
ग्रेटर फरीदाबाद से जुड़ेगा गुरुग्राम
Faridabad Elevated Road Project: स्मार्ट सिटीग्रेटर फरीदाबाद को गुरुग्राम से जोड़ने के लिए लगभग सात किलोमीटर का लंबा डबल डेकर एलिवेटेड रोड बनाया जाएगा. ईस्ट-वेस्ट प्रोजेक्ट के एक रूट का अगले हफ्ते टेंडर जारी हो सकता है. अभी स्मार्ट सिटी के पूर्वी क्षेत्र ग्रेटर फरीदाबाद को एनआईटी इलाके के सैनिक कॉलोनी के छोर से जोड़ने के लिए अभी कोई सीधी सड़क नहीं है. नेशनल हाईवे और रेलवे लाइन इसकी वजह है.
इस वजह से एनआईटी और सेक्टर 12 सहित फरीदाबाद इलाका तीन हिस्सों में अलग-अलग बंटा है. एनआईटी इलाके के लोग अभी नीलम, बाटा रेलवे ओवरब्रिज को पार करके सेक्टर 12 या ओल्ड फरीदाबाद जाते हैं. शहर के निवासियों को जाम से राहत दिलाने के लिए ईस्ट-वेस्ट प्रोजेक्ट जल्दी शुरू हो सकता है. डबल डेकर एलिवेटेड रोड बनने के बाद इसके नीचे गाड़ियां चलेंगी और ऊपर नमो भारत रेल दौड़ेगी.
मुख्यमंत्री ने दिए ये आदेश
पूर्वी-पश्चिमी शहर की कनेक्टिविटी के लिए एलिवेटेड पुल सैनिक कॉलोनी से होते हुए दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा. वहीं एनसीआर के कई शहरों में यात्रा और सुगम हो सके, इसके लिए नमो भारत रैपिड रेल परियोजना बनाई गई है. बताया जा रहा है कि पिछले दिनों प्राधीकरण की बैठक हुई थी. जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आदेश दिए हैं कि इस परियोजना का काम जल्द शुरू किया जाए.
रैपिड रेल परियोजना भी शुरू होने की उम्मीद
उम्मीद जताई जा रही है कि रैपिड रेल परियोजना भी इस साल शुरू हो सकती है. इसके लिए भी सरकार गंभीर है. अधिकारियों के अनुसार, दोनों परियोजनाएं सिंगल पिलर पर होंगी. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण के चीफ इंजीनियर प्रवीण चौधरी ने कहा कि एक रूट पर प्रस्तावित दो परियोजनाओं के लिए चुनौती है.
उन्होंने कहा कि इसको लेकर पिछले दिनों हुई बैठक में चर्चा की गई. इसके तहत हनुमान मंदिर से बाटा चौक तक एक ही पिलर पर दो प्लाईओवर बनाने का काम किया जाएगा.
ये भी पढ़ें: 5 लाख की रिश्वत लेते CID इंस्पेक्टर गिरफ्तार कुरुक्षेत्र में एसीबी की कार्रवाई से हड़कंंप

वरुण कुमार
वरुण कुमार पिछले पांच वर्षों से पत्रकारिता जगत का हिस्सा हैं. साल 2021 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद प्रभासाक्षी न्यूज वेबसाइट से पत्रकारिता की शुरुआत की और फिर एबीपी न्यूज का हिस्सा बने. अब TV9 डिजिटल की धर्म टीम के साथ काम कर रहे हैं.
Read More