Updated On: Aug 04, 2026 | 04:46 PM IST
विज्ञापन
सार
JPSC Protest Ranchi: JPSC परीक्षा धांधली मामले में CM हेमंत सोरेन ने छात्रों को न्याय दिलाने का भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि गड़बड़ी करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।

बच्चों को न्याय मिलेगा...JPSC परीक्षा में धांधली को लेकर चल रहे आंदोलन पर बोले CM सोरेन
विस्तार
Hemant Soren on JPSC Protest Ranchi: झारखंड में 14वीं JPSC पीटी परीक्षा को लेकर भारी विवाद चल रहा है, अब राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों स्तरों पर चर्चा का विषय बन गया है। राजधानी रांची में छात्र लगातार आंदोलन कर रहे हैं और परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराने की मांग कर रहे हैं। इस बीच राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पहली बार इस पूरे मामले पर अपनी बात रखी है।
मुख्यमंत्री सोरेन ने कहा कि सरकार छात्रों की चिंताओं से पूरी तरह अवगत है और किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। सीएम सोरेन ने भरोसा दिलाते हुए कहा कि छात्रों के प्रदर्शन पर उन्होंने कहा कि मैंने पहले भी कहा है कि सरकार की आंखें भी हैं, कान भी हैं और संवेदनशीलता भी है। उन्होंने कहा कि हम कितनी गंभीरता के साथ इस चीज को देख रहे हैं, ये मैं सीना चीरकर तो नहीं दिखा सकता और हम जिस चीज के पीछे पड़ते हैं, उसको ठीक करके ही दम लेने का हम लोगों का उद्देश्य रहा है। जिस तरह से जांच दल दिन-रात एक करके लगी हुई है, उनके जवाब का हमें इतंजार है। सीएम ने आगे कहा कि बहुत जल्द छात्रों के बीच में और राज्य के लोगों को इस विषय पर हम अवगत कराएंगे।
10 दिन से जारी है छात्रों का प्रदर्शन
JPSC पीटी परीक्षा में कथित गड़बड़ी के विरोध में रांची में छात्रों का आंदोलन लगातार 10वें दिन भी जारी रहा। प्रदर्शन कर रहे छात्र परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच और पारदर्शी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। मुख्यमंत्री सोरेन के बयान के बाद अब आंदोलनकारी छात्रों की नजर सरकार के अगले कदम पर रहेगी।
सम्बंधित ख़बरें
यह भी पढ़ें- रांची में 10वें दिन भी छात्रों का आमरण अनशन जारी, JP आंदोलन की तरह महासंग्राम का ऐलान; देखें VIDEO
विपक्ष भी लगातार उठा रहा सवाल
छात्रो के प्रदर्शन पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी भी लगातार सरकार पर हमलावर हैं। बाबूलाल ने दावा किया है कि भर्ती प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां हुई हैं और इससे लाखों युवाओं के भविष्य पर असर पड़ा है। मरांडी का आरोप है कि कुछ अधिकारियों और बिचौलियों के माध्यम से अभ्यर्थियों को नेपाल, बिहार और पश्चिम बंगाल ले जाया गया, जहां उनको संभावित सवाल याद कराए गए।
