October 16, 2026

जवाहर नवोदय विद्यालय में 9वीं और 11वीं में एडमिशन का मौका, आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी

नवोदय विद्यालय में कक्षा 9वीं और 11वीं में एडमिशन लेने की तैयारी कर रहे स्टूडेंट्स के लिए राहत की खबर है. नवोदय विद्यालय समिति (NVS) ने एकेडमिक सेशन 2027-28 के लिए लेटरल एंट्री एडमिशन टेस्ट (LEST 2027) के आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ा दी है. अब इच्छुक स्टूडेंट 22 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं. इससे पहले आवेदन की अंतिम तारीख 15 अक्टूबर थी. समिति ने दूसरी बार आवेदन की तारीख बढ़ाई है. फॉर्म में गलती सुधारने का अवसर भी दिया जाएगा. कक्षा 9वीं और 11वीं में एडमिशन के लिए चयन परीक्षा 10 अप्रैल 2027 को आयोजित की जाएगी.

22 अक्टूबर तक करें आवेदन

नवोदय विद्यालय समिति की ओर से कक्षा 9वीं और 11वीं में खाली सीटों पर एडमिशन के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है. आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं. कक्षा 9वीं के लिए यहां क्लिक करें और कक्षा 11वीं के लिए यहां क्लिक करें. आवेदन फॉर्म में करेक्शन का मौका 23 से 25 अक्टूबर 2026 तक मिलेगा. इस दौरान अभ्यर्थी अपनी कैटेगरी, जेंडर, क्षेत्र और दिव्यांगता से संबंधित जानकारी में बदलाव कर सकेंगे.

कक्षा 9वीं के लिए योग्यता

कक्षा 9वीं में आवेदन करने वाले स्टूडेंट का एकेडमिक सेशन 2026-27 में संबंधित जिले के सरकारी या मान्यता प्राप्त स्कूल में कक्षा 8वीं में पढ़ना जरूरी है. स्टूडेंट का निवास और स्कूल वाला जिला एक ही होना चाहिए. उम्मीदवार की जन्मतिथि 1 मई 2012 से 31 जुलाई 2014 के बीच होनी चाहिए. पहले ही कक्षा 8वीं पास कर चुके विद्यार्थी आवेदन नहीं कर सकते. पहले चयन परीक्षा में शामिल हो चुके अभ्यर्थी भी दोबारा परीक्षा नहीं दे सकते.

कक्षा 11वीं में एडमिशन की शर्तें

कक्षा 11वीं में आवेदन के लिए विद्यार्थी का सेशन 2026-27 में किसी सरकारी या मान्यता प्राप्त स्कूल से कक्षा 10वीं की पढ़ाई करना जरूरी है. उम्मीदवार की जन्मतिथि 1 जून 2010 से 31 जुलाई 2012 के बीच होनी चाहिए. आवेदन उसी जिले के जवाहर नवोदय विद्यालय के लिए किया जा सकता है, जहां विद्यार्थी कक्षा 10वीं में पढ़ रहा है और जिसका वह मूल निवासी है. अभ्यर्थी अधिकतम दो स्ट्रीम और प्रत्येक स्ट्रीम के लिए तीन स्कूलों का विकल्प चुन सकता है.

10 अप्रैल को होगा एंट्रेंस एग्जाम

कक्षा 9वीं और 11वीं के लिए चयन परीक्षा 10 अप्रैल 2027 को होगी. दोनों परीक्षाओं की अवधि ढाई घंटे होगी और प्रश्न बहुविकल्पीय होंगे. कक्षा 9वीं की परीक्षा में मैथ्स और जनरल साइंस से 35-35, जबकि हिंदी और अंग्रेजी से 15-15 प्रश्न पूछे जाएंगे. कक्षा 11वीं की परीक्षा में मानसिक योग्यता, अंग्रेजी, साइंस, सोशल साइंस और मैथ्स से 20-20 प्रश्न होंगे. दोनों परीक्षाओं में कुल 100 प्रश्नों के लिए 100 अंक निर्धारित हैं. परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी.

ऐसे करें ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन

अप्लाई करने के लिए नवोदय विद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा. वहां कक्षा 9वीं और 11वीं के रजिस्ट्रेशन लिंक पर क्लिक करें. इसके बाद संबंधित कक्षा का आवेदन फॉर्म खोलकर मांगी गई जानकारी भरें और जरूरी डॉक्यूमेंट अपलोड करें. फॉर्म जमा करने से पहले सभी जानकारियों की चेक कर लें. उम्मीदवारों को फोटो, स्टूडेंट और अभिभावक के सिग्नेचर, आधार संबंधी जानकारी और शैक्षणिक दस्तावेज तैयार रखने चाहिए. निवास, जन्मतिथि और लागू होने पर कैटेगरी या दिव्यांगता प्रमाणपत्र भी जरूरी हो सकते हैं. दस्तावेजों को तय फॉर्मेट और साइज में अपलोड करना होगा.

सपना यादव

सपना यादव

दिल्ली में जन्मीं सपना यादव TV9 भारतवर्ष डिजिटल में बतौर असिस्‍टेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं. पत्रकारिता जगत में 4 वर्षों से ज्‍यादा के अनुभव के साथ काम जारी है. ह्यूमन इंटरेस्ट, राजनीति, वर्ल्ड, एजुकेशन, नॉलेज, करंट अफेयर्स से जुड़ी खबरों में खास दिलचस्पी रखती हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी से BA Hons. हिस्ट्री की पढ़ाई करने के बाद उन्‍होंने पत्रकारिता को लक्ष्‍य बनाया, फिर जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा इन टीवी जर्नलिज्म किया, जामिया से ही हिस्ट्री में मास्टर्स भी किया और फिर इसके बाद गुरु जम्बेश्वर साइंस एंड टेक्नोलॉजी यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में मास्टर्स किया. मास कम्‍यूनिकेशन में पत्रकारिता की डिग्री लेने के बाद जमीनी स्तर पर खबरों के महत्व को समझा. इसके बाद उन्‍होंने बतौर ट्रेनी TV9 भारतवर्ष डिजिटल में एक साल तक काम किया. ट्रेनी के दौरान अलग-अलग तरह की खबरों का अनुभव लेने के बाद TV9 भारतवर्ष डिजिटल में असिस्‍टेंट प्रड्यूसर के पद पर काम शुरू किया. यहां पर एंकरिंग, वॉइस ओवर, वीडियो प्रोडक्शन, न्यूज राइटिंग जैसे काम किए. इस समय वह एजुकेशन डेस्क पर कार्यरत हैं और स्टूडेंट्स के लिए करियर से जुड़े विकल्पों, बोर्ड परीक्षाओं, नौकरियों और प्रतियोगी परीक्षाओं और यूनिवर्सिटीज की महत्वपूर्ण जानकारियों को कवर कर रही हैं. सपना यादव को ट्रेवल करना, लिखना- पढ़ना पसंद है और वो प्रकृति को करीब से महसूस करना ज्यादा पसंद करती हैं. पत्रकारिता में सफर अभी जारी है.

Read More

google button