Adventure Bike: सुजुकी ने नई SV-7GX मोटरसाइकिल को एडवांस फीचर्स के साथ बाजार में उतारा है। इसमें 645cc V-ट्विन इंजन, राइड-बाय-वायर, TFT डिस्प्ले और क्विकशिफ्टर जैसे फीचर्स मिलेंगे।
सुजुकी ने ग्लोबल मार्केट में पेश की नई एडवेंचर बाइक
- Published: 22 Jul 2026, 06:37 PM IST
- Last Updated: 22 Jul 2026, 06:37 PM IST
Adventure Bike: सुजुकी ने अपनी नई मिडिलवेट मोटरसाइकिल SV-7GX को ग्लोबल मार्केट में पेश कर दिया है। इस बाइक की सबसे बड़ी खासियत इसका 645cc V-ट्विन इंजन है, जो पहले कंपनी की लोकप्रिय V-Strom 650 में इस्तेमाल किया जाता था। हालांकि, नई SV-7GX में इस इंजन को आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक्स और एडवांस फीचर्स के साथ अपडेट किया गया है, जिससे यह पहले से ज्यादा प्रीमियम और टेक्नोलॉजी से लैस बन गई है।
अमेरिका में इसकी शुरुआती कीमत 8,399 डॉलर और ब्रिटेन में 6,999 पाउंड रखी गई है। फिलहाल कंपनी ने भारत में इसकी लॉन्च डेट या कीमत को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। ऐसे में इंटरनेट पर चल रही संभावित कीमतें केवल अनुमान हैं।
645cc V-ट्विन इंजन और नए इलेक्ट्रॉनिक फीचर्स
नई Suzuki SV-7GX में 645cc, 90-डिग्री V-ट्विन, लिक्विड-कूल्ड इंजन दिया गया है, जिसे Euro 5+ उत्सर्जन मानकों के अनुसार अपडेट किया गया है। यह इंजन करीब 73hp की पावर और 64Nm का टॉर्क जनरेट करता है। बाइक में पहली बार राइड-बाय-वायर थ्रॉटल दिया गया है, जो Suzuki के Intelligent Ride System (S.I.R.S.) को सपोर्ट करता है। इसके जरिए राइडिंग मोड और ट्रैक्शन कंट्रोल जैसी सुविधाओं का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके अलावा, बाई-डायरेक्शनल क्विकशिफ्टर भी स्टैंडर्ड फीचर के तौर पर मिलता है।
TFT डिस्प्ले और स्मार्ट कनेक्टिविटी
SV-7GX में 4.2-इंच TFT कलर डिस्प्ले दिया गया है, जो स्मार्टफोन कनेक्टिविटी के साथ आता है। इसके जरिए राइडर को टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन, कॉल और मैसेज नोटिफिकेशन के अलावा मौसम की जानकारी भी मिलती है। बाइक में एडजस्टेबल विंडस्क्रीन, नकल गार्ड और इंटीग्रेटेड रियर लगेज कैरियर जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं, जिससे यह शहर और लंबी दूरी की राइडिंग दोनों के लिए उपयुक्त बन जाती है।
भारत लॉन्च पर क्या है अपडेट?
Suzuki Motorcycle India ने अभी तक SV-7GX के भारतीय बाजार में लॉन्च को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। हालांकि, चूंकि इसका 645cc इंजन पहले V-Strom 650XT में भारतीय बाजार का हिस्सा रह चुका है, इसलिए भारतीय राइडर्स इस प्लेटफॉर्म की परफॉर्मेंस से पहले ही परिचित हैं। अब सभी की नजर कंपनी की आधिकारिक लॉन्च घोषणा पर टिकी है।
(मंजू कुमारी)