September 17, 2026

Adidas Layoffs: गुरुग्राम टेक हब में 50% छंटनी, 350 कर्मचारियों की गई नौकरी

Adidas Layoffs: मशहूर स्पोर्ट्सवियर ब्रांड एडिडास (Adidas) ने भारत में काम कर रहे अपने कर्मचारियों को बड़ा झटका दिया है. कंपनी ने अपने गुरुग्राम वाले इंडिया टेक हब में बड़े पैमाने पर छंटनी की है. इस फैसले से हब में काम करने वाले करीब 50 फीसदी लोगों की नौकरी चली गई है. 15 सितंबर को हुई एक टाउन हॉल मीटिंग में मैनेजमेंट ने कर्मचारियों को इस कड़े फैसले की जानकारी दी. टेक सेक्टर में पहले से ही अनिश्चितता का माहौल है. ऐसे में एडिडास की तरफ से उठाया गया ये कदम कर्मचारियों के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं है.

अचानक सुनाया गया छंटनी का फरमान

एडिडास ने साल 2021 में इस इंडिया टेक हब की शुरुआत की थी. इसका मुख्य मकसद टेक्नोलॉजी सेक्टर की बेहतरीन प्रतिभाओं को अपने साथ जोड़ना था. यहां की टीम एडिडास के प्रोडक्ट्स से जुड़े तमाम अहम प्रोजेक्ट्स को संभालती थी. करीब पांच साल तक सबकुछ ठीक चला. अब अचानक कंपनी ने अपने कुल 700 कर्मचारियों में से आधे यानी 300 से 350 लोगों को बाहर का रास्ता दिखा दिया है. इनमें डेटा साइंटिस्ट, डेटा इंजीनियर के साथ-साथ कई सीनियर सॉफ्टवेयर इंजीनियर भी शामिल हैं. ये सभी लोग कंपनी के अहम प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहे थे.

दो हिस्सों में बांटे गए कर्मचारी

नौकरी से निकाले गए लोगों को मैनेजमेंट ने दो अलग-अलग ग्रुप में बांट दिया है. पहले ग्रुप में शामिल लोगों को 15 सितंबर के दिन ही एग्जिट लेटर थमा दिया गया. वहीं दूसरे ग्रुप को थोड़ी मोहलत मिली है. ये लोग 15 दिसंबर तक कंपनी में बने रहेंगे. इस दौरान इनका काम दूसरे कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियां सौंपना होगा. एडिडास ने साफ किया है कि प्रभावित कर्मचारियों को उचित ट्रांजिशन सपोर्ट दिया जाएगा. हालांकि कंपनी किस तरह की मदद देगी, इस पर अभी तक पूरी स्थिति साफ नहीं हो सकी है.

एडिडास ने क्यों लिया इतना बड़ा फैसला

हर किसी के मन में यही सवाल है कि आखिर इस कंपनी को इतनी बड़ी छंटनी क्यों करनी पड़ी. एडिडास ने इस फैसले को अपने लिए भी एक बेहद मुश्किल कदम बताया है. मैनेजमेंट का कहना है कि वे अपने काम करने के तरीके को बेहद सरल बनाना चाहते हैं. बाजार की बदलती जरूरतों के हिसाब से टीम को फिर से तैयार किया जा रहा है. कंपनी का मानना है कि संगठन के कुछ हिस्सों को आसान बनाने से उन्हें लंबे समय तक टिके रहने में मदद मिलेगी. ये फैसला तेजी से बदलते कारोबारी माहौल को ध्यान में रखकर लिया गया है.

टेक सेक्टर में लगातार जा रही नौकरियां

एडिडास में हुई छंटनी की ये खबर ऐसे वक्त में आई है जब दुनिया भर की टेक कंपनियां अपने कर्मचारियों की संख्या कम कर रही हैं. बड़ी-बड़ी कंपनियां अपने खर्चों में कटौती करने के लिए लगातार रिस्ट्रक्चरिंग कर रही हैं. ओरेकल (Oracle) जैसी दिग्गज कंपनी में भी छंटनी का एक नया दौर शुरू हो चुका है. वहां भी 14 सितंबर को कई कर्मचारियों को बता दिया गया कि उनके पदों को खत्म किया जा रहा है. बाजार के जानकारों का मानना है कि आने वाले कुछ महीनों तक टेक इंडस्ट्री में ये उथल-पुथल जारी रह सकती है.

विभव शुक्ला

विभव शुक्ला

विभव शुक्ला वर्तमान में TV9 हिंदी में सीनियर सब-एडिटर के तौर पर बिजनेस डेस्क पर कार्यरत हैं. पत्रकारिता में उन्हें छह वर्षों का अनुभव है. विभव मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की थी. इसके बाद वह Inshorts और गुजरात फर्स्ट जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़े रहे हैं.

Read More

google button