बांग्लादेश में खसरे का कहर जारी, 994 बच्चों ने तोड़ा दम
बांग्लादेश में खसरे का कहर जारी, 994 बच्चों ने तोड़ा दम
IANS
06 Sep 2026
18:40 IST
New Update
/newsnation/media/media_files/thumbnails/53cd4d0c8897881a991f4d8be243bcf7-913677.jpg)
(source : IANS) ( Photo Credit : IANS)
ढाका, 6 सितंबर (आईएएनएस)। पिछले लगभग छह महीनों से बांग्लादेश में खसरा दम तोड़ने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले 24 घंटे में ही खसरे जैसे लक्षणों से पीड़ित तीन और बच्चों की मौत हो गई, जिसके बाद इस साल खसरे से जुड़ी कंफर्म और संदिग्ध मौतों का कुल आंकड़ा 994 पहुंच गया है।
युनाइटेड न्यूज बांग्लादेश ने बताया कि देश के स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (डीजीएचए) की ओर से रविवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में हुई तीनों मौतों को खसरे के संदिग्ध लक्षणों से हुई मौत के तौर पर दर्ज किया गया है। इस अवधि में खसरे से किसी नई पुष्ट मौत की सूचना नहीं मिली। इसके साथ संदिग्ध मौतों की संख्या बढ़कर 894, जबकि प्रयोगशाला से कंफर्म होने के बाद मौतों का आंकड़ा 100 पर बना हुआ है।
ढाका ट्रिब्यून ने भी स्वास्थ्य विभाग के हवाले से बताया कि इसी 24 घंटे में देशभर में 1,043 नए संदिग्ध खसरा मामले सामने आए। इसके साथ संदिग्ध मामलों की संचयी संख्या बढ़कर 1,64,148 हो गई है। वहीं, 55 नए मामलों में खसरे की प्रयोगशाला जांच पॉजिटिव आई, जिससे पुष्ट संक्रमणों की कुल संख्या 19,696 हो गई है।
डीजीएचएस के आंकड़ों के अनुसार,15 मार्च 2026 से अब तक 1,44,168 संदिग्ध खसरा मरीजों को अस्पतालों में भर्ती कराया जा चुका है। इनमें से 1,38,772 मरीज स्वस्थ होकर अस्पतालों से छुट्टी पा चुके हैं।
ताजा आंकड़े ऐसे समय सामने आए हैं जब बांग्लादेश कई महीनों से खसरे के गंभीर प्रकोप से जूझ रहा है। लगातार सामने आ रहे नए संदिग्ध मामलों और बच्चों की मौतों ने देश की सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था पर दबाव बढ़ा दिया है।
डीजीएचएस के ताजा आंकड़े यह भी दिखाते हैं कि संक्रमण का दायरा अभी कम नहीं हुआ है। रविवार को दर्ज किए गए नए मामलों और मौतों के साथ खसरे से संबंधित कुल मौतों का आंकड़ा 1,000 के बेहद करीब पहुंच गया है।
–आईएएनएस
केआर/
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें! विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें