सोनीपत के खरखौदा में सब-इंस्पेक्टर (SI) हरिप्रकाश ने युवती से छेड़छाड़ की शिकायत को निपटाने और राजीनामा कराने के नाम पर 20,000 मांगे थे, जिसका सौदा 8,000 में तय हुआ था।
सोनीपत में 8 हजार रिश्वत मामले में थाने की छत से कूदा SI।
- Published: 21 Aug 2026, 04:56 PM IST
- Last Updated: 21 Aug 2026, 04:56 PM IST
सोनीपत में ACB का बड़ा एक्शन: हरियाणा के सोनीपत जिले के खरखौदा में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रिश्वतखोरी के मामले में थाना खरखौदा के सब इंस्पेक्टर हरिप्रकाश और एक चाय दुकानदार राकेश को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि युवती से छेड़छाड़ की शिकायत को निपटाने और राजीनामा कराने के नाम पर 20 हजार की रिश्वत मांगी गई थी। बाद में सौदा 8 हजार में तय हुआ।
शिकायतकर्ता की ओर से ACB को सूचना दिए जाने के बाद टीम ने ट्रैप लगाया। थाना खरखौदा के सामने चाय की दुकान पर 8 हजार की रकम दिए जाने के बाद टीम ने दुकानदार राकेश को रंगे हाथ पकड़ लिया। पूछताछ में सामने आया कि रकम SI हरिप्रकाश के कहने पर ली जा रही थी।
कार्रवाई की भनक लगी तो छत से कूदा SI
चाय दुकानदार के पकड़े जाने की जानकारी मिलते ही SI हरिप्रकाश को ACB की कार्रवाई की भनक लग गई। आरोप है कि वह थाना परिसर की ऊपरी मंजिल पर पहुंच गया और वहां से नीचे छलांग लगा दी।
नीचे गिरने से उसके पैरों में चोट आई। कुछ देर तक वह अंधेरे में जनरेटर के पीछे पड़ा रहा। बाद में दर्द से कराहने की आवाज सुनकर पुलिसकर्मियों ने उसे देखा और इलाज के लिए सिविल अस्पताल खरखौदा पहुंचाया। अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
ACB ने बिछाया गया रिश्वत का ट्रैप
ACB के अनुसार, सिसाना गांव निवासी शिकायतकर्ता ने बताया था कि उसके भाई के खिलाफ खरखौदा थाने में एक युवती से छेड़छाड़ की शिकायत दी गई थी। आरोप है कि मामले में राजीनामा कराने और कार्रवाई से बचाने के नाम पर SI हरिप्रकाश ने 20 हजार की रिश्वत मांगी।
बाद में 8 हजार में सौदा तय हुआ। शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने के बजाय ACB से संपर्क किया। शिकायत के आरोपों का सत्यापन और बातचीत की रिकॉर्डिंग के बाद टीम ने ट्रैप की योजना बनाई।

शिकायतकर्ता को 8 हजार देकर थाना खरखौदा के सामने स्थित चाय की दुकान पर भेजा गया। वहां उसने चाय दुकानदार राकेश को रकम दी। रकम लेते ही ACB टीम ने उसे पकड़ लिया।
जांच अधिकारी की भूमिका भी जांच के घेरे में
इस मामले में शिकायत की जांच एक महिला अधिकारी सविता को सौंपी गई थी। बताया गया कि सविता को किसी काम से बाहर जाना पड़ा, जिसके बाद मामले की जिम्मेदारी SI हरिप्रकाश को दी गई। ACB अब यह भी जांच कर रही है कि पूरे मामले में जांच अधिकारी की कोई भूमिका थी या नहीं।
ACB ने चाय दुकानदार राकेश और SI हरिप्रकाश के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दोनों को अदालत में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।
SI हरिप्रकाश पर 2016 में भी लग चुका है रिश्वत का आरोप
SI हरिप्रकाश पर इससे पहले भी रिश्वत मांगने का आरोप लग चुका है। वर्ष 2016 में राजीव गांधी एजुकेशन सिटी स्थित राई चौकी के प्रभारी रहते हुए उस पर 3,500 मासिक रिश्वत मांगने का आरोप लगा था। उस मामले में विजिलेंस ने उसके खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत केस दर्ज किया था।
ACB अब मौजूदा मामले में रिश्वत की रकम, आरोपी पुलिसकर्मी और चाय दुकानदार के बीच हुई बातचीत तथा अन्य संबंधित तथ्यों की जांच कर रही है।
हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।