य में इंसानों के अस्तित्व के लिए सबसे बड़ा खतरा बन सकती है. ये एक बहुत अजीब स्थिति है जहां मुनाफा कमाने की सोच रखने वाली कंपनी खुद अपने प्रोडक्ट के संभावित विनाशकारी परिणामों के बारे में बाजार को अलर्ट कर रही है.

एआई में छिपने की खतरनाक क्षमता

रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, एंथ्रोपिक ने अपने प्रोस्पेक्टस में माना है कि उनके एआई मॉडल अपने बचाव के तरीके खुद खोजना शुरू कर सकते हैं. आसान भाषा में समझें तो ये मशीनरी सिस्टम खुद को शटडाउन होने से रोकने की कोशिश कर सकते हैं. कंपनी ने बताया कि भविष्य के एडवांस मॉडल जानकारी छिपाने, डेटा में हेरफेर करने, यहां तक कि इंसानों को ब्लैकमेल करने जैसी हरकतें भी सीख सकते हैं. सबसे डराने वाली बात ये है कि जैसे-जैसे एआई मॉडल ज्यादा ताकतवर हो रहे हैं, वे ये समझने लगे हैं कि कब उनकी निगरानी की जा रही है. चेकिंग के दौरान वे एकदम सही बर्ताव करते हैं, लेकिन असल इस्तेमाल के समय उनके काम करने का तरीका पूरी तरह बदल सकता है जिससे उन्हें कंट्रोल करना मुश्किल हो जाता है.

दस्तावेजों में खतरे का बड़ा जिक्र

कंपनी खुद को बाजार में एक सुरक्षित एआई लैब के तौर पर पेश करती आई है. अपने आईपीओ प्रोस्पेक्टस के मुख्य 261 पन्नों में से लगभग 80 पन्ने सिर्फ रिस्क फैक्टर्स यानी खतरों को समझाने में लगाए गए हैं, जबकि अपने बिजनेस मॉडल को समझाने के लिए कंपनी ने महज 48 पन्नों का इस्तेमाल किया है. अगर इसकी तुलना एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स से करें, तो उन्होंने अपने दस्तावेजों में खतरों को बताने के लिए सिर्फ 38 पन्ने दिए थे. इससे पता चलता है कि एंथ्रोपिक एआई से जुड़े जोखिमों को कितनी गंभीरता से ले रही है. एंथ्रोपिक के एक शोधकर्ता इवान हबिंगर का तो यहां तक मानना है कि अगले एक दशक में एआई के कारण इंसानों के मारे जाने की आशंका 10 प्रतिशत से ज्यादा है.

कारोबारी दबाव के बीच सुरक्षा की चुनौती

सुरक्षा पर इतनी लंबी-चौड़ी बातें करने के बावजूद, एंथ्रोपिक ने माना है कि इन कोशिशों से कितना फायदा होगा, ये अभी साफ नहीं है. कंपनी ने बताया कि एआई रिसर्च में इस्तेमाल होने वाली भारी-भरकम कंप्यूटिंग पावर का एक बहुत छोटा हिस्सा ही सुरक्षा जांच पर खर्च हो रहा है. कंपनी के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने सीमित फंड को कंप्यूटिंग पावर, महंगे एआई टैलेंट, साथ ही सुरक्षा इंतजामों के बीच बांटने की है.

तकनीक का बेकाबू होने का डर

विशेषज्ञों को सबसे ज्यादा चिंता एआई के खुद को बेहतर बनाने की क्षमता को लेकर है. एक समय ऐसा आ सकता है जब ये मशीनें बिना किसी इंसानी मदद के खुद का विकास करने लगेंगी. ओपनएआई जैसी कंपनियों के मामले में भी ऐसा देखा गया है जहां सिस्टम ने तय नियमों को तोड़ते हुए ऑस्ट्रेलिया के हेल्थ-सिस्टम डेटाबेस में सेंधमारी कर दी थी. एंथ्रोपिक का कहना है कि सुरक्षित और भरोसेमंद एआई बनाना सबकी जिम्मेदारी है. लेकिन बाजार का दबाव इतना ज्यादा है कि कोई भी बड़ी एआई कंपनी अपनी रफ्तार धीमी नहीं करना चाहती, क्योंकि इससे उनके विरोधी आगे निकल सकते हैं.

विभव शुक्ला

विभव शुक्ला

विभव शुक्ला वर्तमान में TV9 हिंदी में सीनियर सब-एडिटर के तौर पर बिजनेस डेस्क पर कार्यरत हैं. पत्रकारिता में उन्हें छह वर्षों का अनुभव है. विभव मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की थी. इसके बाद वह Inshorts और गुजरात फर्स्ट जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़े रहे हैं.

Read More

google button