छत्तीसगढ़ के रायपुर के ट्रांसपोर्ट नगर से शुरू हुआ मामूली विवाद ग्वालियर के सिरोल में जयगुरुदेव आश्रम के सामने हाईवे पर मारपीट, तोड़फोड़ और लूटपाट में बदल गया।
.
रायपुर से दिल्ली जा रहे ट्रक चालक को सिरोल बायपास पर कार और बुलेट बाइक से आए बदमाशों ने ओवरटेक कर रोका। इसके बाद ट्रक में तोड़फोड़ की और चालक व क्लीनर को बेरहमी से पीटा। आरोप है कि हमलावरों ने रायपुर से ग्वालियर तक करीब 850 किलोमीटर उसका पीछा किया।
इससे पहले मंडला में भी हमले की कोशिश की गई थी, लेकिन ट्रक चालक ने सूझबूझ से खुद को बचा लिया। 15 अक्टूबर की रात ग्वालियर हाईवे पर पहुंचते ही बदमाशों ने ओवरटेक कर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि रायपुर में बदमाशों ने ट्रक से चोरी करने की कोशिश की थी। ट्रक चालक ने इसका विरोध किया, जिसके बाद विवाद हुआ। कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर समझौता करा दिया था, लेकिन आरोपियों ने कथित तौर पर बदला लेने की ठान ली थी।

रायपुर में चोरी की कोशिश, फिर हुआ समझौता
राजस्थान के धौलपुर जिले के मनिया क्षेत्र के गांव जयेरा निवासी मेहताब सिंह गुर्जर (24) अपने भतीजे धर्मवीर सिंह के साथ ट्रक से जा रहा था। 12 अक्टूबर की रात रायपुर के ट्रांसपोर्ट नगर में ट्रक खड़ा कर दोनों सो रहे थे। इसी दौरान गणेश और प्रह्लाद चोरी की नीयत से ट्रक पर चढ़ने लगे। मेहताब ने उन्हें टोका तो विवाद हो गया। अगले दिन गणेश के ट्रक मालिक राजीव शर्मा की मध्यस्थता में मामला सुलझा लिया गया। हालांकि, ट्रक चालक ने इस घटना का वीडियो बना लिया था। समझौते के बावजूद आरोपियों के मन में बदले की भावना बनी रही।
हाईवे पर कार और बुलेट से घेरकर किया हमला
14 अक्टूबर को मेहताब और धर्मवीर रायपुर से दिल्ली के लिए रवाना हुए। मंडला पहुंचने पर उन्हें कथित हमलावर हाईवे किनारे खड़े दिखाई दिए, लेकिन मेहताब ने ट्रक नहीं रोका और वहां से निकल गया। इसके बाद भी आरोपियों ने पीछा जारी रखा।
15 अक्टूबर की रात करीब 2 बजे ग्वालियर के सिरोल थाना क्षेत्र में गणेश, प्रह्लाद, रिंकू और रनिया ने स्विफ्ट कार और काली बुलेट बाइक अड़ाकर ट्रक रुकवा लिया। गाली-गलौज के बाद आरोपियों ने दोनों को नीचे उतरने के लिए कहा। मना करने पर लाठी-डंडों से हमला कर ट्रक के सामने और साइड के शीशे तोड़ दिए।
ट्रक से नीचे खींचकर पीटा, जान से मारने की धमकी
आरोपियों ने मेहताब को खिड़की से नीचे खींच लिया और लाठी-डंडों से उसकी पिटाई शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आए उसके भतीजे धर्मवीर को भी पीटा गया। वारदात के बाद आरोपी पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।
सिरोल थाना प्रभारी कमर किशोर यादव ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी फिलहाल फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।