
AAP ने चुनावी पैम्फलेट जारी किया Image Credit source: TV9
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने लुधियाना में पक्खोवाल रोड स्थित इनडोर स्टेडियम में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान आम आदमी पार्टी (AAP) का चुनावी पैम्फलेट जारी किया है. इस दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपनी सरकार के कामकाज और चुनावी गारंटियों का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने जनता से किए गए वादों से भी ज्यादा काम करके दिखाया है.
चुनावी पैम्फलेट जारी होने के बाद अब पंजाब में AAP का घर-घर जाकर प्रचार करने का अभियान रविवार से शुरू हो जाएगा. मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि वे लोगों को यह नहीं बताएंगे कि वे क्या करना चाहते हैं, बल्कि यह बताएंगे कि उन्होंने क्या-क्या विकास किया है. मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दावा करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने साढ़े चार साल के अंदर ही अपनी सभी गारंटियां पूरी कर ली हैं.
उन्होंने कहा कि पहले, सड़क हादसों में होने वाली मौतों के मामले में पंजाब पहले नंबर पर था, लेकिन, पद संभालते ही उन्होंने ‘रोड सेफ्टी फोर्स’ (SSF) बनाई. आज, केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी भी पंजाब की SSF की तारीफ करते हैं. आम आदमी पार्टी ने विधानसभा चुनावों के लिए अपने ‘मिशन 2027’ के तहत पार्टी कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर लोगों से जुड़ने का अभियान शुरू किया है, जिसका मकसद भगवंत मान को फिर से मुख्यमंत्री बनाना है.
यह अभियान तीन मुख्य कामों पर होगा केंद्रित
आम आदमी पार्टी (AAP) के मुताबिक, यह अभियान तीन मुख्य कामों पर केंद्रित होगा. जिसमें सरकार की उपलब्धियां बताना, विपक्ष के खिलाफ आरोप-पत्र पेश करना और सदस्यता अभियान चलाना. विंग और बूथ कमेटियों के 2.68 लाख लोगों का नेटवर्क गांवों में यह अभियान चलाएगा. ब्लॉक और जिला इंचार्ज, सभी विधायक और मंत्री, और खुद मुख्यमंत्री भी घर-घर जाकर प्रचार अभियान में हिस्सा लेंगे.
AAP का दावा है, सभी वादे किए पूरे
आम आदमी पार्टी (AAP) का दावा है कि राज्य में सरकार बनने के बाद चुनाव के दौरान किए गए सभी वादे जमीनी स्तर पर पूरे किए गए हैं. AAP के आकलन के अनुसार, सरकारी सुविधाओं और योजनाओं के चलते राज्य के प्रत्येक परिवार को सालाना लगभग 1.82 लाख रुपये का प्रत्यक्ष आर्थिक लाभ मिल रहा है, जो लगभग 15 हजार रुपये प्रति माह के बराबर है. पार्टी के स्वयंसेवक अब इन सभी कल्याणकारी योजनाओं और विकास परियोजनाओं का जायजा लेने के लिए आम जनता के घर-घर जाएंगे.

मोहित मलहोत्रा
भारतीय विद्या भवन दिल्ली से पत्रकारिता, 17 वर्षों का अनुभव, LIVE INDIA, NEWS 24 & NEWS 18 INDIA का पूर्व अनुभव, फिलहाल TV9 Bharatvarsh में चंडीगढ़ ब्यूरो - पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के लिए डिप्टी एडिटर
Read More