ग्वालियर44 मिनट पहलेलेखक: दिनेश गुप्ता
- कॉपी लिंक

- ग्वालियर, भिंड, शिवपुरी व श्योपुर के 436 में से 414 ने चुना ईवी
पेट्रोल की स्कूटी के मुकाबले नई पीढ़ी की पसंद अब तेजी से ई-स्कूटी की ओर बढ़ रही है। इसकी तस्वीर सरकारी स्कूलों के हायर सेकंडरी टॉपर्स के विकल्पों से सामने आई है। ग्वालियर, भिंड, शिवपुरी और श्योपुर के आंकड़ों में 436 पात्र विद्यार्थियों में से 414 यानी करीब 95% ने ई-स्कूटी मांगी है। पेट्रोल स्कूटी सिर्फ 22 विद्यार्थियों की पसंद रही। सबसे ज्यादा रुझान भिंड में है। यहां 136 में से 134 विद्यार्थियों ने ई-स्कूटी चुनी है।
ग्वालियर में 102 पात्र विद्यार्थियों में 95 ने ई-स्कूटी और सिर्फ 7 ने पेट्रोल स्कूटी का विकल्प दिया है। शिवपुरी में 130 में से 125 ने इलेक्ट्रिक और 5 ने पेट्रोल स्कूटी चुनी। श्योपुर में 68 में से 60 विद्यार्थियों ने ई-स्कूटी और 8 ने पेट्रोल स्कूटी मांगी है। यानी इन चार जिलों के आंकड़े साफ संकेत दे रहे हैं कि टॉपर छात्र-छात्राओं में पेट्रोल स्कूटी की तुलना में इलेक्ट्रिक स्कूटी की मांग कहीं ज्यादा है।
ईवी में मध्य प्रदेश ने लगाई छलांग, बड़े राज्यों में चौथा
नीति आयोग के भारतीय इलेक्ट्रिक मोबिलिटी इंडेक्स-2025 में मध्य प्रदेश 1 साल में 16 पायदान चढ़कर देश में 7वें स्थान पर पहुंच गया है। 17 बड़े राज्यों में मप्र चौथे नंबर पर है। महाराष्ट्र, कर्नाटक और तमिलनाडु ही उससे आगे हैं। आयोग ने इंदौर, भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर, उज्जैन को मॉडल ईवी सिटी चिह्नित करने की पहल को भी सकारात्मक माना है।
अंचल में 828 को लाभ, डीएल बनेंगे
- संयुक्त संचालक शिक्षा हरिओम चतुर्वेदी के मुताबिक ग्वालियर-चंबल अंचल के आठ जिलों में 828 विद्यार्थी योजना के लिए पात्र हैं। इन विद्यार्थियों के ड्राइविंग लाइसेंस बनाने के लिए शिविर लगाने के निर्देश दे दिए गए हैं।
- ग्वालियर में अब 102 विद्यार्थियों को राशि मिलेगी, इनमें 52 छात्राएं हैं। ई-स्कूटी चुनने वाले विद्यार्थियों को ₹1.20 लाख दिए जाएंगे।
ई-स्कूटी के लिए मिलेंगे ₹1.20 लाख
सरकारी स्कूल में पढ़ते हुए पहले प्रयास में हायर सेकंडरी परीक्षा में सर्वाधिक अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को सरकार स्कूटी खरीदने के लिए राशि देती है। सहशिक्षा वाले स्कूल से एक छात्र और एक छात्रा का चयन किया जाता है। ग्वालियर में पहले 103 विद्यार्थी पात्र थे, लेकिन एक विद्यार्थी के अंक 70% से कम होने के कारण उसका नाम हटाया गया।
.