Published: Mon, 14 Sep 2026 08:14 PM (IST)Updated: Mon, 14 Sep 2026 09:16 PM (IST)
आमिर खान एक नई सुपरहीरो फिल्म में नजर आ सकते हैं, जिसके निर्माता साजिद नाडियाडवाला और निर्देशक आर बाल्की होंगे।
एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। पिछले साल खबर आई थी कि आमिर खान (Aamir Khan) लोकेश कनगराज की एक्शन फिल्म में सुपरहीरो का किरदार निभाएंगे।
हालांकि, 'कुली' को मिले खराब रिएक्शन के बाद यह संभावित साझेदारी रद्द हो गई। लेकिन अब ऐसा लग रहा है कि आमिर खान एक और फिल्म में सुपरहीरो का किरदार निभाने जा रहे हैं।
साजिद नाडियाडवाला होंगे निर्माता
खबर है कि आमिर खान निर्माता साजिद नाडियाडवाला के साथ एक नई सुपरहीरो फिल्म के लिए बातचीत कर रहे हैं। फिल्म का निर्देशन आर बाल्की द्वारा किया जाएगा और बताया जा रहा है कि यह अभी शुरुआती चरण में है।

फिल्म अभी शुरुआती दौर में है और इसकी स्कीनराइटिंग पर काम चल रहा है। बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट के अनुसार, आमिर खान से इस प्रोजेक्ट के लिए संपर्क किया गया है और उन्होंने रुचि भी दिखाई है, लेकिन उन्होंने अभी तक आधिकारिक तौर पर फिल्म साइन नहीं की है।
स्क्रीनप्ले पर चल रहा है काम
फिल्म निर्माता अगले कुछ महीनों में कहानी, स्क्रीनप्ले और मुख्य किरदार पर काम करेंगे। चूंकि फिल्म बड़े पैमाने पर बन रही है, इसलिए आगे बढ़ने से पहले इसके प्रोडक्शन डिजाइन और संपूर्ण लुक को भी अंतिम रूप देना होगा।
आमिर फिल्म साइन करने से पहले समय लेने के लिए जाने जाते हैं और आमतौर पर स्क्रिप्ट तैयार होने के बाद ही फिल्म के लिए हामी भरना पसंद करते हैं। खबरों के अनुसार,निर्माता उनके साथ मिलकर स्टोरी पर काम कर रहे हैं।
-1789396931472.webp)
पहली बार ऐसी भूमिका निभाएंगे मिस्टर परफेक्शनिस्ट
अगर सब कुछ प्लान के मुताबिक होता है, तो यह आमिर खान का निर्माता साजिद नाडियावाला और निर्देशक आर बाल्की के साथ पहला कोलैबोरेशन होगा। आर बाल्की 'चीनी कम', 'पा', 'की एंड का', 'पैड मैन', 'चुप: रिवेंज ऑफ द आर्टिस्ट' और 'घूमर' जैसी फिल्मों के निर्देशन के लिए जाने जाते हैं।
यह पहली बार होगा जब आमिर खान बड़े पर्दे पर सुपरहीरो की भूमिका निभाते नजर आएंगे। इसके अलावा 2018 में फ्लॉप हुई फिल्म 'ठग्स ऑफ हिंदुस्तान' के बाद लगभग एक दशक में यह उनकी पहली एक्शन फिल्म होगी।
यह भी पढ़ें- Aamir Khan की अपकमिंग मूवी में हुई धुरंधर के 'उजैर बलोच' की एंट्री, फिल्म से बाहर हुआ ये एक्टर?
यह भी पढ़ें- Race 3 के बाद अब आएगी रेस 4, आमिर खान के साथ दो नए सितारे फ्रेंचाइजी में हुए शामिल?