July 31, 2026 36 बार देखा गया
यूपी और बिहार से नाबालिग लड़कियों के साथ कथित यौन हिंसा की दो गंभीर घटनाएं सामने आई हैं। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक पुलिस कांस्टेबल पर 10 साल की लड़की के साथ कथित यौन उत्पीड़न के बाद उसकी हत्या करने का आरोप है, जबकि बिहार के समस्तीपुर में 9वीं कक्षा की एक लड़की के साथ कथित सामूहिक बलात्कार का मामला दर्ज किया गया है। दोनों मामलों में पुलिस जांच जारी है।

Image Credit: Aasawari Kulkarni/Feminism In India
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में पुलिस के मुताबिक 28 जुलाई को 10 साल की लड़की अपनी बड़ी बहन को खाना देने जिला अस्पताल गई थी, जहां उसकी बहन भर्ती थी। आरोप है कि अस्पताल से लौटते समय डायल-112 में तैनात कांस्टेबल अभिषेक यादव ने लड़की को घर छोड़ने के बहाने अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाया और उसे करीब 15 किलोमीटर दूर एक श्मशान घाट के इलाके में ले गया।
#gorakhpurpolice #PoliceAction
➡️दिनांक 28.07.2026 को थाना कोतवाली क्षेत्रान्तर्गत स्थित सदर अस्पताल से एक 10 वर्षीय बालिका को एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा मोटरसाइकिल से अपने साथ ले जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। इस संबंध में थाना कोतवाली पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया… pic.twitter.com/E1QqVwFFiD
— Gorakhpur Police (@gorakhpurpolice) July 30, 2026
पुलिस का कहना है कि वहां लड़की के साथ कथित तौर पर बलात्कार की कोशिश की गई और बाद में उसकी हत्या कर शव नदी में फेंक दिया गया। 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी कांस्टेबल को गिरफ्तार कर लिया।
अस्पताल में आरोपी पर हमला
गिरफ्तारी के बाद जब आरोपी को मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, तो वहां मौजूद डॉक्टरों, नर्सों और अस्पताल कर्मचारियों ने कथित तौर पर उस पर हमला कर दिया। पुलिस ने बीच-बचाव कर आरोपी को सुरक्षित बाहर निकाला। मामले की जांच जारी है और पुलिस पोस्टमॉर्टम व अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
यूपी पुलिस के सिपाही ने 10 वर्षीय लड़की (दीपिका) के साथ बलात्कार किया और फिर उसकी हत्या करदी
ये आदमी जिसे लोग पीट रहे है उसका नाम अभिषेक यादव है, जो यूपी पुलिस में डायल 112 (PRV) का सिपाही है
10 वर्षीय दीपिका जिसकी बहन बीमार थी उसे खाना पहुंचने अस्पताल गई थी, अस्पताल से लौटते… pic.twitter.com/e1J6vmIwWj
— Syed Fizah (@syedfizah) July 30, 2026
बिहार के समस्तीपुर जिले में सामूहिक बलात्कार
वहीं बिहार के समस्तीपुर जिले के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में 9वीं कक्षा की एक नाबालिग लड़की के साथ कथित सामूहिक बलात्कार का मामला सामने आया है। यह घटना मंगलवार 27 जुलाई की बताई जा रही है। दैनिक जागरण की रिपोर्ट के अनुसार लड़की मंगलवार शाम घर से करीब 50 मीटर दूर बकरी के लिए घास लेने गई थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। तलाश के दौरान वह घायल अवस्था में मिली।
परिजनों का दावा है कि घटनास्थल से एक चिट्ठी भी मिली है, जिसमें तीन लोगों द्वारा घटना को अंजाम देने का उल्लेख किया गया है। पुलिस ने इस चिट्ठी को भी जांच का हिस्सा बनाया है।
लड़की को इलाज और मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल में इलाज शुरू होने में करीब दो घंटे की देरी हुई। घटना के समय पहने हुए खून से सने कपड़ों को पुलिस ने साक्ष्य के रूप में जब्त कर लिया है।
आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
महिला थानाध्यक्ष प्रीति भारती ने लड़की के पिता की शिकायत पर दो नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारियों का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम छापेमारी कर रही है।
एनसीआरबी के आंकड़ें
मकतूब में छपे आर्टिकल के अनुसार राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो के आंकड़ों के मुताबिक, 2017 से 2022 के बीच हिरासत में रेप के 270 से ज़्यादा मामले दर्ज किए गए। इन मामलों में आरोपी पुलिसकर्मी, बल्कि लोक सेवक, सशस्त्र बलों के सदस्य, जेलों, सुधार गृहों, हिरासत केंद्रों और अस्पतालों में काम करने वाले कर्मचारी शामिल थे। इनमे सबसे ज़्यादा मामले उत्तर प्रदेश से थे।
इन दोनों घटनाओं ने एक बार फिर महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके कासब्सक्रिप्शन लें
If you want to support our rural fearless feminist Journalism, subscribe to our premium product KL Hatke