Aaj Ka Mausam: दिल्ली-एनसीआर में उमस भरी गर्मी से लोग परेशान हैं. मानसून के सीजन में भी इस बार कम बारिश होने की वजह से यमुना का जलस्तर भी काफी कम बना हुआ है. दिल्ली के अलावा उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में भी इस बार बेहद कम बारिश हुई है. हालांकि पश्चिम बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने से कई राज्यों में आंधी और बारिश का दौर जारी है.
इस बीच मौसम विभाग (IMD) ने देश के 17 राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है. आईएमडी के मुताबिक, इस दौरान 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. जबकि कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की भी संभावना है. जिसके चलते मौसम विभाग ने जलभराव वाले इलाकों से बचने की लोगों को सलाह दी है.
यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, अगले एक सप्ताह के दौरान पूर्वोत्तर के राज्यों, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, बिहार, उत्तर प्रदेश और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है. जबकि 18 और 19 जुलाई को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अत्यधिक भारी बारिश होने की आशंका है. जबकि दूसरी ओर, पश्चिम-मध्य और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में बारिश की गतिविधियां बेहद कम देखने को मिलेंगी. हालांकि मौसम विभाग ने यूपी-बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, सिक्किम, मणिपुर, त्रिपुरा, गुजरात, उत्तराखंड और केरल समेत 17 राज्यों में आंधी-तूफान के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है.
मौसम संबंधी चेतावनी
मुख्य बिंदु
(i) पश्चिम बंगाल एवं आसपास के क्षेत्रों पर स्थित सुस्पष्ट निम्न दबाव का क्षेत्र कमजोर होकर निम्न दबाव के क्षेत्र में परिवर्तित हो गया है। इसके प्रभाव से 17 जुलाई, 2026 को छत्तीसगढ़ में कहीं-कहीं अत्यंत भारी वर्षा तथा ओडिशा में भारी से बहुत भारी… pic.twitter.com/L3RWeaJz3b
— India Meteorological Department (@Indiametdept) July 17, 2026
जानें दिल्ली के मौसम का हाल
दिल्ली-एनसीआर में उमस भरी गर्मी से लोग परेशान हैं. इस बीच मौसम विभाग ने दिल्ली के मौसम का हाल बताया है. मौसम विभाग के मुताबिक, आज दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. हालांकि दोपहर के समय कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है. इस दौरान 20-30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. जबकि शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है. दिल्ली में रविवार और सोमवार को भी उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत नहीं मिलेगी. हालांकि कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है.
उत्तर प्रदेश में कैसा रहेगा आज मौसम?
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों के लिए आज भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. आईएमडी की मानें तो शनिवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश के वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर, चंदौली, मऊ, आजमगढ़, बलिया, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, संत कबीर नगर, बस्ती, अंबेडकरनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, प्रयागराज, मिर्जापुर और सोनभद्र समेत कई जिलों में बारिश का दौर जारी रह सकता है.
जबकि कल यानी रविवार से गुरुवार (23 जुलाई) तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, बागपत, शामली, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बिजनौर, हापुड़, बुलंदशहर, आगरा, अलीगढ़, मथुरा, फिरोजाबाद, एटा, कासगंज, बरेली, बदायूं, मुरादाबाद, रामपुर, अमरोहा और संभल समेत कई जिलों में व्यापक बारिश होने का अनुमान है. वहीं रविवार से मंगलवार (19 से 21 जुलाई) तक पूर्वी और पश्चिमी यूपी में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है. इस दौरान राज्य में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के चलने का भी अलर्ट जारी किया गया है.
ये भी पढ़ें: भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक को अस्पताल लेकर गई पुलिस, CJP ने लगाए प्रदर्शनकारियों के साथ मारपीट के आरोप
जानें कैसा रहेगा आज बिहार में मौसम?
उधर बिहार के भी कई जिलों में शनिवार से मंगलवार तक व्यापक बारिश हो सकती है. इस दौरान राज्य के पटना, गया, नालंदा, नवादा, भोजपुर, बक्सर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद, जहानाबाद, अरवल, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर, बेगूसराय, खगड़िया, भागलपुर, बांका, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, अररिया, सहरसा, सुपौल और मधेपुरा समेत अधिकांश जिलों में व्यापक बारिश होने का अनुमान है. जबकि रविवार और सोमवार को राज्य के कुछ हिस्सों में बहुत भारी बारिश हो सकती है.
ये भी पढ़ें: Delhi Rain: दिल्ली में मानसून आने के बाद भी क्यों नहीं हो रही झमाझम बारिश? एक्सपर्ट्स ने बताई वजह