October 18, 2026

शेयर बाजार में रिकॉर्ड तेजी से चमके दिग्गज! 9 बड़ी कंपनियों का मार्केट कैप ₹3.65 लाख करोड़ बढ़ा, TCS बनी सबसे बड़ी विनर

शेयर बाजार में तेजी के माहौल के बीच, टॉप-10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से 9 का कुल मार्केट वैल्यूएशन पिछले हफ्ते 3.65 लाख करोड़ रुपए बढ़ गया. इसमें TCS, भारती एयरटेल और इंफोसिस सबसे ज्यादा फायदे में रहीं. पिछले हफ्ते, BSE का बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स 2,256.94 अंक यानी 3.11 प्रतिशत उछल गया, जबकि NSE निफ्टी में 625.7 अंक यानी 2.77 प्रतिशत की तेजी आई. भारतीय इक्विटी बाजारों में इस हफ्ते भी रिकवरी जारी रही. निफ्टी-50 और सेंसेक्स ने लगभग छह महीनों में अपना सबसे मजबूत साप्ताहिक प्रदर्शन दर्ज किया. निफ्टी-50 में करीब 2.8 प्रतिशत की तेजी आई, जबकि सेंसेक्स में लगभग 3.1 प्रतिशत की बढ़त देखी गई.

ऑनलाइन ट्रेडिंग और वेल्थ टेक फर्म ‘एनरिच मनी’ (Enrich Money) के CEO पोनमुडी आर. ने कहा कि इस तेजी का मुख्य कारण सितंबर तिमाही के अच्छे नतीजों के बाद आईटी (IT) शेयरों में आया जोरदार उछाल था. इसके अलावा, कई बड़े शेयरों (हेवीवेट स्टॉक्स) में निवेशकों की नई दिलचस्पी ने भी बाजार को सहारा दिया. रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारती एयरटेल, HDFC बैंक, ICICI बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, बजाज फाइनेंस, लाइफ इंश्योरेंस कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (LIC) और इंफोसिस के शेयरों में तेजी रही, जबकि लार्सन एंड टुब्रो (L&T) एकमात्र ऐसा शेयर रहा जिसमें गिरावट दर्ज की गई. आइए आपको भी बताते हैं कि किस कंपनी की मार्केट वैल्यू में कितना इजाफा हुआ.

इन कंपनियों की वैल्यूएशन में जबरदस्त इजाफा

  1. टॉप-10 कंपनियों में TCS का मार्केट वैल्यूएशन सबसे ज्यादा, 1,08,542.63 करोड़ रुपए बढ़कर 8,91,134.96 करोड़ रुपए हो गया.
  2. भारती एयरटेल के वैल्यूएशन में 61,406.53 करोड़ रुपए की बढ़ोतरी हुई, जिससे यह 11,88,815.45 करोड़ रुपए पर पहुंच गया.
  3. इेश की बड़ी आईटी कंपनियों में शुमार इंफोसिस का वैल्यूएशन 55,893.05 करोड़ रुपए बढ़कर 4,71,409.41 करोड़ रुपए हो गया.
  4. वहीं दूसरी ओर देश की सबसे बड़ी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज का वैल्यूएशन 53,047.56 करोड़ रुपए बढ़कर 16,37,437.19 करोड़ रुपए हो गया.
  5. देश का सबसे बड़ा प्राइवेट लेंडर HDFC बैंक का मार्केट कैपिटलाइजेशन (mcap) 32,379.05 करोड़ रुपए बढ़कर 11,22,628.07 करोड़ रुपए हो गया.
  6. देश की दूसरा सबसे बड़ा प्राइवेट लेंडर ICICI बैंक का मार्केट कैप 30,769.95 करोड़ रुपए बढ़कर 10,02,871.44 करोड़ रुपए हो गया.
  7. देश का सबसे बड़ी एनबीएफसी बजाज फाइनेंस की वैल्यूएशन 14,786.65 करोड़ रुपए बढ़कर 6,11,326.72 करोड़ रुपए हो गया.
  8. देश की सबसे बड़ी इंश्योरेंस कंपनी LIC का मार्केट कैप 4,933.5 करोड़ रुपए बढ़कर 5,02,204.82 करोड़ रुपए हो गया.
  9. देश का सबसे बड़े सरकारी लेंडर भारतीय स्टेट बैंक (SBI) का मार्केट कैप 3,323.07 करोड़ रुपए बढ़कर 8,87,722.84 करोड़ रुपए हो गया.
  10. देश की सबसे बड़ी इंफ्रा कंपनी लार्सन एंड टुब्रो (L&T) का मार्केट कैप 9,232.26 करोड़ रुपए घटकर 4,99,725.06 करोड़ रुपए रह गया.

सौरभ शर्मा

सौरभ शर्मा

2008 से शेयर मार्केट, इकोनॉमी और कमोडिटी कवर कर रहे हैं. टीवी9 के साथ जुड़ने से पहले डीएनए, ए​शियानेट, जनसत्ता, दैनिक जागरण और राजस्थान पत्रिका जैसे कई बड़े संस्थानों के साथ भी जुड़े रहे.

Read More

google button