
आर्यवीर सहवाग अर्धशतक लगाने से चूके (फोटो-स्पोर्ट्स स्टार एक्स)
Aaryavir Sehwag Run-out: आर्यवीर सहवाग ने ऑस्ट्रेलिया अंडर 19 टीम के खिलाफ एक बार फिर टीम इंडिया को बेहतरीन शुरुआत दिलाई. इस खिलाड़ी ने ओपनिंग पर उतरते हुए ताबड़तोड़ चौके लगाए लेकिन फिर एक गलती ने उनका सारा काम खराब कर दिया. आर्यवीर सहवाग इस मुकाबले में 47 रन बनाकर आउट हो गए और वो महज तीन रनों से अर्धशतक चूक गए. आर्यवीर सहवाग और वीके विनीत के बीच एक रन लेने को लेकर गलतफहमी हुई और आर्यवीर को अपना विकेट गंवाना पड़ा. आर्यवीर इस तरह आउट होने से बेहद निराश थे और वो बड़े भारी मन से पवेलियन लौटे.
आर्यवीर सहवाग की बेहतरीन बैटिंग
आर्यवीर सहवाग अर्धशतक तो चूक गए लेकिन इस खिलाड़ी ने शुरुआत कमाल की. आर्यवीर ने ताबड़तोड़ चौकों की बारिश की. उन्होंने पहले ओवर की पांचवीं गेंद पर चौका लगाकर अपना खाता खोला. आर्यवीर को तेज गेंदबाजों के खिलाफ कोई दिक्कत नहीं हुई और अपने कमाल फुटवर्क के दम पर वो रन बनाते चले गए. बड़ी बात ये है कि उन्होंने एक भी बड़ा शॉट खेलने की कोशिश नहीं की और बिना जोखिम लिए उन्होंने आसानी से रन बटोरे.
आर्यवीर सहवाग ने की दो अहम साझेदारियां
आर्यवीर सहवाग ने अपनी पारी के दौरान दो बेहतरीन साझेदारियां भी की. इस खिलाड़ी ने कप्तान लक्ष्य रायचंदानी के साथ मिलकर 45 गेंदों में 46 रन जोड़े. इसके बाद आर्यवीर ने विनीत के साथ 68 गेदों में 55 रन जोड़कर टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचाया. हालांकि टीम का स्कोर जब 101 था तो आर्यवीर सहवाग खुद ही रन आउट हो गए.
Aaryavir Sehwag misses out on a fifty! 👀🏏
47 off 48 balls — 9 fours. 💥
A strong follow-up to his 28 in the first ODI.
India U-19 are 125/2 after 24 overs, having won the toss and elected to bat.
📸Sportstar#INDvAUS #U19 #YouthODI #Rajkot #TeamIndia #AaryavirSehwag pic.twitter.com/b5RxNhfGin
— lightningspeed (@lightningspeedk) September 21, 2026
पहले वनडे में भी आर्यवीर ने दिखाया था दम
आर्यवीर ने राजकोट में खेले गए पहले वनडे मैच में भी बेहतरीन बैटिंग की थी. इस खिलाड़ी ने 26 गेंदों मे 28 रनों का योगदान दिया था. उस मैच को टीम इंडिया ने 7 रनों से जीता था. बारिश के चलते वो मैच 20-20 ओवर का हुआ और इंडिया अंडर 19 टीम ने 182 रन बनाए. जवाब में ऑस्ट्रेलिया अंडर 19 टीम 175 रन ही बना सकी.

अनूप देव सिंह
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले का रहने वाला हूं. बचपन से ही खेलों से बेहद प्यार है. खासतौर पर क्रिकेट से जो इस देश का धर्म भी कहा जाता है. स्कूली पढ़ाई केंद्रीय विद्यालय से हुई. साल 2006 में दिल्ली यूनिवर्सिटी से हिंदी जर्नलिज्म की डिग्री हासिल की और उसके बाद मीडिया के मैदान में उतर गए और खेल की खबरों को ही अपना कर्म भी बना लिया. करियर की पहली नौकरी नेटवर्क 18 ग्रुप में मिली. शुरुआत IBN7 न्यूज चैनल से हुई जहां मैंने पांच सालों की लंबी पारी खेली. इसके बाद इंडिया टीवी, न्यूज नेशन जैसे बड़े नेशनल चैनल्स के साथ काम किया. 2016 में डिजिटल मीडिया में कदम रखा और ये मौका जी नेटवर्क ने दिया. एक साल तक क्रिकेट कंट्री के साथ काम किया और फिर हुई नेटवर्क 18 में वापसी. न्यूज 18 हिंदी की वेबसाइट में 4 सालों तक स्पोर्ट्स की हर खबर पाठकों तक पहुंचाई. अब टीवी9 के साथ हूं. क्रिकेट ही नहीं खेल की हर खबर आपतक एक नए अंदाज और नए कलेवर में पहुंचाता हूं.
Read More