गयाजी6 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

नगर निगम आयुक्त गगन मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाने के साथ-साथ सफाईकर्मियों के कल्याण और उनकी सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी जाएगी।
गयाजी में पिछले 8 दिनों से जारी सफाईकर्मियों की हड़ताल गुरुवार को खत्म हो गई। अब नगर निगम शहर के सभी 53 वार्ड में तीन-तीन घंटे की शिफ्ट में सफाईकर्मियों से जमा 3000 मीट्रिक टन कूड़ा का निस्तारण कराएगा।
नगर निगम आयुक्त गगन मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाने के साथ-साथ सफाईकर्मियों के कल्याण और उनकी सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी जाएगी।
नगर निगम आयुक्त ने बताया कि उन्होंने लगभग तीन सप्ताह पूर्व ही अपना पदभार ग्रहण किया था। पदभार संभालते ही हड़ताल जैसी स्थिति का सामना करना पड़ा, लेकिन इसके बावजूद निगम प्रशासन ने स्थिति को संभालने और भविष्य की योजनाओं को अमलीजामा पहनाने के लिए त्वरित कदम उठाए।
सफाईकर्मियों और श्रमिकों की ओर से प्रस्तुत 11 सूत्री मांगों के आलोक में निगम ने सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली हैं।
गयाजी शहर में लगे कूड़े के ढेर की तस्वीरें देखिए

गयाजी शहर के एक मार्केट इलाके में सड़कों पर कचरा फैला है।

शहर में लगे कूड़े के ढेर के पास से गुजर रहे लोगों को बदबू की वजह से मुंह ढंककर जाना पड़ रहा है।
10 तारीख से सुरक्षा किट और उपकरणों का वितरण
सफाईकर्मियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम आयुक्त ने घोषणा की है कि 10 तारीख से सभी कर्मियों को रेनकोट, सेफ्टी किट और अन्य आवश्यक उपकरण वितरित किए जाएंगे। इसके लिए एक कैलेंडर तैयार कर लिया गया है।
श्रमिकों के भविष्य और स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ये कदम भी उठाए जा रहे हैं… हेल्थ कार्ड: प्रत्येक सफाईकर्मी का स्वास्थ्य कार्ड बनाया जाएगा। बीमा सुविधा: सभी कर्मियों का बीमा कराया जाएगा। सुरक्षा मानक: कार्यस्थल पर हर प्रकार की सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी।

नगर निगम आयुक्त ने बताया कि हड़ताल के खत्म होने के बाद शहर को कचरा मुक्त कराने के लिए रोडमैप तैयार कर लिया गया है।
सीवरेज की सफाई के लिए AI तकनीक और मशीनों का सहारा
सीवरेज में उतरने वाले सफाईकर्मियों को होने वाले खतरों और जहरीली गैसों के दुष्प्रभाव से बचाने के लिए मानवाधिकार आयोग के निर्देशों का अनुपालन किया जा रहा है। सीवरेज की सफाई के दौरान कर्मियों को नीचे नहीं उतरना पड़े, इसके लिए AI-आधारित आधुनिक मशीनें खरीदी जा रही हैं। इसके लिए Gem पोर्टल पर टेंडर भी जारी कर दिया गया है। यह मशीन अंदर जाकर ब्लॉकेज का पता लगाएगी और सफाई में मदद करेगी।
8-8 घंटे की तीन शिफ्टों में होगा सफाई कार्य
हड़ताल समाप्त होते ही शहर को कचरा मुक्त करने का रोडमैप तैयार कर लिया गया है। आयुक्त के अनुसार, 8-8 घंटे की टीम बनाकर 24 घंटे (अहर्निश) सफाई अभियान चलाया जाएगा। अगले दो दिनों के भीतर पूरे शहर को कचरा मुक्त कर स्थिति को सामान्य कर दिया जाएगा।
बैठक के संबंध में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि मुख्य सफाई निरीक्षकों और सहायक लोक स्वच्छता अधिकारियों के साथ अहम बैठक बुलाई गई है। दोपहर बाद से ही शहर में बड़े पैमाने पर सफाई का कार्य धरातल पर दिखने लगेगा।
.