July 25, 2026

अपनी ही कार से घूम लिए 87 देश, 113 हैं अभी बाकी... 65 साल के द टर्बन ट्रैवलर की कहानी है बड़ी ही दिलचस्प, विदेशी बैकपैकर से मुलाकात ने बदली जिंदगी

अपनी ही कार से घूम लिए 87 देश, 113 हैं अभी बाकी... 65 साल के द टर्बन ट्रैवलर की कहानी है बड़ी ही दिलचस्प, विदेशी बैकपैकर से मुलाकात ने बदली जिंदगी

'द टर्बन ट्रैवलर' के नाम से प्रसिद्ध 65 वर्षीय अमरजीत सिंह चावला.

The Turban Traveller Story: 19 साल की उम्र में देखा सपना अगर 40 साल बाद भी दिल में ज़िंदा रहे, तो क्या कमाल होता है, यह अमरजीत सिंह चावला से समझा जा सकता है. ‘द टर्बन ट्रैवलर’ के नाम से मशहूर 65 वर्षीय व्यवसायी अमरजीत सिंह चावला ने अपनी कार से ही दुनिया नापने की ठान ली है. अब तक वे कार से 87 देश घूम चुके हैं और अब 113 और देशों में यात्रा करने की तैयारी में हैं. आगामी 28 अगस्त से वे 70 दिनों की एक और लंबी रोड ट्रिप पर निकलने वाले हैं.

दिल्ली निवासी अमरजीत सिंह चावला अपने ‘वसुधैव कुटुंबकम’ अभियान के तहत जबलपुर पहुँचे, जहाँ वे एक कार्यक्रम में शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने अपनी 45 वर्षों से अधिक पुरानी यात्रा की प्रेरणा, अब तक के अनुभवों और भविष्य की योजनाओं को साझा किया. उनकी एसयूवी (SUV) पर लगे 87 देशों के झंडे इस बात की गवाही देते हैं कि उन्होंने अपनी कार से दुनिया का एक बड़ा हिस्सा नाप लिया है.

1979 में कॉनॉट प्लेस से शुरू हुई थी रोड ट्रिप की चाह

अमरजीत चावला ने बताया कि 1979 में कॉनॉट प्लेस (दिल्ली) में एक विदेशी महिला बैकपैकर से मिलने और अन्य विदेशी यात्रियों की कहानियां सुनने के बाद उन्होंने अपने मित्र कमल जैन के साथ मोटरसाइकिल से पूरी दुनिया घूमने का सपना देखा था. उस समय उनकी उम्र मात्र 19 वर्ष थी और पारिवारिक कारणों से उन्हें अनुमति नहीं मिली. इसके बाद उन्होंने अपने इस सपने को करीब चार दशक तक अपने भीतर जिंदा रखा.

2018 में दिल्ली से लंदन की पहली ड्राइव, 200 देशों का लक्ष्य

साल 2018 में उन्हें मौका मिला और उन्होंने दिल्ली से लंदन तक अपनी पहली अंतरराष्ट्रीय सड़क यात्रा शुरू की. इसके बाद उनका यह सफर लगातार आगे बढ़ता गया. वर्ष 2026 तक वे अपनी कार से दुनिया के 87 देशों की यात्रा पूरी कर चुके हैं. अब उनका अंतिम लक्ष्य दुनिया के 200 देशों तक सड़क मार्ग से पहुंचना है.

साढ़े चार लाख किलोमीटर का सफर और नई SUV का चुनाव

अपनी गाड़ियों के बारे में बात करते हुए उन्होंने बताया कि उनके पास दो SUV रही हैं. पहली 2013 मॉडल की गाड़ी थी, जिससे उन्होंने सबसे अधिक देशों की यात्रा की. हालांकि, कई देशों में 15 वर्ष से अधिक पुरानी गाड़ियों के प्रवेश पर प्रतिबंध होने के कारण उन्होंने 2023 मॉडल की नई SUV खरीदी. अब तक उनकी गाड़ी लगभग साढ़े चार लाख किलोमीटर का सफर तय कर चुकी है.

ये भी पढ़ें: MP IAS Transfer News: मध्यप्रदेश में रातोरात चली तबादला एक्सप्रेस, 20 IAS का ट्रांसफर, 6 जिलों के बदले कलेक्टर, देखें लिस्ट

“पूरी दुनिया की भावनाएं एक जैसी”- यात्रा से मिली सबसे बड़ी सीख

अमरजीत सिंह का कहना है कि इन लंबी यात्राओं ने उन्हें सबसे बड़ी सीख यह दी कि पूरी दुनिया के लोग भावनाओं के स्तर पर एक समान हैं. भाषा, खान-पान, पहनावा और संस्कृति भले अलग हो, लेकिन इंसानी संवेदनाएँ हर जगह एक जैसी होती हैं. किसी परिवार में किसी के बीमार होने पर जितना दुख भारत के व्यक्ति को होता है, उतना ही अमेरिका, अफ्रीका या यूरोप के निवासी को भी होता है.

भारतीय नदियों का जल लेकर जाएंगे लंदन, 2027 में ईवी से वर्ल्ड टूर की तैयारी

वे अब ‘वसुधैव कुटुंबकम’ (पूरा विश्व एक परिवार है) के संदेश के साथ यात्रा कर रहे हैं. इसी उद्देश्य से वे भारत की विभिन्न नदियों का जल लेकर लंदन जाएँगे और वहाँ एक विशेष कार्यक्रम आयोजित करेंगे, जिससे भारतीय संस्कृति और वैश्विक भाईचारे का संदेश प्रसारित किया जा सके.

आगामी 28 अगस्त को वे भारत से लंदन तक 70 दिनों की नई सड़क यात्रा पर निकलेंगे. इस दौरान उनका काफिला नेपाल, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, चीन और यूरोप के कई देशों से होते हुए कुल 25 देशों को पार करके लंदन पहुचेगा. इसके बाद वर्ष 2027 के फरवरी-मार्च में वे पूरी दुनिया की यात्रा एक इलेक्ट्रिक वाहन (EV) से करने की योजना भी बना रहे हैं.

युवाओं को संदेश: “विदेश जाने से पहले अपने देश को समझें”

युवाओं को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि जीवन में मौका मिले तो सड़क मार्ग से यात्रा ज़रूर करनी चाहिए. हालांकि, विदेश जाने से पहले अपने देश को जानना और समझना ज़रूरी है. भारत में उत्तर-पूर्व से लेकर हिमालय, राजस्थान, मध्य भारत और दक्षिण भारत तक अनगिनत ऐसी जगहें हैं, जो जीवन को देखने का नज़रिया बदल सकती हैं.

ये भी पढ़ें: 60 मर्दों को छेड़ा, किए गंदे इशारे दो लैलाओं को एंटी रोमियो स्क्वाड ने सिखाया ऐसा सबक, जिंदगी भर रखेंगी याद

सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर और देश के विकास की सराहना

देश के विकास पर चर्चा करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की और सड़क बुनियादी ढांचे (Road Infrastructure) के क्षेत्र में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के योगदान को उल्लेखनीय बताया. उन्होंने कहा कि आज भारत की आधुनिक सड़कें दुनिया के कई विकसित देशों की बराबरी कर रही हैं.

लंदन यात्रा में साथ रहेंगे विशाल पांडे, रियलिटी शो की घोषणा

कार्यक्रम में मौजूद विशाल कुमार पांडे ने कहा कि यात्रा केवल घूमने का माध्यम नहीं, बल्कि सीखने का सबसे बड़ा अवसर है. उन्होंने बताया कि आगामी लंदन यात्रा में वे भी अमरजीत सिंह के साथ शामिल रहेंगे. इसके अलावा, उन्होंने फैशन और पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘द ग्लैमर रनवे’ नामक एक रियलिटी शो शुरू करने की भी जानकारी दी.

शिव चौबे

शिव चौबे

शिव चौबे को इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एक दशक का अनुभव है. शिव ने काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) से संस्कृत विषय में शिक्षा प्राप्त की, जिसके बाद उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की. उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत दैनिक अखबार से की. इसके बाद वर्ष 2019 में वे ETV भारत से बतौर संवाददाता जुड़े, जहां ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट और शिक्षा से जुड़ी उनकी कई महत्वपूर्ण रिपोर्टों ने राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा बटोरी. वर्ष 2020 में कोरोना महामारी के दौरान उन्होंने जान जोखिम में डालकर जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की और व्यवस्थाओं की कमियों को उजागर किया. उनकी रिपोर्ट्स के बाद जिला प्रशासन और प्रदेश सरकार को कई महत्वपूर्ण निर्णय लेने पड़े. वर्ष 2021 में शिव चौबे ने TV9 भारतवर्ष में जिला रिपोर्टर के रूप में नई भूमिका की शुरुआत की. इसके बाद वर्ष 2023 में वे PTI (Press Trust of India) से जुड़े. यहां उन्होंने कई महत्वपूर्ण खोजी रिपोर्टें कीं, जिनमें सिवनी जिले का चर्चित सर्पदंश घोटाला, नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय से जुड़ा गोबर घोटाला तथा स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कई घोटाले शामिल है. इसके अलावा उन्होंने CAA के दौरान लगे कर्फ्यू, बरगी क्रूज हादसे और अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं की जमीनी रिपोर्टिंग कर अपनी अलग पहचान बनाई. निष्पक्ष, जनसरोकारों से जुड़ी और खोजी पत्रकारिता के लिए शिव चौबे को विशेष रूप से जाना जाता है.

Read More

google button