August 15, 2026

चमोली टनल हादसा: एक और श्रमिक का मिला शव, 8 की मौत... दो अभी भी लापता

Chamoli Tunnel Accident: चमोली मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में 13 अगस्त को हुए हादसे के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार युद्धस्तर पर जारी है. शनिवार को एक और श्रमिक का शव टनल से बाहर निकाला गया. इसके साथ ही हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 8 हो गई है. अब तक 14 श्रमिकों को सुरक्षित टनल से बाहर निकाला जा चुका है, जबकि दो श्रमिक अभी भी लापता हैं. लापता श्रमिकों की तलाश के लिए टनल के भीतर लगातार सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.

रेस्क्यू अभियान के दौरान आज देवनाथ पुत्र धनसुराम बघेल, निवासी दहीकोंगा, छत्तीसगढ़ को टनल से बाहर निकाला गया. उन्हें तत्काल जिला चिकित्सालय गोपेश्वर भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. टनल में जमा पानी की निकासी भी लगातार की जा रही है. इसके लिए सक्शन पंप सहित अन्य उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा है, ताकि जलस्तर कम होने के बाद रेस्क्यू टीमों की आवाजाही सुगम हो सके और लापता श्रमिकों तक पहुंच बनाई जा सके.

लापता मजदूरों की तलाश जारी

जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और संबंधित विभागों की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं. मौके पर उपलब्ध संसाधनों और उपकरणों के जरिए अभियान को और तेज करने की कोशिश की जा रही है. वहीं, प्रशासन ने लापता दोनों श्रमिकों की तलाश को प्राथमिकता देते हुए सभी संभावित स्थानों पर खोज अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं.

दरअसल, चमोली पीपलकोटी टनल हादसे के बाद से अभी तक रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है. हादसे में अब तक आठ मजदूरों की मौत हो चुकी है. जान गंवाने वाले मजदूरों में उत्तर प्रदेश के तीन, उत्तराखंड के दो और छत्तीसगढ़ के 3 मजदूर शामिल हैं.

एक और मजदूर का शव मिला

वहीं, 12 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है. इनमें 11 मजदूरों का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि एक मजदूर को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है. 2 मजदूर अभी भी लापता हैं जिनकी तलाश जारी है. पीपलकोटी चौकी इंचार्ज लक्ष्मीकांत बिजलवाण ने बताया कि टनल हादसे में लापता तीन मजदूरें में से एक मजदूर का शव आज बरामद कर लिया गया है. मृतक की पहचान देवनाथ पुत्र धनसु राम बघेल, निवासी ग्राम दहीगोंडा, पोस्ट ऑफिस दहीगोंडा, छत्तीसगढ़ के रूप में हुई है.

पूरन भिलंगवाल

पूरन भिलंगवाल

वरिष्ठ पत्रकार पूरन भिलंगवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में 15 वर्षों से अधिक का अनुभव है. उन्होंने सामाजिक, राजनीतिक, प्रशासनिक, न्यायिक तथा जनहित से जुड़े विषयों पर निष्पक्ष, तथ्यपरक और जिम्मेदार पत्रकारिता के माध्यम से अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है. राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जोशीमठ (जिला चमोली) के छात्रसंघ अध्यक्ष रह चुके पूरन 15 वर्षों से अधिक समय से समाचार पत्रों में लेखन एवं रिपोर्टिंग का काम कर रहे हैं. उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है. वर्तमान में वे चमोली से TV9 भारतवर्ष के संवादाता के रूप में जुड़े हुए हैं. पूर्व में वो एडीसी (सिविल) के सरकारी अधिवक्ता के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. इससे उन्हें न्यायिक व्यवस्था, विधिक प्रक्रियाओं और प्रशासनिक विषयों की गहन समझ है. उन्होंने "पहाड़ Inside" नाम से अपना स्वतंत्र न्यूज़ पोर्टल भी संचालित किया, जिसने क्षेत्रीय और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया. लगभग दो वर्ष पूर्व अपरिहार्य कारणों से इसका संचालन बंद कर दिया गया, किंतु स्वतंत्र एवं जनपक्षीय पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता आज भी बनी हुई है.

Read More

google button