August 15, 2026

सेना के बेड़े में शामिल होंगे 840 खतरनाक ड्रोन, टाटा-निबे को ₹1,577 करोड़ का ऑर्डर

सेना के बेड़े में शामिल होंगे 840 खतरनाक ड्रोन, टाटा-निबे को ₹1,577 करोड़ का ऑर्डर

वन-वे अटैक ड्रोनImage Credit source: Getty Images

भारतीय सेना ने देश में बनाए गए 840 वन-वे अटैक ड्रोन खरीदने के लिए 1,577 करोड़ रुपये के अनुबंध किए हैं. ये ड्रोन 100 किलोमीटर से ज्यादा दूरी तक लक्ष्य पर हमला करने में सक्षम होंगे. टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स और निबे को यह ऑर्डर दिया गया है. सेना को ये ड्रोन अगले 12 महीनों में मिलेंगे. इनका इस्तेमाल सीमा पार दुश्मन के गहरे इलाकों में मौजूद तोपों की पोजिशन को निशाना बनाने के लिए किया जाएगा.

12 महीने में सेना को मिलेंगे 840 ड्रोन

भारतीय सेना ने घरेलू स्तर पर तैयार किए गए वन-वे अटैक ड्रोन के लिए फास्ट-ट्रैक प्रक्रिया के तहत अनुबंध किए हैं. इस प्रक्रिया के तहत कंपनियों को अनुबंध होने के छह महीने के भीतर आपूर्ति शुरू करनी होती है. यह फास्ट-ट्रैक प्रक्रिया के तहत ड्रोन का पहला बड़ा ऑर्डर है. कुल 840 लंबी दूरी के अटैक ड्रोन टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स और निबे डिफेंस से लिए जाएंगे. इनमें से 64 फीसदी ड्रोन टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स और बाकी ड्रोन निबे सप्लाई करेगी.

100 किलोमीटर से ज्यादा दूरी तक हमला

इन ड्रोन को 100 किलोमीटर से ज्यादा दूरी पर मौजूद लक्ष्यों को निशाना बनाने के लिए तैयार किया गया है. सेना इनका इस्तेमाल सीमा पार गहराई में मौजूद दुश्मन की तोपों की पोजिशन को नष्ट करने के लिए करेगी. परीक्षण और तकनीकी मूल्यांकन के बाद टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स सबसे कम बोली लगाने वाली कंपनी रही, जबकि निबे डिफेंस दूसरे स्थान पर रही. इन ड्रोन की खासियत यह भी है कि इन्हें घने जामिंग और स्पूफिंग वाले माहौल में काम करने के लिए तैयार किया गया है.

ऑपरेशन सिंदूर से मिली सीख, जामिंग में भी हुए परीक्षण

सेना के लिए खरीदे जा रहे इन कम लागत वाले ड्रोन को जामिंग और स्पूफिंग से बचाव के लिए तैयार किया गया है. इनके डिजाइन में ऑपरेशन सिंदूर से मिली सीख को भी शामिल किया गया है. इन प्रणालियों के व्यापक परीक्षण मुश्किल परिस्थितियों में किए गए, जिसमें उड़ान भरने के समय से ही जामिंग वाला माहौल भी शामिल था. वन-वे अटैक ड्रोन यानी लोइटरिंग म्यूनिशन आधुनिक युद्ध का अहम हिस्सा बनकर सामने आए हैं और रूस-यूक्रेन युद्ध के साथ-साथ पश्चिम एशिया के संघर्ष में भी इनका इस्तेमाल बड़े स्तर पर देखा गया है.

1,500 किलोमीटर से ज्यादा रेंज वाले ड्रोन भी कतार में

भारतीय सेना के लिए वन-वे अटैक ड्रोन से जुड़े कई अन्य बड़े ऑर्डर भी फिलहाल प्रक्रिया में हैं. इनमें ऐसे सिस्टम भी शामिल हैं, जो 1,500 किलोमीटर से ज्यादा दूरी तक लक्ष्य पर हमला करने में सक्षम होंगे. मौजूदा 840 ड्रोन का इस्तेमाल मुख्य रूप से सीमा पार गहराई में मौजूद दुश्मन की तोपों की पोजिशन को निशाना बनाने के लिए किया जाएगा.

ये भी पढ़ें: पीएम मोदी का Gen Z को बड़ा तोहफा, 1 करोड़ युवाओं को मिलेगी AI ट्रेनिंग और फ्री कोचिंग

विशाल मैथिल

विशाल मैथिल

भोपाल के रहने वाले हैं. कम्प्यूटर साइंस में ग्रेजुएशन और मीडिया रिसर्च में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद डिजिटल मीडिया में कदम रखा. दैनिक भास्कर से शुरुआत हुई. इसके बाद टाइम्स नाउ नवभारत और अमर उजाला जैसे संस्थान में टेक जर्नलिस्ट के दौर पर करने के बाद TV9 भारतवर्ष से जुड़े हैं. सोशल मीडिया कैंपेन को लीड करने और हिंदी मैग्जीन में भी काम करने का मौका मिला. फिलहाल टेक्नोलॉजी, सोशल मीडिया, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी और स्मार्टफोन की खबरें आप तक आसान भाषा में पहुंचाने का काम कर रहे हैं. गैजेट्स कंपेरिजन, गैजेट्स रिव्यूज और मोबाइल रिचार्ज जैसे टॉपिक्स पर भी अच्छी पकड़ रखते हैं. रिसर्च, एक्‍सप्‍लेनर, डाटा स्‍टोरी और इंफोग्राफिक्स के साथ जटिल खबरों को आसानी से कहने और टेक जगत की छोटी-बड़ी अपडेट आप तक पहुंचाने का हुनर रखते हैं. गैजेट्स के अलावा किताबों और म्यूजिक में भी खूब मन लगता है.

Read More

google button