October 4, 2026

बिहार- 8 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित-27 मौतें: छपरा में SHO ने बाढ़ पीड़ितों पर तानी पिस्टल, सस्पेंड; 6 अक्टूबर से हो सकती है बारिश - Patna News

बिहार में 6 जिलों के करीब 466 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। बाढ़ से करीब 8 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। करीब 92,730 बाढ़ पीड़ितों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। राज्य में बाढ़ से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में अबतक 27 लोगों की मौत हुई है।

.

सारण में बाढ़ का सबसे ज्यादा असर है। यहां करीब 3.55 लाख लोग प्रभावित हैं। इनमें से 44 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। वहीं सारण जिले के मकेर थाना क्षेत्र से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें मकेर थाना अध्यक्ष संग्राम सिंह भीड़ पर पिस्टल तानते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद थाना अध्यक्ष को सस्पेंड कर दिया गया है।

वहीं आज यानी सोमवार को सभी 38 जिलों में मौसम उमस भरा रहेगा। दिनभर धूप निकली रहेगी। हालांकि तपिश कम रहेगी। राज्य में बारिश की गतिविधियां फिलहाल कमजोर हैं।

छपरा- मकेर थाना अध्यक्ष संग्राम सिंह ने बाढ़ पीड़ितों पर पिस्टल तान दी, राशन बांटने के दौरान हुआ विवाद।

छपरा- मकेर थाना अध्यक्ष संग्राम सिंह ने बाढ़ पीड़ितों पर पिस्टल तान दी, राशन बांटने के दौरान हुआ विवाद।

छपरा में SHO ने बाढ़ पीड़ितों पर तान दी पिस्टल

सारण जिले के मकेर थाना क्षेत्र से एक SHO का पिस्टल तानते वीडियो सामने आया है। यह वीडियो शनिवार का बताया जा रहा है और रेवा घाट का है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, रेवा घाट पर गंडक नदी के बांध पर बाढ़ पीड़ितों के बीच राशन बांटा जा रहा था। राशन लेने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण जुटे थे। इसी दौरान वहां हंगामा होने लगा।

स्थिति बिगड़ने की सूचना पर थाना अध्यक्ष संग्राम सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को शांत कराने की कोशिश की। भीड़ अनियंत्रित होने लगी तो थाना अध्यक्ष खुद राशन से लदी पिकअप गाड़ी पर चढ़कर लोगों को समझाने लगे।

वीडियो में थाना अध्यक्ष पिकअप पर खड़े दिखाई दे रहे हैं। नीचे काफी संख्या में बाढ़ पीड़ित ग्रामीण मौजूद हैं। इसी दौरान बहस के बीच थाना अध्यक्ष अचानक अपनी सर्विस पिस्टल निकालकर सामने की ओर तान दी। हथियार निकलते ही लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

राशन बांटने के दौरान ग्रामीणों की भारी भीड़ रही।

राशन बांटने के दौरान ग्रामीणों की भारी भीड़ रही।

6 अक्टूबर से बदलेगा मौसम

6 अक्टूबर से राज्य के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। कुछ जिलों में बादल छाने के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 5 दिनों में राज्य के अधिकतर हिस्सों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच कोई विशेष बदलाव होने की संभावना नहीं है।

अब बाढ़ से जुड़ी कुछ तस्वीरें…

मुंगेर में गंगा के पानी में डूबा पड़ा हवेली खड़गपुर का कृष्ण नगर गांव।

मुंगेर में गंगा के पानी में डूबा पड़ा हवेली खड़गपुर का कृष्ण नगर गांव।

खगड़िया- गंगा के जलस्तर में फिर से हो रही बढ़ोतरी के कारण बाढ़ का पानी सड़क के ऊपर आ गया है।

खगड़िया- गंगा के जलस्तर में फिर से हो रही बढ़ोतरी के कारण बाढ़ का पानी सड़क के ऊपर आ गया है।

बेतिया में बाढ़ के पानी के दबाव के कारण मुख्य सड़क टूट गया था।

बेतिया में बाढ़ के पानी के दबाव के कारण मुख्य सड़क टूट गया था।

सुपौल से होकर गुजर रही मानसून वापसी की रेखा

दक्षिण-पश्चिम मानसून अब बिहार से भी धीरे-धीरे विदा हो रहा है। इसकी वापसी की रेखा बिहार के सुपौल से होकर गुजर रही है। इसका सीधा असर बारिश की गतिविधियों पर दिख रहा है। मानसून कमजोर होने के कारण राज्य में लगातार बारिश का दौर फिलहाल थम गया है। आने वाले दिनों में भी ज्यादातर जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, मानसून की विदाई पूरी तरह होने तक स्थानीय स्तर पर बादल और हल्की बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं।

उत्तर-पूर्व बिहार में बन रही बारिश की संभावना

समुद्र तल से करीब 0.9km ऊपर उत्तर-पूर्व बिहार से पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक एक ट्रफ बनी हुई है। यह झारखंड और गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल से होकर गुजर रही है। इसके प्रभाव से उत्तर-पूर्व बिहार के कुछ हिस्सों में बादल बन सकते हैं और कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।

इसका असर खासकर कोसी और सीमांचल के जिलों में देखने को मिल सकता है। हालांकि, बारिश बहुत ज्यादा होने की संभावना नहीं है।

दक्षिण बिहार में भी ऊपरी हवा का असर

समुद्र तल से करीब 5.8km ऊपर दक्षिण बिहार से विदर्भ तक एक ट्रफ बनी हुई है। यह पूर्वी मध्य प्रदेश से होकर गुजर रही है। इस कारण वातावरण में कुछ नमी बनी हुई है। इसी वजह से कुछ जगहों पर बादल बनने की संभावना बनी रह सकती है।

वहीं, उत्तर-पूर्व असम और आसपास बना ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण कमजोर पड़ गया है। उत्तर बांग्लादेश से ओडिशा तक बनी ट्रफ भी कमजोर हो गई है। इससे बिहार में बारिश कराने वाली मौसमी गतिविधियों को ज्यादा मजबूती नहीं मिल रही है।

पटना में आज कैसा रहेगा मौसम

पटना में आज दिनभर धूप निकलने की संभावना है। इस दौरान गर्मी के साथ उमस लोगों को परेशान कर सकती है। आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। बारिश की संभावना कम है। आने वाले कुछ दिनों में भी पटना में मौसम गर्म और उमस भरा रह सकता है। 6 अक्टूबर के आसपास बादल बनने और हल्की बारिश की संभावना बन सकती है।

अगले हफ्ते से धीरे-धीरे बदलेगा मौसम

आने वाले सप्ताह में बिहार में मानसून की वापसी का दौर आगे बढ़ेगा। इससे बारिश की गतिविधियां धीरे-धीरे कम होंगी। हालांकि, ट्रफ और स्थानीय मौसमी परिस्थितियों के कारण उत्तर-पूर्व बिहार में छिटपुट हल्की बारिश हो सकती है।

अगले कुछ दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद मानसून की विदाई पूरी होने के साथ सुबह-शाम हल्की ठंड का अहसास धीरे-धीरे बढ़ना शुरू हो सकता है।