प्रदेश सरकार अगले दो सालों में 15 हजार जवानों की भर्ती करने जा रही है, 9,500 पदों का शेड्यूल जारी हो चुका है। जानिए कब-कब निकलेंगी वैकेंसी और क्या है फिजिकल तथा एजुकेशन की पूरी योग्यता।
हरियाणा सरकार ने पुलिस में रिक्तियों को भरने का रोडमैप तैयार करना शुरू कर दिया है।
- Published: 13 Sep 2026, 01:26 PM IST
- Last Updated: 13 Sep 2026, 01:26 PM IST
हरियाणा पुलिस विभाग में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक बेहद राहत भरी और बड़ी खबर सामने आई है। राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन ने प्रदेश में पुलिस बल की कमी को दूर करने के लिए बड़े पैमाने पर भर्ती अभियान चलाने का निर्णय लिया है। आने वाले 6 महीनों के भीतर हरियाणा पुलिस में कॉन्स्टेबल के 9,500 पदों पर दो नई भर्तियों की घोषणा की जाएगी।
इसके साथ ही वर्ष 2028 तक चरणबद्ध तरीके से राज्य में पुलिस जवानों की चल रही करीब 25 हजार रिक्तियों को भरने का लक्ष्य तय किया गया है।
78 हजार स्वीकृत पदों में से 30% खाली
वर्तमान में हरियाणा पुलिस विभाग में कुल स्वीकृत पदों की संख्या लगभग 78 हजार है। चिंताजनक बात यह है कि इनमें से करीब 30 प्रतिशत पद खाली पड़े हैं। पुलिस विभाग पर काम का बोझ कम करने और राज्य की कानून व्यवस्था को अधिक दुरुस्त बनाने के लिए प्रदेश सरकार ने अगले दो वर्षों में 15 हजार नए जवानों को शामिल करने की योजना तैयार की है।
गौरतलब है कि इसी साल की शुरुआत यानी जनवरी में 5,500 पुलिस कॉन्स्टेबल के पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई थी, जो अभी अपने अंतिम चरणों में है। अब सरकार ने आगे की भर्तियों का पूरा खाका स्पष्ट कर दिया है।
ये है भर्तियों का पूरा रोडमैप
भविष्य की जरूरतों को देखते हुए हरियाणा पुलिस विभाग और हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने भर्तियों का समयबद्ध खाका तैयार किया है। इसी साल जनवरी में अधिसूचित किए गए 5,500 पदों पर चयन प्रक्रिया वर्तमान में चल रही है। इसके बाद इसी वर्ष नवंबर महीने में 4,000 नए पदों पर कॉन्स्टेबल भर्ती का ताजा नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा। फिर अगले साल मार्च 2027 के महीने में फिर से 5,500 कॉन्स्टेबल पदों के लिए नई भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इन तीन चरणों के संपन्न होने के बाद, वर्ष 2028 में शेष बचे खाली पदों को भरने के लिए अंतिम चरण की भर्ती निकाली जाएगी।
शैक्षणिक योग्यता, पात्रता और आयु सीमा की शर्तें
पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं यानी इंटरमीडिएट पास होना अनिवार्य है। इसके साथ ही 10वीं कक्षा में हिंदी या संस्कृत में से कोई एक विषय पढ़ा होना जरूरी है।
आयोग के नियमों के मुताबिक, केवल वही उम्मीदवार इस भर्ती में भाग ले सकेंगे जिन्होंने ग्रुप-सी का कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) पास किया होगा। सामान्य वर्ग के आवेदकों के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 25 वर्ष तय की गई है, जबकि आरक्षित श्रेणियों के उम्मीदवारों को नियमानुसार 5 वर्ष की छूट मिलेगी।
अभ्यर्थियों को शारीरिक माप और दौड़ की कसौटी पर खरा उतरना होगा
लिखित परीक्षा से पहले अभ्यर्थियों को शारीरिक माप और दौड़ की कसौटी पर खरा उतरना होगा। सामान्य वर्ग के पुरुष अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम लंबाई 170 सेमी, आरक्षित वर्ग के लिए 168 सेमी और सीना 83 से 87 सेमी होना आवश्यक है। पुरुषों को 12 मिनट में 2.5 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी होगी।
वहीं महिला अभ्यर्थियों के लिए सामान्य वर्ग में न्यूनतम लंबाई 158 सेमी और आरक्षित वर्ग में 156 सेमी तय है, जिन्हें 6 मिनट में 1 किलोमीटर की दौड़ लगानी होगी। फिजिकल टेस्ट पास करने वालों की 97 अंकों की लिखित परीक्षा होगी, जिसमें एनसीसी सर्टिफिकेट धारकों को 3 बोनस अंक मिलेंगे। अंत में इन्हीं अंकों के आधार पर फाइनल मेरिट लिस्ट बनेगी।