September 12, 2026

9 छक्के, 11 चौके और 44 गेंदों में जीत, इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने मचाई खूब तबाही

9 छक्के, 11 चौके और 44 गेंदों में जीत, इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने मचाई खूब तबाही

विल जैक्स ने एक तूफानी पारी खेलीImage Credit source: PTI

इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच चल रही टेस्ट सीरीज में इंग्लिश बल्लेबाजों ने अपना दम दिखाया है. मगर इस टेस्ट सीरीज से अलग इंग्लैंड की एक अन्य टीम टी20 सीरीज में जुटी है, जहां उसका सामना श्रीलंका से हो रहा है. इंग्लैंड दौरे पर वनडे और टी20 सीरीज के लिए पहुंची श्रीलंका इससे पहले तैयारियों के लिए इंग्लैंड लायंस (A टीम) से टकरा रही है. इस सीरीज के पहले ही मैच में इंग्लैंड लायंस ने श्रीलंका की धज्जियां उड़ा दी. श्रीलंका से मिले 118 रन के लक्ष्य को इंग्लैंड लायंस के 3 बल्लेबाजों ने 20 बाउंड्री के दम पर 44 गेंदों में हासिल कर लिया.

चेम्सफोर्ड में खेले गए इस टी20 सीरीज के पहले मैच में श्रीलंकाई बैटिंग एकदम फ्लॉप रही. सिर्फ 49 रन तक 6 और 78 रन तक 9 विकेट गिर गए थे. पथुम निसांका, कामिल मिशारा, लाहिरु उडारा जैसे टीम के मुख्य बल्लेबाज पूरी तरह फेल रहे, जबकि कप्तान कामिंडु मेंडिस भी किसी तरह 29 रन बना सके. आठवें नंबर पर आए थरिंडु रत्नायके ने 37 गेंदों में 48 रन बनाकर किसी तरह टीम को 117 रन तक पहुंचाया.

खूब बरसे इंग्लिश बल्लेबाज

श्रीलंका के बल्लेबाज भले ही नहीं चले हों लेकिन इंग्लैंड लायंस के बल्लेबाजों ने जमकर तबाही मचाई. इंग्लैंड की सीनियर टीम का हिस्सा विल जैक्स और टॉम बैंटन ने श्रीलंकाई गेंदबाजों की अंधाधुंध धुनाई की. बैंटन ने सिर्फ 24 गेंदों में नाबाद 56 रन कूटे, जिसमें 3 छक्के और 7 चौके शामिल थे. वहीं जैक्स 12 गेंदों में 30 रन बनाकर नाबाद रहे और उन्होंने भी 3 छक्के, 1 चौका जमाया.

England Lions have just chased 118 in 7.2 overs. 🚨

How about this shot from Will Jacks to draw scores level. 🤯#ENGvSRI pic.twitter.com/BbfxdHDEPm

— Essex Cricket (@EssexCricket) September 11, 2026

डोनाल्ड ने 8 गेंदों में लूटी महफिल

मगर इन दोनों के बीच में ओपनिंग में उतरे एनेरिन डोनाल्ड ने महफिल लूटी. 29 साल के इस बल्लेबाज ने सिर्फ 8 गेंदों का सामना किया, जिसमें 3 चौके और लगातार 3 छक्के उड़ाकर श्रीलंकाई अटैक को ध्वस्त कर दिया. उन्होंने इन 8 गेंदों में 31 रन कूटे. डोनाल्ड की ये पारी इसलिए अहम और खास थी क्योंकि उन्हें टी20 सीरीज के लिए इंग्लैंड के मुख्य स्क्वॉड में भी जगह मिली है, जहां वो ओपनिंग के दावेदार हैं. इस प्रदर्शन से उन्होंने अपनी दावेदारी को मजबूती दी है.

कुल मिलाकर इंग्लैंड लायंस के 3 बल्लेबाजों ने 9 छक्के और 11 चौके जमाए और सिर्फ 7.2 ओवर यानि 44 गेंदों में लक्ष्य हासिल करते हुए 9 विकेट से जीत दर्ज की. यानि उनके 118 रन में से 98 रन सिर्फ 20 गेंदों में चौके-छक्कों की मदद से आए.

सुमित सुन्द्रियाल

सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More

google button