गृहमंत्री ने लॉन्च किया 9 वीडियो मॉड्यूल वाला साइबर संकल्प:500 से ज्यादा छात्रों को ठगी पर किया जागरूक,1930 पर तुरंत कॉल करने की अपील
रायपुर13 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

रायपुर के पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में शनिवार को साइबर जागरूकता कार्यक्रम हुआ। इसमें 500 से ज्यादा विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। उपमुख्यमंत्री और गृहमंत्री विजय शर्मा ने 9 वीडियो मॉड्यूल वाले डिजिटल कोर्स ‘साइबर संकल्प’ की शुरुआत की। हर वीडियो 5 से 6 मिनट का है। इसमें साइबर ठगी के नए तरीकों और उनसे बचने के आसान उपाय बताए गए हैं।
इस कार्यक्रम में साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करने की अपील की गई। गृहमंत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि वे खुद साइबर अपराधों से बचने के साथ अपने परिवार, दोस्तों और आसपास के लोगों को भी जागरूक करें। उन्होंने साइबर जागरूकता अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने पर जोर दिया।

डिजिटल अरेस्ट में एक करोड़ से ज्यादा की ठगी, समय पर शिकायत से वापस मिली रकम
इस कार्यक्रम में साइबर ठगी के पीड़ित डॉ. सेन ने अपना अनुभव भी साझा किया। उन्होंने बताया कि वे एक करोड़ रुपए से ज्यादा की डिजिटल अरेस्ट ठगी का शिकार हुए थे। ठगी का पता चलने के बाद उन्होंने गोल्डन ऑवर में पुलिस से संपर्क किया। समय पर कार्रवाई होने से ठगी की रकम वापस मिल गई।
उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि साइबर ठगी होने पर घबराने या देर करने के बजाय तुरंत पुलिस और 1930 हेल्पलाइन से संपर्क करना जरूरी है।
9 वीडियो में साइबर अपराध और बचाव की जानकारी
‘साइबर संकल्प’ को डिजिटल सुरक्षा और साइबर जागरूकता पर तैयार किया गया है। इसमें कुल 9 वीडियो मॉड्यूल हैं। प्रत्येक वीडियो 5 से 6 मिनट का है। इन वीडियो के जरिए लोग आसान भाषा में साइबर अपराध के नए तरीकों, ऑनलाइन ठगी की पहचान और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के बारे में जानकारी ले सकेंगे।
गृहमंत्री बोले- डिजिटल लेनदेन बढ़ा, इसलिए सावधानी भी जरूरी
विद्यार्थियों से बातचीत के दौरान विजय शर्मा ने कहा कि भारत में डिजिटल लेनदेन तेजी से बढ़ा है। उन्होंने बताया कि देश में करीब 36 लाख करोड़ रुपए का डिजिटल लेनदेन हुआ है, जो दुनिया के कुल डिजिटल लेनदेन का लगभग आधा है। उन्होंने कहा कि डिजिटल सुविधा बढ़ने के साथ साइबर अपराधों से बचने के लिए जागरूक रहना भी जरूरी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताए ऑनलाइन सुरक्षा के तरीके
कार्यक्रम की शुरुआत अपर पुलिस उपायुक्त डॉ. गौरव मंडल के साइबर जागरूकता सत्र से हुई। उन्होंने साइबर अपराधों के बदलते तरीकों और उनसे बचने के व्यावहारिक उपाय बताए। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक अमित कुमार ने भी विद्यार्थियों को नए तरह के साइबर अपराधों से सावधान रहने और ऑनलाइन सुरक्षा के नियमों का पालन करने की सलाह दी।
कुलपति प्रो. सच्चिदानंद शुक्ला ने कहा कि साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में विद्यार्थियों, शिक्षकों और आम लोगों का जागरूक होना जरूरी है।
इस कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक अमित कुमार, पुलिस आयुक्त रायपुर डॉ. संजीव शुक्ला, पुलिस महानिरीक्षक तकनीकी सेवाएं प्रशांत अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले, कुलपति प्रो. सच्चिदानंद शुक्ला और कुलसचिव शैलेंद्र पटेल सहित पुलिस और विश्वविद्यालय के अधिकारी मौजूद रहे।
.